टाटा के बाद कोरोना से लड़ाई में आगे आए अडानी, पीएम फंड में 100 करोड़ रुपए देने का ऐलान

दुनिया के 199 देशों पर कोरोना का कहर जारी है। भारत में भी लगातार इसके मामले बढ़ रहे हैं। पूरा देश कोरोना के खिलाफ लड़ाई में एकजुट होता नजर आ रहा है। जनता, नेताओं से लेकर उद्योगपति तक सभी आर्थिक मदद कर रहे हैं।

Asianet News Hindi | Published : Mar 29, 2020 1:14 PM IST / Updated: Mar 29 2020, 06:46 PM IST

नई दिल्ली. दुनिया के 199 देशों पर कोरोना का कहर जारी है। भारत में भी लगातार इसके मामले बढ़ रहे हैं। पूरा देश कोरोना के खिलाफ लड़ाई में एकजुट होता नजर आ रहा है। जनता, नेताओं से लेकर उद्योगपति तक सभी आर्थिक मदद कर रहे हैं। टाटा सन्स के चेयरमैन रतन टाटा के बाद अब अडानी ग्रुप के संस्थापक गौतम अडानी भी आगे आए हैं। अडानी ने पीएम फंड में 100 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ही कोरोना से लड़ने के लिए पीएम फंड का गठन किया है।

गौतम अडानी ने कहा,   कोरोना के खिलाफ इस लड़ाई में अडानी फाउंडेशन भी 100 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद की पेशकश कर रहा है। अडानी समूह इस कठिन समय में सरकार और साथी नागरिकों के समर्थन के लिए अतिरिक्त मदद भी देगा। 

 

टाटा ने की 1500 करोड़ की आर्थिक मदद
इससे पहले शनिवार को टाटा ट्रस्ट ने कोरोना के खिलाफ इस लड़ाई में 1500 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया है। पहले रतन टाटा ने 500 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया, इसके कुछ घंटे बाद ही टाटा सन्स की ओर से 1000 करोड़ की आर्थिक मदद का ऐलान किया गया।

ये उद्योगपति भी मदद के लिए आए आगे
अनिल अग्रवाल: वेदांता रिसोर्सिस लिमिटेड के अनिल अग्रवाल ने कोरोना से लड़ाई के लिए 100 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया है। अनिल 2019 में सबसे अमीर भारतीय की सूची में 38वें स्थान पर थे।

मुकेश अंबानी: रिलायंस चेयरमैन मुकेश अंबानी ने बीएमसी के साथ मिलकर कोरोना के मरीजों के लिए 100 बेडों का अस्पताल बनवाया है। इसके अलावा उन्होंने महाराष्ट्र सरकार को 5 करोड़ रुपए भी दिए हैं।

आनंद महिंद्रा: महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने अपनी पूरी सैलरी कोरोना के खिलाफ फंड में देने का ऐलान किया है। इसके अलावा उन्होंने अपनी निर्माण इकाइयों में वेंटिलेटर बनवाने का फैसला किया, जिससे देश में इसकी कमी ना हो सके। इसके अलावा महिंद्रा ग्रुप ने अपने रिजॉर्ट को मरीजों के लिए खोलने का ऐलान किया है।

पंकज एम मुंजाल: कोरोना से लड़ने के लिए हीरो साइकल्स ग्रुप ने भी आपात निधि में 100 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया है। इसके अलावा कंपनी ने कोरोना रिलीफ फंड भी बनाया है।

बजाज ग्रुप: कोरोना से निपटने के लिए बजाज ग्रुप ने 100 करोड़ रुपए की आपात निधि देने का ऐलान किया है।

Share this article
click me!