सोने की कीमतों में गिरावट के बीच खरीदारी का मौका देखकर अगर आप भी ज्वेलरी खरीदने बाजार जा रहे हैं, तो जरा ठहरिए। कम कीमत के चक्कर में कहीं आप ऐसी गलती तो नहीं कर रहे, जिससे बाद में नुकसान उठाना पड़े? गोल्ड खरीदने से पहले ये जरूरी बातें जरूर जान लें।

सोने की कीमतों में गिरावट आते ही लोग खरीदारी की योजना बनाने लगते हैं। शादी-ब्याह हो या निवेश, सस्ता सोना मिलने पर बाजार में खरीदारों की दिलचस्पी बढ़ जाती है। लेकिन सोने की खरीदारी करते समय सिर्फ प्रति 10 ग्राम कीमत देखकर फैसला करना आपकी बड़ी गलती हो सकती है। कई बार कम कीमत के चक्कर में खरीदार शुद्धता, मेकिंग चार्ज, हॉलमार्क और बिल जैसी जरूरी बातों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे बाद में नुकसान उठाना पड़ सकता है। सोना खरीदने से पहले कुछ जरूरी बातों को समझना बेहद जरूरी है।

सिर्फ सोने का भाव देखकर न करें खरीदारी

  • जब आप ज्वेलरी खरीदने जाते हैं, तो दुकानदार सोने का रेट बताता है, लेकिन अंतिम कीमत में कई दूसरी चीजें भी जुड़ती हैं। सोने की शुद्धता, मेकिंग चार्ज और अन्य शुल्क आपके बिल को काफी बढ़ा सकते हैं। इसलिए खरीदारी से पहले यह जरूर पूछें कि सोने का प्रति ग्राम भाव क्या है और ज्वेलरी पर मेकिंग चार्ज कितना लगाया जा रहा है।
  • अलग-अलग दुकानों पर मेकिंग चार्ज में अंतर हो सकता है। एक ही डिजाइन की ज्वेलरी खरीदते समय दो-तीन दुकानों पर कीमत की तुलना करना फायदेमंद रहता है।

हॉलमार्क देखे बिना न खरीदें सोना

सोने की खरीदारी में सबसे जरूरी बात उसकी शुद्धता है। ज्वेलरी खरीदते समय BIS हॉलमार्क और 6 अंकों का HUID कोड जरूर जांचें। हॉलमार्क आपको सोने की शुद्धता से जुड़ी जानकारी देता है।

Example से समझें

  • 24 कैरेट: शुद्ध सोने के करीब, आमतौर पर सिक्कों और बार के रूप में।
  • 22 कैरेट: ज्वेलरी बनाने में आम इस्तेमाल होने वाला गोल्ड।
  • 18 कैरेट: इसमें सोने के साथ अन्य धातुएं मिलाई जाती हैं, जिससे यह ज्यादा मजबूत हो सकता है।
  • हॉलमार्क और HUID कोड की जानकारी BIS Care ऐप के जरिए भी जांची जा सकती है।

मेकिंग चार्ज के नाम पर न दें ज्यादा पैसा

सोने की ज्वेलरी खरीदते समय मेकिंग चार्ज पर भी ध्यान देना जरूरी है। कुछ दुकानों पर यह प्रतिशत के हिसाब से तो कुछ पर प्रति ग्राम या तय राशि के रूप में लिया जाता है। खरीदारी से पहले मेकिंग चार्ज कम कराने की बातचीत जरूर करें। इससे आपके कुल बिल में बचत हो सकती है।

बिल लेना न भूलें, बाद में काम आएगा

सोना खरीदने के बाद पक्का बिल जरूर लें। बिल में सोने का वजन, शुद्धता, प्रति ग्राम कीमत, मेकिंग चार्ज और टैक्स का विवरण होना चाहिए। अगर भविष्य में ज्वेलरी बेचने, बदलने या शुद्धता को लेकर कोई विवाद होता है, तो बिल आपके काम आ सकता है।

पुराना सोना बदलते समय भी रहें सतर्क

  • अगर आप पुरानी ज्वेलरी देकर नया सोना खरीद रहे हैं, तो पुराने सोने का वजन और उसकी शुद्धता आपके सामने जांची जानी चाहिए। पत्थर, मोती या अन्य सजावटी चीजों का वजन सोने के वजन में शामिल न हो, इस बात का ध्यान रखें। एक्सचेंज के दौरान दुकानदार से पूरी गणना समझें और लिखित विवरण लें।
  • सोना खरीदने का सही तरीका यही है कि जल्दबाजी न करें। कम कीमत देखकर खरीदारी करने के बजाय शुद्धता, बिल, मेकिंग चार्ज और एक्सचेंज की शर्तों को समझें। थोड़ी सी सावधानी आपकी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने में मदद कर सकती है।