गाजियाबाद में पत्नी पर पति को खाने में लेड मिलाकर जहर देने का आरोप लगा है। कारोबारी की मेडिकल जांच में सीसे की खतरनाक मात्रा मिली। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। जानिए 6 करोड़ की ट्रैवल एजेंसी और 2 करोड़ की बीमा पॉलिसी का पूरा मामला।
Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद में एक कारोबारी की लगातार बिगड़ती तबीयत के पीछे ऐसी साजिश सामने आई, जिसने पूरे परिवार को हैरान कर दिया। आरोप है कि पत्नी ही उन्हें खाने में धीरे-धीरे जहर दे रही थी। मेडिकल जांच में कारोबारी के शरीर में सीसे (लेड) की खतरनाक मात्रा मिली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पत्नी की नजर पति की करोड़ों की ट्रैवल एजेंसी और लाइफ इंश्योरेंस की रकम पर थी। इस मामले में पुलिस ने 23 नवंबर को महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
Ghaziabad Poisoning Case: पति ही नहीं, बेटे और भतीजे को भी बनाया निशाना
- मामला इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा का है। कारोबारी सुशील कुमार भटनागर की तबीयत अक्सर खराब रहने लगी थी।
- परिवार में उनका बेटा और भतीजा भी बिना किसी स्पष्ट वजह के बीमार पड़ने लगे।
- मेडिकल जांच में सुशील और परिवार के सदस्यों के शरीर में लेड की खतरनाक मात्रा मिलने की बात सामने आई।
- इसके बाद सुशील ने 24 सितंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और पत्नी रेनू भटनागर समेत उसके परिवार के सदस्यों पर हत्या की कोशिश का आरोप लगाया।
Ghaziabad Wife Arrest: 6 करोड़ की एजेंसी और 2 करोड़ की पॉलिसी पर नजर
- पुलिस ने आरोपी रेनू भटनागर को 23 नवंबर को गिरफ्तार किया।
- पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में महिला ने लालच में आकर पति को जहर देने की बात कबूल की।
- आरोप है कि वह पति के खाने में लेड मिलाती थी।
- पुलिस को दिए बयान में रेनू ने कथित तौर पर बताया कि उसके पति की ट्रैवल एजेंसी की कीमत 5-6 करोड़ रुपये है और 2 करोड़ की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी में वही इकलौती नॉमिनी है।
- उसे उम्मीद थी कि पति की मौत के बाद कारोबार और बीमा की रकम उसे मिल जाएगी।
Ghaziabad Crime News: पुलिस खंगाल रही पूरी साजिश
- सुशील की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
- पुलिस अब यह पता लगा रही है कि जहर देने की साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
- मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी आरोपों की कड़ियां जोड़ रही है।















