Asianet News Hindi | Published : Nov 14, 2021 1:21 PM IST / Updated: Nov 15 2021, 06:05 PM IST

PM Modi Bhopal Visit: मोदी ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन का लोकार्पण किया, कहा- रेलवे ने छवि बदली

सार

भोपाल : PM नरेंद्र मोदी (Narendra Modi)ने सोमवार को वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन रानी कमलापति रेलवे स्टेशन (Rani Kamalapati) का लोकार्पण किया। इसी के साथ ही इंदौर (Indore) से उज्जैन (Ujjain) आने-जाने वाले यात्रियों के लिए प्रधानमंत्री ने बड़ी सौगात दी है। उन्होंने उज्जैन-इंदौर और इंदौर-उज्जैन के बीच मेमू ट्रैन का लोकार्पण किया। यह ट्रेन शुरू होने से रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। पीएम ने भोपाल-बरखेड़ा की तीसरी रेल लाइन शाहिद अन्य गांव का भी लोकार्पण किया। इस दौरान अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज के दिन को भोपाल, मध्यप्रदेश और देश के लिए अहम बताया। एक समय था जब लोगों ने रेलवे की सुविधाओं में सुधार की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन हम उन उम्मीदों को पूरा करने का काम कर रहे हैं।

04:36 PM (IST) Nov 15

रेलवे नए युग में प्रवेश कर रहा है: मोदी

  • रेलवे के विकास से देश में पर्यटन की संभावनाएं भी मजबूत होती हैं। पिछले दिनों रामायण सर्किट ट्रेन की शुरुआत हुई, अगले कुछ दिनों में कुछ और भी रामायण सर्किट ट्रेनें चलाई जाएंगी।
  • बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर भारत की आकांक्षा ही नहीं, बल्कि आवश्यकता भी है। इसलिए हमारी सरकार रेलवे समेत इन्फ्रास्ट्रक्चर के हजारों प्रोजेक्ट पर अभूतपूर्व निवेश कर रही है।
  • रेलवे का लाभ आम यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों सहित विभिन्न वर्गों को तो मिलता ही है, लेकिन अब रेलवे की समयबद्धता के चलते किसानों के उपज भी दूर तक भेजे जा रहे हैं, जिसका सीधा लाभ छोटे किसानों को ही मिल रहा है।
  • हमारे देश के मध्यम वर्ग और करदाताओं को सभी सुविधाएं रेलवे देगा, जिसका वह हकदार है। देश के 175 से अधिक रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प हो जा रहा है। रेलवे सुनिश्चित कर रहा है कि किसी भी विकास कार्य में कोई देरी न हो, बाधा न आए।
  • देश ने कुछ दिनों पूर्व गुजरात के गांधीनगर रेलवे स्टेशन का नया आधुनिक रूप देखा था। आज रानी कमलापति रेलवे स्टेशन देश को मिला है, जो आईएसओ से प्रमाणित है। यहां वह सुविधा मिल रही है, जो कभी सिर्फ एयरपोर्ट पर ही मिला करती थी।

04:30 PM (IST) Nov 15

देश की संस्कृति को कनेक्ट करने का माध्यम बना रेलवे

मोदी ने कहा कि भारतीय रेल सिर्फ दूरियों को कनेक्ट करने का माध्यम नहीं है, बल्कि ये देश की संस्कृति, देश के पर्यटन और तीर्थाटन को कनेक्ट करने का भी अहम माध्यम बन रही है। आजादी के इतने दशकों बाद पहली बार भारतीय रेल के इस सामर्थ्य को इतने बड़े स्तर पर explore किया जा रहा है। मोदी ने कहा कि पहले रेलवे को टूरिज्म के लिए अगर उपयोग किया भी गया तो उसको एक प्रीमियम क्लब तक ही सीमित रखा गया। पहली बार सामान्य मानवीय को उचित राशि पर पर्यटन और तीर्थाटन का दिव्य अनुभव दिया जा रहा है। रामायण सर्किट ट्रेन ऐसा ही एक अभिनव प्रयास है।
 

04:28 PM (IST) Nov 15

मोदी ने ये भी कहा

  • आज यहां जिन रेल लाइनों के दोहरीकरण और विद्युतीकरण का लोकार्पण हुआ है, उससे रेल के परिचालन में ज्यादा सुगमता आएगी। महाकाल की नगरी और स्वच्छता में शीर्ष इंदौर शहर के बीच में चलने से लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
  • आज का दिन भोपाल ही नहीं, वल्कि मध्य प्रदेश और देश के लिए महत्त्व का दिन है। यह हमारे अतीत और भविष्य के संगम का दिन है। गिन्नौरगढ़ की रानी कमलापति का नाम जुड़ने से इस रेलवे स्टेशन का महत्व और भी बढ़ गया है।
  • मोदी ने भोपाल को विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन दिया और इसका नाम गोंड रानी कमलापति जी के नाम पर किया। इसके लिए मैं पूरे मध्यप्रदेश की तरफ से आपका हृदय से धन्यवाद करता हूं। एक जमाना था, जब रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को भी ड्रॉइंग बोर्ड से ज़मीन पर उतरने में ही सालों-साल लग जाते थे। लेकिन आज भारतीय रेलवे में भी जितनी अधीरता नए प्रोजेक्ट्स की प्लानिंग की है, उतना ही गंभीरता उनको समय पर पूरा करने की है।
  • मोदी ने कहा- आज का भारत, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण के लिए रिकॉर्ड Investment तो कर ही रहा है, ये भी सुनिश्चित कर रहा है कि प्रोजेक्ट्स में देरी ना हो, किसी तरह की बाधा ना आए।
  • भारत कैसे बदल रहा है, सपने कैसे सच हो सकते हैं, ये देखना हो तो आज इसका एक उत्तम उदाहरण भारतीय रेलवे भी बन रही है। भोपाल के इस ऐतिहासिक रेलवे स्टेशन का सिर्फ कायाकल्प ही नहीं हुआ है, बल्कि गिन्नौरगढ़ की रानी, कमलापति जी का इससे नाम जुड़ने से इसका महत्व भी और बढ़ गया है। गोंडवाना के गौरव से आज भारतीय रेल का गौरव भी जुड़ गया है।

04:27 PM (IST) Nov 15

अब प्रोजेक्ट्स में देरी नहीं होती

मोदी ने कहा कि आज का भारत, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण के लिए रिकॉर्ड Investment तो कर ही रहा है, ये भी सुनिश्चित कर रहा है कि प्रोजेक्ट्स में देरी ना हो। हाल में शुरू हुआ पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान इसी संकल्प की सिद्धि में देश की मदद करेगा। जो सुविधाएं कभी एयरपोर्ट में मिला करती थीं, वो आज रेलवे स्टेशन में मिल रही हैं। भारत कैसे बदल रहा है, सपने कैसे सच हो सकते हैं, ये देखना हो तो आज इसका उत्तम उदाहरण भारतीय रेलवे भी बन रहा है।
 

04:18 PM (IST) Nov 15

मध्य प्रदेश की झलक देखने को मिलेगी

इस रेलवे स्टेशन में मध्य प्रदेश के पर्यटन और दर्शनीय स्थल- भोजपुर मंदिर, सांची स्तूप और भीमबैठका के चित्र प्रदर्शित किए जा रहे हैं। स्‍टेशन के मेन गेट के अंदर दोनों ओर की दीवारों पर भील, पिथोरा पेंटिंग्स भी होंगे। जनजा‍तीय शिल्‍पकला पेपरमेशी से बनाए गए जनजातीय मुखौटे को मुख्य गेट के सामने की वॉल पर लगाया गया है। फर्स्‍ट फ्लोर पर टूरिस्ट इंफॉर्मेशन लाउंज में एक बड़ी LED स्क्रीन इंस्‍टॉल की गई है, जिससे यात्रियों और पर्यटकों को प्रदेश के पर्यटन स्‍थलों की संपूर्ण जानकारी मिल सकेंगी।

 

04:18 PM (IST) Nov 15

पहले रेलवे को कोसते थे लोग

पीएम ने कहा- आज भारतीय रेल का भविष्य कितना आधुनिक है, कितना उज्जवल है। इसका प्रतिबिंब भोपाल के इस भव्य रेलवे स्टेशन में जो भी आएगा, उसे दिखाई देगा। भोपाल के इस ऐतिहासिक रेलवे स्टेशन का सिर्फ कायाकल्प नहीं हुआ है, बल्कि गिन्नौरगढ़ की रानी का नाम जुड़ने से इसका महत्व और बढ़ गया है। 6 साल पहले तक जिसका भी पाला भारतीय रेल से पड़ता था, वो भारतीय रेल को ही कोसते हुए ज्यादा नजर आता था। लोग चेन लेकर बैग में ताला लगाते थे। दुर्घटना का भी डर रहता था।

 

04:14 PM (IST) Nov 15

आज का दिन वैशवशाली इतिहास और भविष्य का संगम

मोदी ने कहा कि भारत कैसे बदल रहा है, कैसे सपने सच हो रहे हैं, ये देखना हो तो भारतीय रेल को देखकर अंदाजा लगा सकते हैं। पहले मन में रेलवे की निगेटिव छवि रहती थी। लोगों ने बदलाव की उम्मीदें तक छोड़ दी थीं। लेकिन, संकल्पों की सिद्धि से सुधार आया। पहले भीड़भाड़, गंदगी, घंटों की टेंशन, बैठने और खाने की असुविधा, सुरक्षा की चिंता रहती थी। अब रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के रूप में देश का पहला आईएसओ सर्टिफाई, पहला पीपीपी आधारित रेलवे स्टेशन बन गया है। जो सुविधाएं पहले एयरपोर्ट पर मिलती थीं, अब स्टेशन पर मिल रही हैं।
 

04:09 PM (IST) Nov 15

स्टेशन में स्टेशन, रानी कमलापति स्टेशन: वैष्णव

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन को देश का सर्वश्रेष्ठ स्टेशन बताया। उन्होंने ये भी कहा कि स्टेशनों में स्टेशन, रानी कमलापति स्टेशन। कहा- भोपाल मेट्रो को रानी कमलापति स्टेशन से इंटीग्रेट किया जाएगा।
 

04:06 PM (IST) Nov 15

मोदी ने स्टेशन का उदघाटन किया

प्रधानमंत्री मोदी ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन का लोकार्पण कर दिया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर स्टेशन का उदघाटन किया। ये वर्ल्ड क्लास फैसिलिटी वाला पहला प्राइवेट स्टेशन बन गया है।

03:58 PM (IST) Nov 15

रेल मंत्री ने ट्वीट कर स्टेशन की खासियत बताईं

03:50 PM (IST) Nov 15

मोदी का स्वागत

रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने मोदी को रानी की प्रतिमा और शॉल भेंट करके स्वागत किया।

 

03:49 PM (IST) Nov 15

मोदी की एक झलक पाने को बेताब दिखे लोग

इससे पहले होशंगाबाद रोड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झलक पाने को लोग खासी मशक्कत करते देखे जा रहे थे। पीएम का काफिला कुछ देर होशंगाबाद रोड पर रुका और रानी कमलापति स्टेशन की धीरे-धीरे चलने लगा। बाद में रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचा।

03:41 PM (IST) Nov 15

मोदी रानी कमलापति स्टेशन पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंच गए हैं। वे परिसर का अवलोकन कर रहे हैं। थोड़ी देर बाद मोदी इस स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले जंबूरी मैदान से रानी कमलापति स्टेशन के रास्ते में मोदी का जगह-जगह फूलों की बारिश के साथ स्वागत किया गया।

 

03:37 PM (IST) Nov 15

मुस्लिम महिलाओं ने लगाए हर-हर मोदी, घर-घर मोदी के नारे

जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम स्थल पर मुस्लिम महिलाएं भी बहुत बड़ी संख्या में मौजूद हैं। उन्होंने यहां हर हर मोदी-घर घर मोदी के नारे लगाए। इसके अलावा उन्होंने ट्रिपल तलाक कानून के लिए उन्हें शुक्रिया कहा। जंबूरी मैदान कार्यक्रम स्थल से पीएम मोदी का काफिला हेलीपैड के लिए रवाना हो गया।

03:31 PM (IST) Nov 15

मुस्लिम महिलाओं ने लगाए हर-हर मोदी, घर-घर मोदी के नारे

जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम स्थल पर मुस्लिम महिलाएं भी बहुत बड़ी संख्या में मौजूद हैं। उन्होंने यहां हर हर मोदी-घर घर मोदी के नारे लगाए। इसके अलावा उन्होंने ट्रिपल तलाक कानून के लिए उन्हें शुक्रिया कहा। जंबूरी मैदान कार्यक्रम स्थल से पीएम मोदी का काफिला हेलीपैड के लिए रवाना हो गया।

03:15 PM (IST) Nov 15

मोदी ने बीजेपी के वयोवृद्ध नेता से मुलाकात की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल के जंबूरी मैदान में बीजेपी के वयोवृद्ध नेता, समाजसेवी और पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण गुप्त से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम पूछा। गुप्ता 103 साल के हैं। मोदी ने बीते साल गुप्ता के घर फोन करके उनका हाल-चाल जाना था।

 

03:07 PM (IST) Nov 15

स्वागत के लिए आधे किलोमीटर में 30 मंच बनाए

थोड़ी देर में हेलीकॉप्टर से मोदी बीयू कैंपस स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से मोदी का कारकेड होशंगाबाद रोड से होते हुए रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचेगा। बीयू कैंपस से ओवरब्रिज तक मोदी का जोरदार स्वागत होगा। स्वागत के लिए आधे किलोमीटर में 30 मंच बनाए गए हैं।

03:01 PM (IST) Nov 15

मोदी को रानी कमलापति की प्रतिमा भेंट की

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गोंडवाना की गौरव रानी कमलापति जी की प्रतिमा भेंट की। रानी कमलापति ने राज्य की रक्षा के लिए मुगल शासकों का बहादुरी से सामना किया था और अंत में अपने सम्मान की रक्षा करते हुए जल समाधि ले ली थी।

02:59 PM (IST) Nov 15

थोड़ी देर में रानी कमलापति स्टेशन का उद्घाटन

मोदी थोड़ी देर बाद रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। वे यहां वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से लैस स्टेशन का उदघाटन करेंगे। इसके बाद परिसर का अवलोकन करेंगे।

02:52 PM (IST) Nov 15

गांधी, सरदार पटेल की तरह बिरसा मुंडा जयंती मनाएंगे

  • मोदी ने कहा कि पहले की सरकारों में आदिवासी समाज को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी राजनैतिक इच्छाशक्ति नहीं थी। बहुत कम थी। आदिवासी सृजन को बाजार से नहीं जोड़ा गया। हमारी सरकार ने जंगल को लेकर भी संवेदनशील कदम उठाए। राज्य में 20 लाख जमीन के पट्‌टे देकर जनजातीय भाइयों की चिंता दूर की। आदिवासी और शिक्षा पर भी बल दे रही है।
  • आज मुझे यहां 50 एकल्वय मॉडल चलाने का अवसर मिला। हमारा लक्ष्य देश में ऐसे लगभग 750 स्कूल खोलने का है। 7 साल पहले हर छात्र पर सरकार करीब 40 हजार खर्च करती थी, जो आज बढ़कर एक लाख से अधिक हो चुका है। इससे जनजातीय छात्र-छात्राओं को अधिक सुविधा मिल रही है। केंद्र सरकार हर साल स्कॉलरशिप भी दे रही है। उच्च शिक्षा और रिसर्च से जोड़ने के लिए भी अभूतपूर्व काम किया जा रहा है।
  • जनजातीय समाज के बच्चों को एक बहुत बढ़ी दिक्कत भाषा की भी होती थी, नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में स्थानीय भाषा में होगी। इसका लाभ हमारे बच्चों को मिलना तय है।
  • जनजातीय समाज के आत्मविश्वास के लिए, अधिकार के लिए हम दिन-रात मेहनत करेंगे। हम इस संकल्प को फिर दोहरा रहे हैं कि जैसे हम गांधी जयंती मनाते हैं, सरदार पटेल की जयंती मनाते हैं, वैसे ही भगवान बिरसा मुंडा की जयंती हर साल जनजातीय गौरव दिवस के रूप में पूरे देश में मनाई जाएगी।

02:47 PM (IST) Nov 15

आज जनजातीय समाज को उसका हक मिल रहा है

मोदी ने कहा कि हमारे जनजातीय कलाकारों के हाथ में जबरदस्त कला है। मामूली चीजों से भी ऐसी कृति बना देते हैं कि प्रकृति का सौंदर्य सामने आ जाता है, लेकिन दुखद है कि उनके अधिकारों को वर्षों तक कानून के नाम पर उलझा कर रखा गया: जनजातीय समाज के हितों की रक्षा एवं कल्याण के लिए जिस राजनीतिक इच्छा शक्ति की जरूरत थी, दशकों तक देश में राज करने वालों के मन में नहीं था। आज जनजातीय समाज को उसका हक मिल रहा है।

02:43 PM (IST) Nov 15

आदिवासियों को नजरअंदाज किया गया

देश की आबादी का करीब करीब 10% होने के बावजूद दशकों तक, जनजातीय समाज को, उनकी संस्कृति, उनके सामर्थ्य को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। आदिवासियों का दुःख, उनकी तकलीफ, बच्चों की शिक्षा उन लोगों के लिए कोई मायने नहीं रखती थी।
 

02:43 PM (IST) Nov 15

पद्म पुरस्कार लेने जनजातीय समाज पहुंची तो लोग हैरान रह गए

मोदी ने कहा कि अभी हाल में पद्म पुरस्कार दिए गए हैं। राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कार के लिए जब हमारी जनजातीय विभूतियां पहुंचीं तो उनके पैरों में चप्पल भी नहीं थीं। यह देखकर दुनिया हैरान रह गई। यह जनजातीय क्षेत्रों में काम करने वाले ही हमारे असली हीरो हैं। आदिवासी और ग्रामीण समाज में काम करने वाले ये देश के असली हीरे हैं। देश का जनजातीय क्षेत्र, संसाधनों के रूप में, संपदा के मामले में हमेशा समृद्ध रहा है। लेकिन जो पहले सरकार में रहे, वो इन क्षेत्रों के दोहन की नीति पर चले। हम इन क्षेत्रों के सामर्थ्य के सही इस्तेमाल की नीति पर चल रहे हैं। आज चाहे गरीबों के घर हों, शौचालय हों, मुफ्त बिजली और गैस कनेक्शन हों, स्कूल हो, सड़क हो, मुफ्त इलाज हो, ये सबकुछ जिस गति से देश के बाकी हिस्से में हो रहा है, उसी गति से आदिवासी क्षेत्रों में भी हो रहा है।

02:38 PM (IST) Nov 15

बाबा साहेब पुरंदरे को श्रद्धांजलि दी

यहां की सरकार ने उन्हें कालिदास पुरस्कार भी दिया था। छत्रपति शिवाजी महाराज के जिन आदर्शों को बाबासाहेब पुरंदरे जी ने देश के सामने रखा, वो आदर्श हमें निरंतर प्रेरणा देते रहेंगे। मैं बाबासाहेब पुरंदरे जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि देता हूं। आजादी की लड़ाई में जनजातीय नायक-नायिकाओं की वीर गाथाओं को देश के सामने लाना, उसे नई पीढ़ी से परिचित कराना, हमारा कर्तव्य है। गुलामी के कालखंड में विदेशी शासन के खिलाफ खासी-गारो आंदोलन, मिजो आंदोलन, कोल आंदोलन समेत कई संग्राम हुए।

02:38 PM (IST) Nov 15

स्वार्थ की राजनीति में इतिहास छिपाया

मोदी ने कहा कि आज जब हम राष्ट्रीय मंचों से, राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज के योगदान की चर्चा करते हैं, तो कुछ लोगों को हैरानी होती है। ऐसे लोगों को विश्वास ही नहीं होता कि जनजातीय समाज का भारत की संस्कृति को मजबूत करने में कितना बड़ा योगदान रहा है। मोदी ने कहा कि इसकी वजह ये है कि जनजातीय समाज के योगदान के बारे में या तो देश को बताया ही नहीं गया और अगर बताया भी गया तो बहुत ही सीमित दायरे में जानकारी दी गई। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि आजादी के बाद दशकों तक जिन्होंने देश में सरकार चलाई, उन्होंने अपनी स्वार्थ भरी राजनीति को ही प्राथमिकता दी। ‘पद्म विभूषण’ बाबासाहेब पुरंदरे जी ने छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन को, उनके इतिहास को सामान्य जन तक पहुंचाने में जो योगदान दिया है, वो अमूल्य है।

02:35 PM (IST) Nov 15

जनजातीय समाज की वीर गाथाएं सामने लाएंगे

मोदी बोले- मुझे खुशी है कि मध्य प्रदेश में जनजातीय परिवारों में तेजी से टीकाकरण हो रहा है।  हमारे आदिवासी भाई-बहन टीकाकरण के महत्व को समझते भी हैं, स्वीकारता भी हैं और देश को बचाने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं, इससे बड़ी समझदारी क्या हो सकती है। आजादी की लड़ाई में जनजातीय नायक-नायिकाओं की वीर गाथाओं को देश के सामने लाना, उसे नई पीढ़ी से परिचित कराना, हमारा कर्तव्य है। गुलामी के कालखंड में विदेशी शासन के खिलाफ खासी-गारो आंदोलन, मिजो आंदोलन, कोल आंदोलन समेत कई संग्राम हुए। जनजातीय भाई-बहनों के कल्याण के लिए शिवराज जी की सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं। मुझे संतोष है कि 'राशन आपके ग्राम' योजना से आपको राशन भी मिलेगा और समय भी बचेगा।
 

02:34 PM (IST) Nov 15

आदिवासी समाज को गुमराह किया

मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने इतिहास ठीक से नहीं बताया। या तो दबा दिया। आदिवासी समाज को गुमराह किया। गोंड महारानी वीर दुर्गावती का शौर्य हो या फिर रानी कमलापति का बलिदान, देश इन्हें भूल नहीं सकता। वीर महाराणा प्रताप के संघर्ष की कल्पना उन बहादुर भीलों के बिना नहीं की जा सकती जिन्होंने कंधे से कंधा मिलाकर लड़ाई लड़ी और बलिदान दिया। 

02:30 PM (IST) Nov 15

अंत समय में पछताने जैसा कोई काम नहीं करना चाहिए

मोदी ने कहा कि जनजातीय कलाकारों ने जो प्रस्तुति दी उसमें जीवन का आदर्श, रहस्य समाहित है, जो हमें कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। जीवन के विभिन्न दौर को जीते हुए हमें अपने अंत समय में पछताना पड़े, ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए। मोदी ने पंक्तियां पढ़कर सुनाईं और कहा- धरती खेत खलिहान किसी के नहीं हैं, अपने मन में गुमान करना व्यर्थ है। ये धन, दौलत कोई काम के नहीं हैं। इसे यहीं छोड़कर जाना है। आप देखिए, आदिवासी के संगीत में नृत्य में जो शब्द कहे गए हैं, वो जीवन का उत्तम तत्वज्ञान मेरे आदिवासी भाई-बहनों ने आत्मसात किया है।

02:27 PM (IST) Nov 15

आदिवासी परंपरा जीवन जीने का इरादा सिखाती

मोदी ने कहा- मेरा ये अनुभव रहा है कि जीवन के महत्वपूर्ण कालखंड को मैंने आदिवासियों के बीच बिताया है। जीवन जीने का कारण, जीवन जीने के इरादे को आदिवासी परंपरा बखूबी प्रस्तुत करती है।
 

02:24 PM (IST) Nov 15

राशन आपके ग्राम योजना का शुभारंभ

इससे पहले प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राशन आपके ग्राम योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने इस योजना में गांव तक राशन ले जाने वाले युवाओं को प्रतीकात्मक रूप से वाहनों की चाबी प्रदान की। यह युवा जनजातीय समुदाय से ही हैं।

02:24 PM (IST) Nov 15

देश के लिए गौरव की बात: मोदी

मोदी ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार आदिवासी समाज की कला, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को गर्व से याद और सम्मानित किया जा रहा है। ये पूरे देश के लिए गौरव की बात है।
 

02:17 PM (IST) Nov 15

आज देश के लिए बड़ा दिन

मोदी ने कहा कि आज का दिन पूरे देश के लिए पूरे जनजातीय समाज के लिए बहुत बड़ा दिन है। आज भारत अपना पहला जनजातीय गौरव दिवस मना रहा है। आप सभी को भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। 

02:13 PM (IST) Nov 15

आदिवासियों से मोदी की राम-राम

मंच पर मोदी ने जनजातीय अंदाज में लोगों का स्वागत और अभिवादन किया। मोदी ने कहा- हूं तमारो स्वागत करूं...। इसके बाद आदिवासी समाज से राम-राम भी कहा।

02:04 PM (IST) Nov 15

दिग्विजय-कमलनाथ पहले आदिवासी विरोधी कहते थे, अब फिजूलखर्ची बता रहे: शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराज ने पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को घेरा। उन्होंने कहा कि दो-दो पूर्व मुख्यमंत्री हम पर हमला कर रहे हैं। जो कहते थे बीजेपी आदिवासी विरोधी है, आज वही कह रहे हैं कि जनजातीय सम्मेलन फिजूलखर्ची है। वे आईफा (IIFA) जैसे आयोजनों पर हीरो-हीरोइनों पर करोड़ों खर्च करते हैं। उन्होंने कहा कि पेसा कानून चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। आबकारी नीति ऐसी बनाई जाएगी, जो आपकी परंपराओं का पालन करे। जनजातीय भाइयों का कर्जा माफ करवाया जाएगा। हर गांव में आदिवासी भाई-बहनों को ट्रेंड कर रोजगार दिया जाएगा।

02:01 PM (IST) Nov 15

एमपी में पेसा कानून लागू होगा

शिवराज ने कहा कि सामाजिक समरसता को कायम करते हुए मध्य प्रदेश में पेसा कानून लागू किया जाएगा, जिससे हमारे जनजातीय भाई-बहनों के अधिकारों की रक्षा हो सके। पीएम मोदीजी ने कोरोना की दोनों लहर के दौरान मध्य प्रदेश को 9,857 करोड़ रुपये का मुफ्त राशन दिया। आज प्रधानमंत्रीजी 'राशन आपके ग्राम' योजना का शुभारंभ कर आपके जीवन को और सरल बनाने का मार्ग प्रशस्त करेंगे।

02:00 PM (IST) Nov 15

कांग्रेस को तकलीफ होती है: शिवराज

कांग्रेस आरोप लगाती है कि हम जनजातीय गौरव के नाम पर पैसे की बर्बादी कर रहे हैं। कांग्रेस ने तो कभी जनजातीय भाई-बहनों के लिए कुछ किया नहीं, हम मोदीजी के नेतृत्व में काम कर रहे हैं तो उन्हें तकलीफ हो रही है।
 

01:59 PM (IST) Nov 15

आदिवासी समाज से शिवराज का वादा

शिवराज का कहना था कि हमारे जनजातीय नायकों ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व बलिदान दिया। गोंड वंश की रानी कमलापति के साथ मोहम्मद अफगानी ने धोखा दिया, लेकिन उन्होंने मान सम्मान की रक्षा के लिए जल समाधि ले ली। मोदीजी ने कोरोना से बचाव के लिए पूरे देश को वैक्सीन की सुरक्षा दी। पहले जहां जीवन रक्षक दवाइयां विदेश से आती थीं, वहीं टीकाकरण के लिए दवा भारत में ही बनवाई। हमारे जनजातीय भाई-बहनों राशन के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। राशन गांवों तक पहुंचेगा और इसे पहुंचाने का काम जनजातीय युवा ही करेंगे, जिससे उन्हें रोजगार मिलेगा।
 

01:52 PM (IST) Nov 15

शिवराज बोले- रानी कमलापति को कांग्रेस ने भुला दिया था

रानी कमलापति को भुला दिया गया था। ना तो अंग्रेजों ने और न ही कांग्रेस ने उन्हें इतिहास में उचित स्थान दिया। लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी ने हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति के नाम पर रखा।

 

01:50 PM (IST) Nov 15

मोदी ने जनजातीय नायकों का देश पर कर्ज उतारा: शिवराज

शिवराज ने कहा कि मैं भगवान बिरसा मुंडा के चरणों में प्रणाम करता हूं। उन्होंने अंग्रेजों के अत्याचार से मुक्ति और जल, जंगल, जमीन एवं संस्कृति तथा परंपराओं की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने ये भी कहा कि मोदीजी ने भगवान बिरसा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर देश के जनजातीय नायकों का देश पर कर्ज उतार दिया है। हम सभी प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हैं।

01:47 PM (IST) Nov 15

शिवराज ने मोदी को धन्यवाद दिया

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और कहा कि मैं प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देता हूं कि आपने रानी कमलापति के नाम पर हबीबगंज स्टेशन का नाम किया।