
देशभर में रक्षाबंधन का प्योहार 28 अगस्त को मनाया जाएगा। रक्षाबंधन पर भाई को ऐसा गिफ्ट देना चाहती हैं, जो उसे सच में पसंद आए, तो उसकी पसंद और हॉबी को ध्यान में जरूर रखें। 11 से 15 साल की उम्र में बच्चों की पसंद तेजी से बदलती है। उन्हें सिंपल टॉय के बजाय आप ऐसे गिफ्ट दें, तो वो हमेशा याद रखें। अगर भाई को गेमिंग, स्पोर्ट्स, म्यूजिक, गैजेट्स या फैशन पसंद है, तो उसी से जुड़ा गिफ्ट उसके लिए खास हो सकता है। पढ़ाई, फोटोग्राफी या किसी खास हुनर में रुचि रखने वाले भाई को उसकी पसंद से जुड़ा पर्सनलाइज्ड गिफ्ट दिया जा सकता है। यहां 11 से 15 साल के भाई के लिए 10 ऐसे अनोखे रक्षाबंधन गिफ्ट आइडिया हैं, जिन्हें आप उसकी पसंद के अनुसार चुन सकती हैं।
अगर भाई गेमिंग का शौकीन है, तो उसके लिए पूरा गेमिंग सेटअप खरीदना जरूरी नहीं है। आप एक छोटा सा पर्सनलाइज्ड गेमिंग डेस्क किट तैयार कर सकती हैं। इसमें उसकी पसंद का माउसपैड, नाम वाला डेस्क नेमप्लेट और छोटा एलईडी साइन शामिल किया जा सकता है। अगर वह किसी खास गेम का फैन है, तो उसी थीम के स्टिकर्स या डेस्क एक्सेसरीज भी जोड़ी जा सकती हैं। इस गिफ्ट की खास बात यह है कि कम बजट में भी भाई की अपनी छोटी-सी गेमिंग स्पेस तैयार हो जाएगी।
यह थोड़ा अलग और मजेदार आइडिया है। एक कस्टम बॉक्स तैयार करें, जिसमें भाई-बहन के लिए 20 ऑफलाइन चैलेंज हों। जैसे- कौन जल्दी ड्रॉइंग बनाएगा, एक-दूसरे की मिमिक्री करना, बिना बोले कोई फिल्म समझाना या 5 मिनट में कोई नया गेम बनाना। इसका मकसद फोन छीनना नहीं, बल्कि कुछ समय के लिए दोनों को साथ बैठकर मस्ती करने का मौका देना है। रक्षाबंधन के दिन यह गिफ्ट एक एक्टिविटी की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
अगर आपका भाई क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन या किसी दूसरे खेल का शौकीन है, तो उसकी सफलता को एक खास स्पोर्ट्स अचीवमेंट फ्रेम में बदल दें। उसकी कोई अच्छी खेल वाली फोटो, टीम का नाम, तारीख और उसकी अचीवमेंट फ्रेम में शामिल की जा सकती है। अगर उसने कोई मेडल या सर्टिफिकेट जीता है, तो उसकी फोटो भी लगाई जा सकती है। यह गिफ्ट उसे सिर्फ रक्षाबंधन पर ही नहीं, बल्कि आगे भी अपनी मेहनत याद दिलाता रहेगा।
अगर भाई को स्नीकर्स का शौक है और वह अपने जूतों को लेकर काफी कॉन्शियस रहता है, तो कस्टम स्नीकर क्लीनिंग किट अच्छा विकल्प हो सकता है। इसमें स्नीकर क्लीनिंग ब्रश, क्लीनिंग क्लॉथ और उपयुक्त क्लीनिंग सॉल्यूशन के साथ एक छोटा पाउच रखा जा सकता है। पाउच पर उसका नाम या निकनेम लिखवाकर इसे पर्सनलाइज्ड टच दिया जा सकता है। यह गिफ्ट काम का भी है और उसकी पसंद से जुड़ा भी।
अगर भाई हर समय हेडफोन्स लगाए रहता है और म्यूजिक सुनना पसंद करता है, तो उसके लिए म्यूजिक डिस्कवरी बॉक्स तैयार करें। इसमें हेडफोन्स केस, उसकी पसंद के आर्टिस्ट से जुड़े छोटे रेफरेंसेज, एक प्लेलिस्ट कार्ड और बहन का हैंडरिटन नोट रखा जा सकता है। आप चाहें तो एक क्यूआर कोड बनाकर उसमें उसकी पसंद के गानों की एक खास प्लेलिस्ट भी ऐड कर सकती हैं। इस तरह सिंपल सा गिफ्ट एक पर्सनल म्यूजिक एक्सपीरियंस बन जाएगा।
11 से 15 साल की उम्र में पढ़ाई का प्रेशर भी बढ़ने लगता है। इसलिए पढ़ाई को थोड़ा रोचक बनाने के लिए स्टडी सर्वाइवल किट तैयार किया जा सकता है। इसमें हाइलाइटर्स, स्टिकी नोट्स, छोटा प्लानर, मोटिवेशनल कार्ड्स और उसके पसंदीदा स्नैक्स रखे जा सकते हैं। प्लानर के पहले पन्ने पर बहन एक छोटा सा मैसेज लिख सकती है- “पढ़ाई के बीच परेशान हो तो यह याद रखना कि तुम्हारी बहन हमेशा तुम्हारे साथ है।”
यह सबसे आसान और मजेदार गिफ्ट आइडिया में से एक है। भाई की पसंद के 8-10 स्नैक्स इकट्ठा करें और उन्हें एक कस्टम बॉक्स में रखें। बॉक्स के ऊपर लिखें- “डू नॉट टच- राखी स्पेशल”। चॉकलेट, चिप्स, कुकीज, कैंडीज या उसके पसंदीदा दूसरे स्नैक्स इसमें शामिल किए जा सकते हैं। चाहें तो हर स्नैक के साथ एक छोटी मजेदार पर्ची भी लगा दें। यह गिफ्ट खासकर उन भाइयों के लिए परफेक्ट है, जिन्हें खाने-पीने की चीजें बहुत पसंद हैं।
अगर भाई मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने का शौकीन है, तो उसके लिए मिनी स्मार्टफोन फोटोग्राफी किट तैयार की जा सकती है। इसमें छोटा ट्राइपॉड और उम्र के हिसाब से सुरक्षित स्मार्टफोन फोटोग्राफी एक्सेसरीज शामिल की जा सकती हैं। इसके साथ बहन एक छोटा “फोटो चैलेंज कार्ड” भी दे सकती है। जैसे- “आज 5 सबसे अच्छी तस्वीरें खींचो” या “घर में सबसे इंटरेस्टिंग चीज की फोटो लो।” इससे उसका शौक एक क्रिएटिव एक्टिविटी में बदल सकता है।
11 से 15 साल की उम्र में बच्चे अपने फ्यूचर को लेकर अलग-अलग सपने देखने लगते हैं। कोई कोडर बनना चाहता है, कोई फोटोग्राफर, कोई खिलाड़ी और कोई डिजाइनर। भाई की रुचि देखकर एक फ्यूचर करियर स्टार्टर बॉक्स तैयार करें। कोडिंग पसंद है तो शुरुआती कोडिंग रिसोर्सेज, फोटोग्राफी पसंद है तो फोटोग्राफी एक्सेसरीज और स्पोर्ट्स पसंद है तो उससे जुड़े यूजफुल आइटम इसमें रखे जा सकते हैं। इससे भाई को यह एहसास भी होगा कि उसकी बहन उसके सपनों को सीरियसली लेती है।
अगर आप सबसे ज्यादा इमोशनल और पर्सनलाइज्ड गिफ्ट देना चाहती हैं, तो 100 रीजन यू आर ऑसम कार्ड्स बनाएं। 100 छोटे कार्ड्स पर भाई के बारे में एक-एक अच्छी बात लिखें। जैसे- “तुम बहुत अच्छे लिस्नर हो”, “तुम मुझे हमेशा हंसाते हो”, “तुम्हारी मेहनत मुझे पसंद है” या “तुम मेरे सबसे अच्छे दोस्त हो।” वह रोज एक कार्ड पढ़ सकता है या जब भी उसका मन खराब हो, एक कार्ड निकाल सकता है। यह गिफ्ट महंगा नहीं है, लेकिन शायद इन 10 गिफ्ट में सबसे ज्यादा पर्सनल और यादगार साबित हो।
और पढ़ें: Raksha Bandhan Gifts: हर साल वही खिलौने क्यों? राखी पर छोटे भाई को दें ये 10 गिफ्ट
Lifestyle articles & tips in Hindi (लाइफ स्टाइल न्यूज़): Read latest lifestyle articles, Relationship tips, Health & beauty tips, Travel news in Hindi online at Asianet News Hindi.