इंदौर के उद्योगपति विनोद अग्रवाल ने 24 करोड़ रुपये दान देकर देश के बड़े दानदाताओं की सूची में जगह बनाई है, वहीं 10,200 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ वे मध्य प्रदेश के सबसे अमीर कारोबारी भी हैं। कोयला कारोबार से बड़ा साम्राज्य खड़ा करने वाले विनोद अग्रवाल कौन हैं, कहां से शुरू हुआ उनका सफर और समाजसेवा में क्या योगदान है, जानिए।
इंदौर. इंदौर के उद्योगपति और कोयला कारोबारी विनोद अग्रवाल एक बार फिर अपनी संपत्ति और समाजसेवा को लेकर चर्चा में हैं। एडेलगिव हुरुन इंडिया फिलान्थ्रोपी लिस्ट-2026 में 24 करोड़ रुपये दान के साथ उन्होंने देश के बड़े दानदाताओं में 60वां स्थान हासिल किया है। वहीं, एमएम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट-2026 के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति 10,200 करोड़ रुपये आंकी गई है। वे मध्य प्रदेश के सबसे अमीर उद्योगपति हैं और देश के अमीरों की सूची में 365वें स्थान पर हैं।
कौन हैं विनोद अग्रवाल, कहां के रहने वाले हैं?
विनोद कुमार अग्रवाल मूल रूप से हरियाणा के रोहतक में जन्मे हैं, लेकिन उनका पालन-पोषण इंदौर में हुआ। वे अग्रवाल कोल कॉर्पोरेशन के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। कंपनी के कोयला कारोबार को उन्होंने बड़े स्तर तक पहुंचाया है। उनके कारोबारी समूह का मुख्य काम कोयले का आयात, व्यापार और सप्लाई से जुड़ा है। कोयला कारोबार के अलावा वे रियल एस्टेट सेक्टर में भी सक्रिय हैं और इंदौर में डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स से जुड़े हैं।
विनोद अग्रवाल MP के सबसे अमीर कारोबारी
सितंबर 2026 में जारी हुरुन इंडिया रिच लिस्ट के मुताबिक, विनोद अग्रवाल की संपत्ति 10,200 करोड़ रुपये है। पिछले साल के मुकाबले उनकी संपत्ति में करीब 700 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वे लगातार पांचवीं बार मध्य प्रदेश के सबसे अमीर कारोबारी बने हैं। देश की अमीरों की सूची में उन्हें 365वां स्थान मिला है। उनका कारोबार कोयले के आयात, वितरण, सप्लाई नेटवर्क और रियल एस्टेट से जुड़ा है।
24 करोड़ रुपये दान कर बने देश के बड़े दानदाता
- विनोद अग्रवाल कारोबार के साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं। एडेलगिव हुरुन इंडिया फिलान्थ्रोपी लिस्ट-2026 में 24 करोड़ रुपये के दान के साथ उन्हें देश में 60वां स्थान मिला है। वे लगातार छठी बार इस सूची में शामिल हुए हैं।
- उनके मार्गदर्शन में बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, अन्नसेवा, गोसेवा, खेल और जनकल्याण से जुड़े काम करता है। फाउंडेशन के तहत जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने, बच्चों के हृदय उपचार में सहयोग, स्वास्थ्य शिविर और शिक्षा से जुड़ी पहलें संचालित की जाती हैं। उज्जैन के महाकाल अन्नक्षेत्र और अयोध्या के चमेली देवी अग्रवाल अन्नक्षेत्र जैसे प्रकल्प भी उनकी सामाजिक गतिविधियों का हिस्सा हैं।
- विनोद अग्रवाल का मानना है कि कारोबार में मिली सफलता का लाभ समाज तक भी पहुंचना चाहिए। यही वजह है कि वे कारोबारी पहचान के साथ सामाजिक योगदान के लिए भी चर्चा में रहते हैं।
















