PM Modi Asia Power Index 2026: पीएम मोदी 3 पायदान की छलांग लगाकर एशिया के दूसरे सबसे असरदार नेता बन गए हैं। अब उनसे आगे सिर्फ एक ही नेता रह गए हैं। जानिए कौन...
Asia Most Effective Leaders 2026: एशिया की राजनीति और कूटनीति में किस नेता की बात सबसे ज्यादा सुनी जाती है और किसका दबदबा सबसे ज्यादा है? इसका ताजा हिसाब-किताब सामने आ गया है। ऑस्ट्रेलिया के मशहूर थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट (Lowy Institute) ने अपनी 2026 एशिया पावर इंडेक्स (Asia Power Index 2026) रिपोर्ट जारी की है, जिसमें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जबरदस्त छलांग लगाई है। इस नई रैंकिंग के मुताबिक, पीएम मोदी एशिया के दूसरे सबसे असरदार (Effective) नेता बन गए हैं। खास बात ये है कि उन्होंने पिछली रैंकिंग के मुकाबले तीन पायदान की छलांग लगाई है। अब इस लिस्ट में उनसे आगे सिर्फ चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Xi Jinping) हैं। आइए जानते हैं कि पीएम मोदी की इस बड़ी छलांग के पीछे क्या वजह है और इस रिपोर्ट में भारत ने किन-किन मोर्चों पर बाजी मारी है...
कूटनीति में भारत का डंका, पीएम मोदी की लीडरशिप का कमाल
लोवी इंस्टीट्यूट की इस रिपोर्ट में कुल 27 देशों और क्षेत्रों को 131 अलग-अलग पैमानों पर परखा गया है। रिपोर्ट बताती है कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका कूटनीतिक प्रभाव (Diplomatic Influence) बनकर उभरा है, जिसमें भारत को 70.3 अंक मिले हैं। रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की क्षेत्रीय लीडरशिप को लेकर दुनिया के नजरिये में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है। इसी वजह से वे तीन स्थान ऊपर चढ़कर एशिया के टॉप लीडर्स में नंबर-2 पर पहुंच गए हैं।
एशिया का तीसरा सबसे ताकतवर देश बना भारत
पीएम मोदी की मजबूत कूटनीति, रक्षा साझेदारी और सांस्कृतिक पहुंच के दम पर भारत का कुल पावर स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हो गया है। इसके साथ ही भारत एशिया का तीसरा सबसे शक्तिशाली देश बना हुआ है, जबकि पहले और दूसरे नंबर पर अमेरिका (78.9 अंक) और चीन (73.6 अंक) काबिज हैं।
आर्थिक चुनौतियों के बावजूद कैसे बढ़ा भारत का रुतबा?
2026 में भारत के सामने कुछ आर्थिक चुनौतियां जरूर रहीं। कमजोर रुपए, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की ओर से अर्थव्यवस्था मापने के तरीके में बदलाव और विदेशी निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की कमी के चलते भारत के आर्थिक क्षमता स्कोर में हल्की गिरावट आई और ये 26.4 अंक रहा। हालांकि, इस कैटेगरी में भी भारत तीसरे नंबर पर ही रहा। लेकिन इसके बावजूद भारत ने कई दूसरे बड़े मोर्चों पर शानदार प्रदर्शन करके अपना दबदबा बढ़ाया।
भारत ने किन-किन मोर्चों पर दबदबा बढ़ाया
- आने वाले समय की आर्थिक संभावनाओं और अवसरों के मामले में भारत का स्कोर बढ़कर 56.2 अंक हो गया है। यह दिखाता है कि भविष्य में भारत की ताकत और तेजी से बढ़ेगी।
- दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों को ब्रह्मोस (BrahMos) मिसाइल बेचने और रक्षा संबंधों को मजबूत करने से भारत का डिफेंस नेटवर्क स्कोर बढ़कर 18.6 अंक और पोजिशन 9वीं हो गई है।
- क्षेत्रीय व्यापार में स्थिरता के कारण आर्थिक संबंधों में भारत दो पायदान चढ़कर 7वें स्थान पर आ गया है। वहीं, सांस्कृतिक प्रभाव में भारत का स्कोर बढ़कर 43.8 अंक हो गया है।
















