UP Assembly Election 2027: यूपी चुनाव के लिए सपा-कांग्रेस की बड़ी बैठक हो रही है। सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 54 सीटों की लिस्ट थमाई है औऱ खास शर्त रखी है।

SP Congress Seat Sharing UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात अभी से बिछनी शुरू हो गई है। 'इंडिया' गठबंधन (INDIA Bloc) के दो सबसे बड़े साथियों समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस (Congress) के बीच सीट बंटवारे को लेकर दिल्ली में सोमवार, 23 नवंबर से दो दिनों की बड़ी बैठक शुरू हो गई है। यूपी की कुल 403 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस के हिस्से कितनी सीटें आएंगी, इसे लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज है। सूत्रों के मुताबिक, बातचीत की शुरुआत में ही सपा ने कांग्रेस को करीब 54 विधानसभा सीटों की एक लिस्ट सौंप दी है। आइए जानते हैं कि दिल्ली की इस बैठक में क्या पक रहा है और अखिलेश यादव की पार्टी ने कांग्रेस के सामने क्या शर्त रखी है...

सीट शेयरिंग को लेकर सपा की शर्त क्या है?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस गठबंधन के अंदर करीब 55 से 60 'ए-ग्रेड' सीटें मांग रही थी, जहां उसे लगता है कि उसकी स्थिति मजबूत है। लेकिन सपा का रुख बिल्कुल साफ है। सपा की खास शर्त को लेकर सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने कांग्रेस को साफ संदेश दिया है कि वह ज्यादा सीटें मांगने की जिद छोड़ दे। इसके बजाय कांग्रेस सिर्फ उन्हीं सीटों पर ध्यान लगाए, जहां पिछले दो चुनावों में उसका प्रदर्शन अच्छा रहा है और जहां उसके पास मजबूत स्थानीय नेता और भरोसेमंद उम्मीदवार मौजूद हैं।

मेहमाननवाजी में सीटें नहीं देगी सपा

सपा का मानना है कि सीट बंटवारा कुल संख्या के हिसाब से नहीं, बल्कि हर सीट के समीकरण और जीतने की संभावना के आधार पर होना चाहिए। पार्टी महज गठबंधन धर्म निभाने के लिए ऐसी सीटें कांग्रेस को नहीं देना चाहती, जहां उसका संगठन कमजोर हो।

दिल्ली में इन 8 दिग्गज नेताओं के हाथ में सीट शेयरिंग की कमान

23 और 24 नवंबर को दिल्ली में हो रही इस औपचारिक बैठक के लिए दोनों पार्टियों ने 4-4 नेताओं की खास कमेटी बनाई है, जो राज्य की सभी 403 सीटों के समीकरण पर चर्चा कर रही है। समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव (अध्यक्ष), सांसद राजीव राय, सांसद इकरा हसन और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल शामिल हैं। कांग्रेस (Congress) की ओर से यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और महासचिव केसी वेणुगोपाल बैठक में मौजूद हैं।

यूपी चुनाव के लिए क्यों जरूरी है सपा-कांग्रेस का गठबंधन?

यूपी में सपा और कांग्रेस के पिछले दो चुनावों के नतीजे यह साफ दिखाते हैं कि दोनों दलों के लिए एक-दूसरे का साथ कितना अहम है। 2022 विधानसभा चुनाव में जब दोनों पार्टियां अलग-अलग लड़ी थीं, तब सपा ने 111 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस महज 2 सीटों पर सिमट गई थी। 2024 लोकसभा चुनाव में जब दोनों ने मिलकर चुनाव लड़ा, तो तस्वीर बदल गई। यूपी की 80 लोकसभा सीटों में से सपा ने 37 और कांग्रेस ने 6 सीटें जीतीं, जिससे गठबंधन का कुल आंकड़ा 43 सीटों तक पहुंच गया। यूपी में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में जुटी है। ऐसे में विपक्ष के दोनों बड़े दल चाहते हैं कि बीजेपी विरोधी वोटों का बंटवारा किसी भी हाल में न हो और समय रहते मजबूत सीटों का बंटवारा तय कर लिया जाए।