उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के दारागंज इलाके में हाल ही में एक ऐसी घटना हुई है, जो किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दूसरी औरतों के चक्कर में पड़े एक पति को उसकी अपनी ही पत्नी ने ऐसे जाल में फंसाया कि वो सीधा पुलिस की गिरफ्त में पहुंच गया। ये अनोखा मामला सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है।
नवाबगंज की रहने वाली सोनी त्रिपाठी की शादी करीब 9 साल पहले प्रतापगढ़ के किसुनदासपुर गांव के रहने वाले प्रभुदत्त त्रिपाठी उर्फ राजा से हुई थी। लेकिन उनकी शादीशुदा जिंदगी शुरू से ही ठीक नहीं चल रही थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद पति प्रभुदत्त ने बिना किसी वजह के झगड़ा करके अपनी पत्नी को घर से निकाल दिया। पिछले 5 सालों से सोनी अपनी एक साल की बेटी के साथ बड़ी मुश्किल से अपने मायके में रह रही थी। इस लंबे समय में पति ने एक बार भी उसकी या अपनी बच्ची की कोई खोज-खबर नहीं ली।
अपने पति को सबक सिखाने के लिए सोनी ने एक मास्टर प्लान बनाया। उसने इंस्टाग्राम पर अपनी पहचान छिपाकर एक नई आईडी बनाई और अपने पति को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। प्रभुदत्त अपनी पत्नी को पहचान नहीं पाया और उसे कोई खूबसूरत लड़की समझकर दिन-रात चैटिंग करने लगा। दोनों के बीच कई दिनों तक प्यार भरी बातें चलती रहीं। अपनी असली जिंदगी से बेपरवाह पति उस अनजान लड़की से मिलने के लिए बेचैन हो गया।
पति की जिद पर 2 मई को दारागंज के नागवासुकी मंदिर में मिलने का समय तय हुआ। प्रभुदत्त अपनी नई 'गर्लफ्रेंड' से मिलने की खुशी में झूमता हुआ मंदिर पहुंचा। लेकिन वहां अपनी पत्नी सोनी को मुस्कुराते हुए खड़ा देखकर उसके होश उड़ गए। जैसे ही उसे समझ आया कि वो अपनी ही पत्नी के जाल में फंस चुका है और उसकी सारी पोल खुल गई है, उसने मंदिर में ही हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस में की गई शिकायत के मुताबिक, उसने गुस्से में सोनी के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।
मंदिर परिसर में हंगामा बढ़ता देख लोग इकट्ठा हो गए और सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मारपीट कर रहे प्रभुदत्त को हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। सोनी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पति को सबक सिखाने के लिए पत्नी सोनी का यह 'ऑपरेशन इंस्टाग्राम' अब पूरे उत्तर प्रदेश और देश भर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Relationship Tips in Hindi: Read relationship news (रिलेशनशिप न्यूज़) in Hindi. Get relationship advice, relationship articles, relationship problems advice and issues for men and women at Asianet News Hindi.