
AAP MP Sanjay Singh arrest: दिल्ली नई आबकारी नीति केस में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर देश की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। विपक्ष सहित आप सांसद के परिवारीजन ने ईडी पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया है। संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह ने कहा कि ईडी को रेड में कुछ नहीं मिला लेकिन अधिकारियों पर गिरफ्तारी का बेहद सख्त दबाव था इसलिए उन लोगों ने कार्रवाई की है। उधर, संजय सिंह के पिता दिनेश सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने ईडी अधिकारियों को अरेस्ट करने का आदेश दिया था। लोकसभा चुनाव में लोग इसका जवाब देंगे।
बेहद दबाव में थे अधिकारी, कुछ नहीं मिला तो परेशान दिखे
राज्यसभा सांसद संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह ने कहा कि ईडी की रेड में अधिकारियों को कुछ नहीं मिला है। फिर भी अधिकारी बेहद दबाव में थे कि उनको अरेस्ट किसी तरह किया जाए। ईडी अधिकारियों ने उन लोगों से सवाल किए। पूरे घर की तलाशी ली। कंप्यूटर, सारे डॉक्यूमेंट्स को खंगाला लेकिन कुछ भी नहीं मिला। संजय सिंह की पत्नी ने कहा कि बेहद दबाव में अधिकारियों ने उनको अरेस्ट किया और गिरफ्तारी की साफ-साफ वजह तक नहीं बतायी। उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि उनकी गिरफ्तारी फर्जी केस में की गई है। हम पूरी ताकत के साथ उनके साथ खड़े हैं।
लोकसभा चुनाव में यह गिरफ्तारी करेगी फायदा: पिता
संजय सिंह के बुजुर्ग पिता दिनेश सिंह ने कहा कि अधिकारियों को संजय सिंह को गिरफ्तार करने का ऊपर से आदेश दिया गया था। हालांकि, यह आगामी लोकसभा चुनाव में फायदा पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि ईडी अधिकारियों को कहा गया था कि तुमको गिरफ्तार करना है और उन लोगों ने यह काम किया। मीडिया ने जब संजय सिंह के पिता से पूछा कि गिरफ्तारी के पहले की बातचीत कुछ हुई है? तो उन्होंने कहा कि मैंने कहा कि आगे बढ़ो, तुम्हारे कार्यकर्ता तुम्हारे साथ हैं। फिक्र मत करो, यह आगामी लोकसभा चुनाव में तुम्हारे लिए सकारात्मक फायदा पहुंचाएगा।
ईडी ने दस घंटे की पूछताछ के बाद किया अरेस्ट
दिल्ली आबकारी केस में आप सांसद संजय सिंह को ईडी ने बुधवार को दस घंटे पूछताछ के बाद अरेस्ट किया है। संजय सिंह के घर पर सुबह ईडी अधिकारियों ने रेड किया था। संजय सिंह के घर पर रेड और पूछताछ के बाद गिरफ्तारी, ईडी ने अप्रूवर बने आरोपी व्यवसायी दिनेश अरोड़ा के बयान के आधार पर किया है। बताया जा रहा है कि दिनेश अरोड़ा ने ही संजय सिंह का नाम लिया है।
यह भी पढ़ें:
Explainer: दिल्ली शराब नीति मामले में AAP के संजय सिंह क्यों हुए अरेस्ट, घर पर ईडी ने डाला रेड
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.