Ramban Fire Incident: जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के थाठा गांव में रविवार सुबह एक भीषण आग लग गई, जिसमें चार घर पूरी तरह से जलकर खाक हो गए। अच्छी बात यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई। प्रशासन और स्थानीय विधायक ने प्रभावित परिवारों को तुरंत आर्थिक मदद और अन्य सहायता देने का ऐलान किया है।

Four Houses Destroyed in Fire: जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के गनोट इलाके के थाठा गांव में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। इस हादसे में चार घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। आग की सूचना मिलते ही फायर सर्विस, पुलिस, क्विक रिस्पांस टीम (QRT) और नागरिक प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

रामबन के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद इलियास खान ने बताया कि रविवार सुबह आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन ने बचाव दलों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया था। टीमों ने आग को आसपास के दूसरे घरों तक फैलने से रोकने में सफलता हासिल की। हालांकि, इस घटना में चार परिवारों के घर पूरी तरह नष्ट हो गए और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा।

रेड क्रॉस और SDRF से मिलेगी आर्थिक मदद

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को रेड क्रॉस के माध्यम से राहत सामग्री और जरूरी सहायता उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा, पीड़ित परिवारों को राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (SDRF) के नियमों के तहत मुआवजा भी दिया जाएगा।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्रभावित परिवारों को इस मुश्किल समय में हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी।

विधायक ने किया एक लाख रुपये देने का ऐलान

स्थानीय विधायक अर्जुन सिंह राजू ने भी आग से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। उन्होंने अपनी विधायक निधि यानी कॉन्स्टिट्यूएंसी डेवलपमेंट फंड से प्रत्येक प्रभावित परिवार को एक लाख रुपये देने का ऐलान किया।

विधायक के मुताबिक, प्रत्येक परिवार को SDRF के तहत 1.5 लाख रुपये और रेड क्रॉस की ओर से 50 हजार रुपये की नकद सहायता दी गई है। इसके अलावा, विधायक निधि से एक लाख रुपये की अतिरिक्त मदद मिलेगी। इस तरह प्रत्येक परिवार को करीब 3 से 3.5 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री राहत कोष से भी मांगी मदद

अर्जुन सिंह राजू ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से संपर्क कर प्रभावित परिवारों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्हें उम्मीद है कि सरकार की ओर से पीड़ित परिवारों को और मदद मिलेगी।

आग बुझाने के लिए एकजुट हुए हिंदू-मुस्लिम

इस घटना के दौरान गांव में सामाजिक एकता की भी मिसाल देखने को मिली। विधायक ने बताया कि आग बुझाने के लिए हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग एक साथ आगे आए। सभी ने मिलकर आग को दूसरे घरों तक फैलने से रोकने में मदद की।

उन्होंने मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों का साथ देने वाले स्थानीय लोगों का आभार जताया। प्रशासन ने भी पीड़ितों को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।