
Henley Passport Index 2025: दुनिया के सबसे ताकतवर पासपोर्ट की लिस्ट में भारत ने लंबी छलांग लगाई है। हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2025 में भारत 85वें नंबर से 77वीं पायदान पर आ गया है। रैंकिंग में सुधार का सीधा मतलब है कि अब भारतीय नागरिक बिना वीजा या वीजा ऑन अराइवल के साथ 59 देशों की यात्रा कर सकेंगे। बता दें कि भारत की रैंकिंग में ये बदलाव पिछले 6 महीनों में आया है।
हेनले पासपोर्ट इंडेक्स 2025 में भारत की सुधरती रैंकिंग इस बात की ओर इशारा करती है कि ग्लोबल मंच पर दुनिया हमारी ताकत को स्वीकार कर रही है। साथ ही भारतीय पासपोर्ट का दबदबा भी बढ़ रहा है।
दुनिया के सबसे ताकतवर पासपोर्ट के मामले में सिंगापुर अव्वल है। यहां के नागरिक बिना वीजा के 193 देशों की यात्रा कर सकते हैं। इसके बाद जापान और दक्षिण कोरिया का नंबर है, जहां के लोग 190 देशों में बिना वीजा के जा सकते हैं।
भारतीय पासपोर्ट के बारे में सबकुछ: आवेदन से जारी होने तक, जानें पूरी प्रक्रिया
भारतीय नागरिक अब जिन 59 देशों में बिना वीजा के जा सकते हैं, उनमें मालदीव, फिजी, जमैका, ग्रेनेडा, डोमिनिका, हैती, वानुआतु, मोंटसेराट, कंबोडिया, सेशेल्स, केन्या, रवांडा, तंजानिया और बारबाडोस जैसे कई देश शामिल हैं।
दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका की रैंकिंग में गिरावट आई है। US 10वें स्थान पर है, यानी अब इसके टॉप-10 से बाहर होने का खतरा भी बढ़ गया है। अमेरिका के लोग केवल 182 देशों में बिना वीजा के यात्रा कर सकते हैं। वहीं, ब्रिटेन भी अब छठे स्थान पर पहुंच गया है। पिछले 10 साल में जहां कई देशों की पासपोर्ट रैंकिंग में सुधार हुआ है, वहीं 16 देश ऐसे है, जिनकी रैंकिंग डाउन हुई है। रैंकिंग में सबसे ज्यादा नुकसान वेनेजुएला को हुआ है, जो 15 पायदान गिरकर 30वें नंबर से सीधे 45वीं पोजिशन पर पहुंच गया।
| देश | रैंकिंग | बिना वीजा कितने देशों की यात्रा कर सकते हैं |
| सिंगापुर | 1 | 193 |
| जापान, साउथ कोरिया | 2 | 190 |
| डेनमार्क, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, आयरलैंड, इटली, स्पेन | 3 | 189 |
| ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, लक्जमबर्ग, नीदरलैंड्स, नार्वे, पुर्तगाल, स्वीडन | 4 | 188 |
| ग्रीस, न्यूजीलैंड, स्विट्जरलैंड | 5 | 187 |
| यूनाइटेड किंगडम | 6 | 186 |
| ऑस्ट्रेलिया, चेक रिपब्लिक, हंगरी, माल्टा, पोलैंड | 7 | 185 |
| कनाडा, एस्टोनिया, संयुक्त अरब अमीरात | 8 | 184 |
| क्रोएशिया, लात्विया, स्लोवाकिया, स्लोवेनिया | 9 | 183 |
| आइसलैंड, लिथुआनिया, अमेरिका | 10 | 182 |
दुनिया का सबसे कमजोर पासपोर्ट अफगानिस्तान का है। इसकी रैंकिंग 99वीं है। यहां के नागरिक सिर्फ 25 देशों में वीजा फ्री यात्रा कर सकते हैं। वहीं, सीरिया 98वें, ईराक 97वें, यमन, सोमालिया और पाकिस्तान 96वें नंबर पर हैं। पाकिस्तानी नागरिक सिर्फ दुनिया के 32 देशों में ही वीजा फ्री यात्रा कर सकते हैं।