100 मीटर दौड़ फिनिश करने से चंद कदम दूर धड़ाम से गिरी 15 साल की धावक

मुंबई के कांदिवली स्थित साई (स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) के ग्राउंड में शुक्रवार को एक चौंकाने वाली घटना हुई। जिसे देखकर सब शॉक्ड रह गए। 15 साल की एक धावक के साथ दौड़ते वक्त जो कुछ हुआ, वो बेहद खतरनाक साबित हो सकता था।

Asianet News Hindi | Published : Oct 22, 2019 6:28 AM IST / Updated: Oct 22 2019, 01:22 PM IST

मुंबई. यहां के कांदिवली स्थित साई साई (स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) के ग्राउंड में शुक्रवार को एक शॉकिंग घटना हुई। एक ही समय पर दो ईवेंट आयोजित करने का खामियाजा 15 साल की एक होनहार धावक जोहा मंसूरी को भुगतना पड़ा। वो 100 मीटर की दौड़ में शामिल हुई थी। ठीक उसी वक्त ट्रैक के पास ही दूसरा गेम यानी डिस्कस थ्रो चल रहा था। एक खिलाड़ी ने डिस्कस थ्रो किया। उस वक्त जोहा अपनी दौड़ पूरी ही करने जा रही थी। अचानक डिस्कस उसके सिर से जा टकराया। जोहा चक्कर खाकर दौड़ पूरी करने से पहले ही गिर पड़ी। उसे सांस लेने में तकलीफ होने लगी। उसके सिर से खून बहने लगा था।

एक समय में दो ईवेंट नहीं होते...
इस मामले में जिला खेल कार्यालय(डीएसओ) की लापरवाही सामने आई है। एक ही समय में और एक ही जगह पर दो ईवेंट नहीं कराए जाते। शर्मनाक बात यह है कि ग्राउंड पर फर्स्ट एड या डॉक्टर का कोई इंतजाम नहीं था। जोहा की मां तरन्नुम अपनी बेटी के घायल होने पर खासे नाराज दिखीं। उन्होंने कहा कि जोहा के सिर से खून बह रहा था, लेकिन वहां चोट पर लगाने बर्फ तक का इंतजाम नहीं था। उन्होंने अपने दुपट्टे से जोहा का सिर बांधा।

हॉस्पिटल ले जाने में हुई दिक्कत...
जोहा की मां ने बताया कि कॉम्पलेक्स में ऑटोरिक्शा तक नहीं मिलता। उन्हें बच्ची को उठाकर हॉस्पिटल तक ले जाने में काफी दिक्कत हुई। वहां मौजूद कुछ बच्चों के अभिभावकों ने जोहा को मोटरसाइकिल पर बैठाकर साई सेंटर के बाहर तक लाए। वहां से ऑटो में उसे संचेती सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हॉस्पिटल के डॉक्टर जीके खोमाने ने कहा कि गनीमत रही कि जोहा को कोई गंभीर चोट नहीं लगी। हालांकि डिस्कस भारी होता है और कोई बड़ा खतरा भी हो सकता था।

Share this article
click me!