
Care Cotton Clothes: गर्मियों का मौसम शुरू हो चुका है। इस उमस भरे मौसम में लोगों के खान-पान की आदतों के साथ-साथ उनके कपड़े भी बदल जाते हैं। गर्मियों में पसीने और उमस के कारण ज़्यादातर लोग ऐसे कपड़े पहनते हैं जो उन्हें गर्मी से बचाते हैं और पसीना भी सोख लेते हैं। ऐसे कपड़ों के लिए सूती कपड़े को सबसे ज़्यादा पसंद किया जाता है। सूती कपड़ा एक ऐसा कपड़ा है जिसे गर्मियों में पहनने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है। इसके भी कई प्रकार होते हैं। जैसे लिनेन कॉटन, प्योर कॉटन, मसलिन कॉटन और मद्रास कॉटन।
जब भी आप नया कॉटन कपड़ा खरीदें तो उसे पहनने से पहले धोना बहुत जरूरी होता है क्योंकि फैक्टरी में उस पर कई तरह के केमिकल लगाए जाते हैं जो त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। साथ ही, पहली बार रंगीन कपड़े धोने से पहले ठंडे पानी में एक चम्मच नमक या आधा कप सफेद सिरका डालकर 15-30 मिनट तक भिगो दें। इस प्रक्रिया से कपड़े का रंग लॉक हो जाता है और आगे कभी भी रंग फीका नहीं पड़ेगा।
अगर आप चाहते हैं कि आपके सूती कपड़े अपना रंग न खोएँ, तो हमेशा सही तापमान का पानी इस्तेमाल करें। इसके लिए ठंडे पानी का ही इस्तेमाल करें। गर्म पानी सूती रेशों को कमज़ोर कर देता है और कपड़े सिकुड़ सकते हैं या उनका रंग भी फीका पड़ सकता है।
सूती कपड़े बहुत नाज़ुक होते हैं। कठोर रासायनिक डिटर्जेंट से रंग जल्दी फीका पड़ सकता है। इसलिए माइल्ड, लिक्विड या हर्बल डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें। अगर आप हाथ से धो रहे हैं, तो पहले डिटर्जेंट को पानी में अच्छी तरह घोल लें और फिर कपड़े डालें।
कपड़ों को अलग-अलग रंगों के हिसाब से छाँट लें। जैसे, गहरे और हल्के रंगों को एक साथ न धोएँ। सूती कपड़ों को ज़्यादा ज़ोर से न रगड़ें, इससे रेशे कमज़ोर हो सकते हैं। अगर दाग हैं, तो पहले दाग वाले हिस्से को हल्के से धोएँ, फिर पूरे कपड़े को धोएँ। अगर आप मशीन से धो रहे हैं, तो जेंटल मोड या डेलिकेट साइकिल का इस्तेमाल करें।
कपड़ों को सीधे धूप में न सुखाएँ। इससे रंग फीका पड़ सकता है। कपड़ों को उल्टा करके (अंदर से बाहर करके) छाया में सुखाएँ। हो सके तो कपड़ों को लटकाने की बजाय सीधा करके सुखाएं ताकि उनका आकार खराब न हो। सूखने के बाद कपड़ों को क्लिप लगाकर ज्यादा देर तक न लटकाएं, वरना किनारे खिंच सकते हैं।