ना मोदी ना शाह..हर तरफ शिवराज, MP उपचुनाव में BJP स्टार प्रचारकों के Top-5 से गायब 'महाराज'

कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा-भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में सिंधिया का एक भी समर्थक शामिल नहीं हैं। इतना ही नहीं खुद सिंधिया का नाम 10 वे नंबर पर आता है। देख लीजिए भाजपा में सिंधिया की क्या हालत हो गई।

Asianet News Hindi | Published : Oct 14, 2020 12:07 PM IST / Updated: Oct 14 2020, 05:46 PM IST

भोपाल. मध्य प्रदेश में 28 सीटों के लिए होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए BJP ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। जिसमें 30 लोगों के नाम हैं। इस लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का नाम नहीं है। यानि यह तीनों नेता इन चुनावों में प्रचार नहीं करेंगे। खास बात यह है कि प्रदेश में जिस ज्योतिरादित्य सिंधिया की बदौलत भाजपा सत्ता में आई थी उसी महाराज का नाम बीजेपी ने अपने टॉप-5 में शामिल नहीं किया है। 

स्टार प्रचार में ये 5 नाम
मध्य प्रदेश के इन उपचुनावों में स्टार प्रचारकों की सूची में कुल 30 लोगों के नाम शामिल हैं। जिसमें पहले स्थान पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का नाम है, जबकि दूसरे नंबर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, तीसरे स्थान पर दुष्यंत कुमार गौतम, चौथा नाम विनय सहस्त्रबुद्धे और वहीं पांचवा नाम मोदी सरकार में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर है। जबकि ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम इस लिस्ट में 10वें नंबर पर रखा गया है। वहीं टॉप-10 में केन्द्रीय मंत्री धमेंद्र प्रधान, पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, वरिष्ठ नेता उमा भारती, , केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते के नाम भी शामिल हैं।

डिजिटल रथ में भी सिंधिया के फोटो नहीं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रचार के लिए एक डिजिटल रथ तैयार करवाया है। जिसको वह प्रदेश की सभी 28 सीटों पर लेकर जाएंगे। इस रथ के पोस्टर में सीएम शिवराज और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा पोस्टर  रखा गया है। इन पोस्टर में भी ज्योतिरादित्य सिंधिया गायब हैं। बता दें कि इस रथ में एलईडी, साउंड और वीडियो की सुविधा है। जिसमें एक दिन का खर्च करीब एक लाख रुपए आता है। वहीं कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने सिंधिया को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा-इतने जल्दी महाराज को बीजेपी ने गायब कर दिया। दिग्विजय लगातार चुनावों सभा में सिंधिया पर तंज कस रहे हैं।

कांग्रेस ने सिंधिया पर किया हमला
कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा-भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में सिंधिया का एक भी समर्थक शामिल नहीं हैं। इतना ही नहीं खुद सिंधिया का नाम 10 वे नंबर पर आता है। वह कल डिजिटल रथ से भी गायब थे। कांग्रेस में चुनाव अभियान समिति के प्रमुख थे। देख लीजिए भाजपा में सिंधिया की क्या हालत हो गई।

इस सूची में प्रदेश के इन नेताओं के नाम
इन उपचुनावों में स्टार प्रचारकों की सूची में वरिष्ठ नेता प्रभात झा, नंदकुमार सिंह चौहान, राकेश सिंह, सत्यनारायण जाठिया, लाल सिंह आर्य, ओम प्रकाश धुवेर्, सुधीर गुप्ता, कृष्ण मुरारी मोघे, सुहास भगत, हितानंद शर्मा, राज्य सरकार के मंत्री नरोत्तम मिश्रा, गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह, जगदीश देवड़ा, कमल पटेल, यशोधरा राजे सिंधिया, जयभान सिंह पवैया और उमाशंकर गुप्ता के नाम स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किए गए हैं।

 

Share this article
click me!