
नई दिल्ली। सभी दल लोक सभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं जबकि आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अपने पार्टी प्रमुख की गिरफ्तारी से ही परेशान हैं। आप प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ रविवार को आप नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जंतर मंतर पर धरना दिया है। इस दौरान पार्टी के तमाम बड़े नेताओं के साथ कार्यकर्ता मौजूद हैं। धरने पर केजरीवाल के खिलाफ ईडी की ओर से षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया गया है। चुनाव के समय उनको गिरफ्तार कर इलेक्शन की तैयारियों को प्रभावित करने के उद्देश्य से ऐसा किया गया है।
केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आप नेताओं का उपवास
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आप के सभी नेता जंतर मंतर पर जुटे हैं। आप नेताओं ने पार्टी प्रमुख की गिरफ्तारी के विरोध में सामूहिक उपवास रखा है। इस दौरान धरने पर बैठे आप नेताओं का कहना है कि ईडी की ओर से केजरीवाल के खिलाफ बेबुनियाद और बिना आधार के कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में ये नीतिगत नहीं है। केंद्र के इशारे पर केवल लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी के कार्य को प्रभावित करने के उद्देश्य से ये गिरफ्तारी कराई गई है।
पढ़ें चुनाव आयोग ने भेजा आतिशी को नोटिस, अरविंद केजरीवाल का दिल्ली में लगाया आपत्तिजनक पोस्टर
पंजाब समेत विदेशों में भी रखा गया उपवास
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित शराब घोटाले मामले में 21 मार्च को ईडी ने गिरफ्तार किया था। इसके विरोध में आज आप नेताओं ने प्रदर्शन करने के साथ उपवास भी रखा है। दिल्ली के जंतर मंतर के अलावा आप शासित पंजाब में भी आप नेताओं का प्रदर्शन चल रहा है। आप के मुताबिक केजरीवाल कि गिरफ्तारी के विरोध में विदेशों में भी विरोध चल रहा है। अमेरिका में 6 स्थान पर, कनाडा में दो जगह के अलावा ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, आयरलैंड और यूके में भी पार्टी के समर्थक प्रोटेस्ट के साथ उपवास कर रहे हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.