हनी ट्रैप केस : इन महिलाओं ने अपने ऐशो-आराम के लिए अफसर हों या नेता, सबको फंसाया


मध्य प्रदेश में सामने आए हनी ट्रैप के केस में नए सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। पकड़ी गईं महिलाओं के नेताओं और अफसरों से अच्छे संबंध थे। ये अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करोड़ों रुपए की डिमांड करती थीं।

Asianet News Hindi | Published : Sep 20, 2019 5:50 AM IST

भोपाल/इंदौर. अफसरों और नेताओं के साथ अंतरंग रिश्ते बनाकर ब्लैकमेल करने वालीं इन लड़कियों ने नेता हो या अफसर किसी को भी नहीं बख्शा। इनके कुछ जर्नलिस्ट्स से भी संबंध बताए जाते हैं। हालांकि पड़ताल जारी है। उल्लेखनीय है कि इंदौर के एक अधिकारी की शिकायत पर पुलिस से अपने मोहपाश(हनीट्रैप) के आरोप में इन चार महिलाओं सहित कुछ अन्य लोगों को अरेस्ट किया है। फिलहाल ये सभी पुलिस रिमांड पर हैं। इन्दौर की एसएसपी रुचिवर्धन मिश्र ने ने बताया कि आरती दयाल (29), मोनिका यादव (18), श्वेता जैन पति विजय जैन (39), श्वेता जैन पति स्पनिल जैन (48), और बरखा सोनी (34) को पुलिस ने अरेस्ट किया है। इनके पास से पुलिस ने 14 लाख से ज्यादा नकदी जब्त की है।  इसके अलावा मोबाइल फोन और एक एसयूवी  भी बरामद हुई है। इनके खिलाफ इंदौर नगर निगम के एक अफसर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत पर सबसे पहले आरती, मोनिका और उनके ड्राइवर को अरेस्ट किया गया था। बाद में भोपाल बाकी आरोपियों को पकड़ा गया।

इस तरह किया था ब्लैकमेल...

एसएसपी के मुताबिक पूछताछ में आरती ने बताया कि उसकी मुलाकात श्वेता जैन ने 8 महीने पहले इन्दौर नगर निगम के एक अधिकारी से करवाई थी। एक बार दोनों के बीच अंतरंग संबंध बने। इसे आरोपी महिलाओं ने वीडियो में कैप्चर कर लिया। इसके बाद अधिकारी से 3 करोड़ रुपए की डिमांड की गई। अधिकारी इतनी बड़ी रकम सुनकर घबरा गया और पुलिस के पास जा पहुंचा। पुलिस ने आरोपी महिलाओं को पकड़ने जाल बिछाया। पहली किस्त के तौर पर 50 लाख रुपए लेकर आरोपी महिलाओं के पास भेजा गया। इस तरह आरती, मोनिका और उसका ड्राइवर गिरफ्त में आया। इस मामले में प्रदेश के गृहमंत्री बाला बच्चन ने कहा कि इस केस से जुड़ा कोई भी आरोपी बख्शा नहीं जाएगा।

किसी को नहीं छोड़ती थीं..
ये महिलाएं अफसर हों या नेता किसी को नहीं छोड़ती थीं। बताते हैं कि एक पूर्व सांसद ने तो इनकी ब्लैकमेलिंग से तंग आकर सुसाइड तक करने की कोशिश की थी। इन महिलाओं के कई नेताओं से भी संबंध सामने आए हैं। इन महिलाओं का कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों के नेताओं से सीधा संपर्क था। वे बेरोक-टोक मंत्रालय में अफसरों और मंत्रियों से मिलने जाती थीं। जांच में सामने आया है कि श्वेता जैन के भाजपा के तीन पूर्व मंत्रियों और इंदौर के एक विधायक से अच्छे संबंध रहे हैं। भोपाल में वो पन्ना से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह के बंगले में किराए से रहती थी।

श्वेता स्वप्निल जैन: यह भोपाल में रिवेयरा टाउन में रहती है। इसका पति भी इसके फ्रॉड में शामिल रहता था। ये दोनों कइयों को ठग चुके हैं।

बरखा सोनी भटनागर:  वर्ष 2014 से यह सेक्स रैकेट से जुड़ी है। इसने अमित सोनी नामक शख्स से दूसरी शादी की है। दोनों एग्रीकल्चर से जुड़े प्रोजेक्ट पर काम करते हैं।

श्वेता विजय जैन:  इसने 2015 में एक कंपनी शुरू की थी। भोपाल में यह मिनाल रेसीडेंसी में रहती है। पुलिस ने इसके घर से 14.17 लाख नगद बरामद किए हैं। यह ऑडी जैसी महंगी कार में घूमती थी।

आरती दयाल: इसने पति पंकज के खिलाफ 8 महीने पहले छतरपुर के सिविल लाइन थाने में दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया था। अभी यह एक साल से भोपाल के सागर लैंडमार्क, मिनाल रेसीडेंसी में किराए से रह रही थी। इसके पास से एक क्रेटा गाड़ी जब्त हुई है। बताते हैं कि आरती छतरपुर में भी कइयों को ब्लैकमेल कर चुकी है। हालांकि अभी इसकी किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

मोनिका यादव: इसकी उम्र अभी 18 से थोड़ी ज्यादा है। यह राजगढ़ की रहने वाली है। फिलहाल बीएससी की स्टूडेंट है। इसके कई आईएएस और नेताओं से रिश्ते सामने आए हैं। आरती ने इसे अपने गैंग में जोड़ा था।

Share this article
click me!