Maharashtra Love Marriage Controversy: महाराष्ट्र में श्रावणी राणे और मोहम्मद फैज की शादी पर विवाद खड़ा हो गया है। मां ने धर्म परिवर्तन का आरोप लगाया, जबकि श्रावणी ने कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है। जानिए पूरा मामला।
महाराष्ट्र में एक प्रेम विवाह अब पुलिस, अदालत और राजनीति के बीच उलझ गया है। 22 साल की श्रावणी राणे ने 26 साल के मोहम्मद फैज से शादी की, लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद उनकी मां ने जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी। विवाद इतना बढ़ा कि मामला अदालत तक पहुंच गया। इस बीच श्रावणी ने सवाल उठाया है कि जब उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है, तो उन्हें परेशान क्यों किया जा रहा है?
'हाथों की मेहंदी भी नहीं उतरी और कोर्ट जाना पड़ रहा'
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रावणी राणे ने अपनी शादी को लेकर उठे विवाद पर नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि अभी हाथों की मेहंदी भी नहीं उतरी और उन्हें अदालत के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। श्रावणी ने आरोप लगाया कि उनकी निजी जिंदगी को राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि मोहम्मद फैज से शादी करने का फैसला उनका अपना था और इसके लिए किसी ने दबाव नहीं बनाया।
यह भी पढ़ें: कौन हैं 24 करोड़ दान करने वाले MP के विनोद अग्रवाल? जिन्होंने खड़ा किया अरबों का सम्राज्य
'मैंने धर्म नहीं बदला', आधार और पैन कार्ड का दिया हवाला
श्रावणी ने धर्म परिवर्तन के आरोपों को खारिज किया है। उनके मुताबिक, शादी के बाद भी उनके आधार और पैन कार्ड पर नाम 'श्रावणी नीलेश राणे' ही दर्ज है। विवाद की एक वजह शादी के रिसेप्शन कार्ड पर 'आयशा' नाम लिखा होना बताया जा रहा है। श्रावणी का कहना है कि परिवार के लोग उन्हें प्यार से आयशा बुलाते हैं। किसी का नाम या पहनावा उसके धर्म परिवर्तन का प्रमाण नहीं हो सकता।
स्कूल से शुरू हुई दोस्ती, 2022 में हुआ प्यार
श्रावणी के मुताबिक, वह मोहम्मद फैज को स्कूल के दिनों से जानती हैं। दोनों के बीच साल 2022 में प्रेम संबंध शुरू हुआ और बाद में उन्होंने शादी करने का फैसला किया। श्रावणी ने बताया कि शादी के बाद उनकी मां से फोन पर बातचीत भी हुई थी। हालांकि, परिवार की नाराजगी और पुलिस शिकायत के बाद यह रिश्ता विवादों में घिर गया।
बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने लगाए गंभीर आरोप
श्रावणी की मां नीलेशा राणे बीजेपी नेता किरीट सोमैया के साथ मुंबई के मेघवाड़ी थाने पहुंची थीं। सोमैया ने आरोप लगाया कि हिंदू युवती को प्रेम संबंध में फंसाकर धर्म परिवर्तन कराया गया। उन्होंने शादी के कुछ सप्ताह बाद मुस्लिम रीति-रिवाज से विवाह किए जाने पर भी सवाल उठाए। वहीं, श्रावणी ने इन आरोपों को राजनीतिक हस्तक्षेप करार दिया है। उन्होंने पुलिस के सामने भी अपनी मर्जी से शादी करने और धर्म परिवर्तन नहीं करने की बात कही है।
मां ने शादी मानने से किया इनकार, फैज को मिली अग्रिम जमानत
श्रावणी की मां नीलेशा राणे का दावा है कि उनकी बेटी का धर्म परिवर्तन कराया गया है। उन्होंने बेटी के बुर्का पहनने और मराठी रीति-रिवाज से शादी नहीं होने पर सवाल उठाए। साथ ही फैज पर धमकाने का आरोप भी लगाया। शिकायत के बाद पुलिस ने फैज के खिलाफ मामला दर्ज किया। हालांकि, अदालत ने मोहम्मद फैज अकबर खान को 50 हजार रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही जमानत राशि पर अग्रिम जमानत दे दी। फिलहाल, धर्म परिवर्तन और धमकी के आरोप विवादित हैं। अदालत से अग्रिम जमानत मिलने का अर्थ इन आरोपों पर अंतिम फैसला होना नहीं है।
यह भी पढ़ें: बाप रे! भोपाल में 599 मकानों पर चल रहा बुलडोजर, जानिए क्यों एक साथ तोड़े जा रहे इतने सारे घर














