
नई दिल्ली। 10 हजार रुपए के लोन को लेकर हुए विवाद के चलते रविवार तड़के दिल्ली में दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना दक्षिण पश्चिम दिल्ली के आरके पुरम के अंबेदकर बस्ती की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 से 20 लोग सुबह चार बजे अंबेदकर बस्ती में रहने वाले ललित के घर के बाहर जुटे थे।
हथियारों से लैस बदमाशों ने पीड़ित के घर का दरवाजा पीटा और ईंट फेंके। इस दौरान घर का गेट नहीं खोला गया। कुछ देर बाद ललित अपनी दो बहनों के साथ घर से बाहर आया। इसी दौरान बदमाशों ने ललित की गोली मारकर हत्या करने की कोशिश की। दोनों बहनों ने उसे बचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने महिलाओं के सीने और पेट में गोली मार दी।
गोलीबारी से मौके पर मच गई अफरा-तफरी
गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से दोनों महिलाएं जमीन पर गिर गईं और खून से लथपथ हो गईं। इस दौरान सभी बदमाश भाग गए। ललित आसपास के लोगों की मदद से दोनों बहनों को एसजे हॉस्पिटल ले गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
ललित पर भी बदमाशों ने चलाई थी गोली
मृतक महिलाओं की पहचान 30 साल की पिंकी और 29 साल की ज्योति के रूप में हुई है। ललित पर भी एक गोली चलाई गई थी, लेकिन वह बच गया। ललित ने पुलिस को बताया कि देव नाम के स्थानीय व्यक्ति से पैसे को लेकर उसका विवाद हो गया था, जिसके चलते हमला हुआ।
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
दक्षिण पश्चिम दिल्ली के डिप्टी पुलिस कमिश्नर मनोज सी के अनुसार पुलिस को सुबह 4:40 बजे सूचना मिली थी। आरके पुरम पुलिस स्टेशन में फोन आया था। ललित ने बताया था कि कुछ लोगों ने उसकी दो बहनों को गोली मार दी। पुलिस ने अर्जुन, माइकल और देव नाम के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.