
नई दिल्ली। गौतम अडानी (Rahul Gandhi) पर लगे रिश्वतखोरी के आरोपों का जिक्र करते हुए विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला किया है। गुरुवार को राहुल ने कहा कि नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार में गौतम अडानी के साथ मिले हुए हैं। अडानी को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। गंभीर आरोप लगने पर भी वे बेखौफ घूम रहे हैं। पीएम मोदी उन्हें बचा रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा, "अब यह बिल्कुल स्पष्ट और स्थापित हो चुका है कि अडानी ने भारतीय कानून और अमेरिकी कानून दोनों को तोड़ा है। इसके बाद भी अडानी इस देश में खुले घूम रहे हैं। प्रधानमंत्री अडानी को बचा रहे हैं। प्रधानमंत्री अडानी के साथ भ्रष्टाचार में शामिल हैं।"
राहुल ने संकेत दिया कि वह संसद के आगामी शीतकालीन सत्र में इस मुद्दे को उठाएंगे। उन्होंने कहा, "विपक्ष के नेता के तौर पर यह मेरी जिम्मेदारी है कि मैं इस मुद्दे को उठाऊं। इस आदमी ने भ्रष्टाचार के जरिए भारत की संपत्ति अर्जित की है। वह भाजपा को समर्थन देता है। यह स्थापित है। जेपीसी हमारी मांग है, लेकिन हम चाहते हैं कि अडानी को गिरफ्तार किया जाए।"
बता दें कि अमेरिकी अभियोजकों ने अडानी और उनके भतीजे पर राज्य बिजली वितरण कंपनियों के साथ सौर ऊर्जा अनुबंध हासिल करने के लिए भारतीय सरकारी अधिकारियों को 2,029 करोड़ रुपए रिश्वत देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पैसे 2020 और 2024 के बीच दिए गए।
भाजपा ने राहुल गांधी के आरोपों का जवाब दिया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। पात्रा ने कहा, "अडानी समूह के खिलाफ अमेरिकी आरोपों में जिन चार राज्यों का उल्लेख किया गया है, उनमें से किसी में भी भाजपा का मुख्यमंत्री नहीं था। छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सत्ता में थे।"
यह भी पढ़ें- अडानी समूह ने रिश्वतखोरी के आरोपों से किया इनकार, कहा- लेंगे कानूनी मदद
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.