
मुंबई. भारत में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। यहां एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मुंबई में अब 53 पत्रकार भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन सभी को आइसोलेशन में रखा गया है। बड़ी बात तो यह है कि इन पत्रकारों में से ज्यादातर को कोरोना का कोई लक्षण भी नहीं था। मुंबई में हाल ही में 171 पत्रकारों के सैंपल लिए गए थे।
बीएमसी के मुताबिक, 171 में से 53 पत्रकार कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें फील्ड पर रिपोर्टिंग करने वाले रिपोर्टर, फोटोग्राफर, वीडियो जर्नलिस्ट शामिल हैं। पॉजिटिव पाए गए पत्रकारों में से ज्यादातर को कोरोना के कोई लक्षण नहीं थे।
'अभी और बढ़ सकते हैं संक्रमित'
टीवी जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद जगदाले ने भी पत्रकारों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की। हालांकि, उन्होंने कहा, अभी तक टेस्ट रिपोर्ट की संख्या उपलब्ध नहीं है, मगर करीब 53 पत्रकार कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। विनोद ने कहा कि अभी कोरोना पॉजिटिव पत्रकारों की संख्या बढ़ सकती है।
भोपाल में भी मिला था कोरोना संक्रमित पत्रकार
इससे पहले मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भी पत्रकार संक्रमित मिला था। पत्रकार की बेटी लंदन से लौटी थी। वह भी कोरोना संक्रमित थी। पत्रकार पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुआ था। इसके बाद उस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मुख्यमंत्री समेत मौजूद सभी लोगों ने खुद को होम क्वारंटाइन किया था।
भारत में कोरोना की स्थिति
भारत में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अब तक 17884 लोग संक्रमित पाए गए हैं। 568 लोगों की मौत हो चुकी है। 2900 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, 14406 का इलाज चल रहा है। भारत में महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा संक्रमण फैला है। यहां 4483 केस सामने आए हैं। वहीं, 223 लोगों की मौत हो चुकी है। 507 लोग ठीक हो चुके हैं। महाराष्ट्र में अकेले मुंबई में ही 2268 केस सामने आए हैं।
धारावी में मिले 30 नए केस
उधर, मुंबई के धारावी में भी संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। यहां पिछले 24 घंटे में 30 नए केस मिले हैं। अब तक संक्रमण के 168 केस सामने आ चुके हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.