
नई दिल्ली। विपक्षी दलों के गठबंधन INDIA में बड़ी टूट होने जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आम आदमी पार्टी (AAP) कांग्रेस से इस कदर नाराज है कि उसे INDIA ब्लॉक से बाहर करना चाहती है। दिल्ली में विधानसभा के चुनाव होने जा रहे हैं। इससे पहले आप और कांग्रेस के नेताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इससे दोनों दलों के बीच कड़वाहट बढ़ गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार आप INDIA ब्लॉक की दूसरी पार्टियों के साथ कांग्रेस को गठबंधन से हटाने को लेकर बात कर रही है। कांग्रेस ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उनपर "अस्तित्वहीन" कल्याणकारी योजनाओं का वादा करके जनता को गुमराह करने और धोखा देने का आरोप लगाया है। सहयोगी पार्टी से इतने बड़े आरोप लगाए जाने से आप बेहद नाराज है।
आप अजय माकन और दिल्ली कांग्रेस के अन्य नेताओं द्वारा पार्टी को निशाना बनाकर कही गई बातों से भी गुस्से में है। बता दें कि दिल्ली के दो विभागों ने सार्वजनिक नोटिस जारी कर कहा है कि आप द्वारा प्रस्तावित महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना को सरकार ने अधिसूचित नहीं किया है। वे अस्तित्व में नहीं हैं। इसके बाद युवा कांग्रेस ने केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि आप मतदाताओं का भरोसा जीतने के लिए "झूठे और भ्रामक" वादे कर रही है। आप भ्रामक विज्ञापनों के लिए जनता के पैसे का दुरुपयोग कर रही है। आप नेता (जिनमें विधायक और एमसीडी पार्षद शामिल हैं) ओटीपी सत्यापन की आवश्यकता वाली ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता पहचान पत्र विवरण और फोन नंबर जैसी संवेदनशील व्यक्तिगत जानकारी जुटा रहे हैं।
केजरीवाल ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि आप दिल्ली में अकेले चुनाव लड़ेगी। इसके बाद दिल्ली कांग्रेस के नेताओं ने आप के खिलाफ हमले तेज कर दिए हैं। कांग्रेस नेता अजय माकन ने बुधवार को कहा कि 2013 में आप को समर्थन देने के फैसले के कारण ही दिल्ली में कांग्रेस की स्थिति खराब हुई। 2024 के लोकसभा चुनावों में आप के साथ गठबंधन करने की "गलती" सुधारने की जरूरत है।
माकन ने कहा, "मुझे लगता है कि कांग्रेस दिल्ली में सिर्फ इसलिए कमजोर हुई क्योंकि हमने 2013 में पहली केजरीवाल सरकार के दौरान 40 दिनों के लिए आप का समर्थन किया था। लोकसभा चुनाव में गठबंधन करके शायद दिल्ली में फिर से गलती हुई है। इसे अब सुधारने की जरूरत है।"
यह भी पढ़ें- ..तो क्या पकड़ा गया केजरीवाल का झूठ, महिला सम्मान और संजीवनी योजना चुनावी स्टंट
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.