
Nepal Hill Stations for Bihar People: गर्मियों के मौसम में बिहार के कई शहरों में तापमान काफी बढ़ जाता है, जिससे लोग कुछ दिनों की ठंडी और सुकूनभरी जगह की तलाश करने लगते हैं। अगर आप लंबी दूरी तय किए बिना पहाड़ों, हरियाली और ठंडी हवाओं का आनंद लेना चाहते हैं, तो नेपाल आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकता है। बिहार से नेपाल की दूरी कम होने की वजह से यहां सड़क मार्ग और ट्रेन के जरिए आसानी से पहुंचा जा सकता है। यहां मौजूद खूबसूरत हिल स्टेशन और वादियां गर्मी से राहत देने के साथ यादगार छुट्टियां भी देती हैं।
नेपाल का पोखरा गर्मियों की छुट्टियों के लिए सबसे पसंदीदा जगहों में गिना जाता है। यहां की ठंडी हवा, झीलें और पहाड़ पर्यटकों को अपनी ओर खींचते हैं। सुबह के समय पहाड़ों पर पड़ती सूरज की किरणें बेहद खूबसूरत दृश्य बनाती हैं। पोखरा में आप बोटिंग, पैराग्लाइडिंग और प्राकृतिक नजारों का आनंद ले सकते हैं। बिहार से आने वाले यात्रियों के लिए यह जगह ज्यादा दूर भी नहीं पड़ती।
इसे भी पढ़ें- Susegad Lifestyle: बड़े शहर छोड़कर गोवा क्यों जा रहे हैं युवा? 'सुशेगाद' में ऐसा क्या है खास?
अगर आप ऐसी जगह जाना चाहते हैं जहां बादल आपके आसपास नजर आएं, तो नागरकोट एक शानदार विकल्प है। यहां का सूर्योदय देखने के लिए दूर-दूर से पर्यटक पहुंचते हैं। सुबह की ठंडी हवाएं और पहाड़ी दृश्य गर्मी का एहसास कम कर देते हैं। परिवार, कपल्स और नेचर लवर्स के लिए यह जगह खास मानी जाती है।
भीड़भाड़ से दूर कुछ सुकून के पल बिताना चाहते हैं तो धुलिखेल जा सकते हैं। यहां की वादियां, हरियाली और शांत माहौल यात्रियों को अलग अनुभव देते हैं। यह जगह खास तौर पर उन लोगों के लिए अच्छी मानी जाती है जो प्रकृति के बीच समय बिताना पसंद करते हैं। शाम के समय यहां का मौसम और भी सुहावना हो जाता है।
बंदीपुर नेपाल की ऐसी जगह है जहां प्राकृतिक सुंदरता के साथ पारंपरिक संस्कृति भी देखने को मिलती है। यहां पुराने घर, पहाड़ी रास्ते और शांत वातावरण लोगों को काफी पसंद आते हैं। गर्मियों में यहां का मौसम आरामदायक रहता है और शहरों की गर्मी से राहत मिलती है।
इसे भी पढ़ें- Haunted Mumbai: इन जगहों पर रात में घूमती हैं आत्माएं, बॉलीवुड सिटी में ही है एक डरावनी दुनिया
अगर आप हरियाली और प्राकृतिक नजारों के शौकीन हैं, तो इलाम की यात्रा कर सकते हैं। यह जगह अपने चाय बागानों और ठंडे मौसम के लिए मशहूर है। यहां दूर-दूर तक फैली हरियाली आंखों को सुकून देती है। फोटोग्राफी पसंद करने वालों के लिए भी यह स्थान शानदार माना जाता है।