UP Election 2027: राधे-राधे के नारे पर अखिलेश यादव और बीजेपी में सियासी जंग तेज। केशव मौर्य ने 2047 तक सपा की वापसी न होने का दावा किया, वहीं ब्रजेश पाठक ने कारसेवकों का मुद्दा उठाकर निशाना साधा।
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अब 'राधे-राधे' के नारे पर सियासी घमासान छिड़ गया है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बीजेपी के कमल को मुरझाया हुआ बताया तो प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम ने उन पर हमला बोल दिया। केशव प्रसाद मौर्य ने यहां तक दावा कर दिया कि समाजवादी पार्टी 2047 तक सत्ता में नहीं लौट पाएगी। वहीं, ब्रजेश पाठक ने सनातन संस्कृति और कारसेवकों का मुद्दा उठाकर अखिलेश को घेरा।
'अपनी आंखों का इलाज कराएं अखिलेश' – केशव मौर्य
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव के कमल मुरझाने वाले बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सपा को अपनी पंचर साइकिल नजर नहीं आती, लेकिन बीजेपी का कमल मुरझाया हुआ दिखाई देता है। मौर्य ने अखिलेश को आंखों का इलाज कराने की सलाह देते हुए दावा किया कि जनता के आशीर्वाद से बीजेपी लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
यह भी पढ़ें: कभी बेंगलुरु में पढ़ते थे Balen Shah, आज नेपाल के PM बनकर भारत पहुंचे! 18 हजार करोड़ की चर्चा
'जय श्रीराम से घबराते थे, अब राधे-राधे से बेचैन'
केशव मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि अयोध्या में जय श्रीराम और ब्रज में राधे-राधे कहना धार्मिक परंपरा का हिस्सा है, फिर सपा को इससे परेशानी क्यों है? मौर्य ने दावा किया कि 2027 में सपा की सत्ता में वापसी का सपना टूट जाएगा और प्रदेश में दोबारा बीजेपी की सरकार बनेगी।
ब्रजेश पाठक ने कारसेवकों का मुद्दा उठाया
दूसरी ओर, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव की सनातन संस्कृति की समझ पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के शासनकाल में निहत्थे कारसेवकों पर गोली चलाने का आदेश दिया गया था। पाठक ने कहा कि अखिलेश को अयोध्या में रामलला और मथुरा में भगवान कृष्ण के दर्शन करने चाहिए। हालांकि, कारसेवकों पर गोलीबारी की जिस घटना का उन्होंने जिक्र किया, वह 1990 में मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री कार्यकाल की थी।
अखिलेश ने क्यों कहा था 'राधे-राधे'?
दरअसल, मथुरा में बीजेपी की दो दिवसीय बैठक के दौरान 'राधे-राधे, कमल खिला दे' का नारा सामने आया था। इस पर अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा था कि उनके इलाके में विदाई के समय राधे-राधे कहा जाता है। इसलिए 2027 में बीजेपी की विदाई भी इसी तरह होगी। उन्होंने बीजेपी के कमल के मुरझाने की बात भी कही थी।
क्या 2027 में मथुरा बनेगा चुनावी मुद्दा?
बीजेपी की मथुरा बैठक में कृष्ण जन्मभूमि, संगठन की मजबूती और बूथ प्रबंधन जैसे विषय प्रमुखता से उठे। राजनीतिक तौर पर बीजेपी धार्मिक-सांस्कृतिक मुद्दों के जरिए अपना जनाधार मजबूत करने की कोशिश कर रही है, जबकि अखिलेश यादव PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण पर भरोसा जता रहे हैं। ऐसे में सवाल है कि 2027 में मतदाता धार्मिक नारों को प्राथमिकता देंगे या रोजगार, विकास और स्थानीय मुद्दों को?
यह भी पढ़ें: Israel के समर्थन में बोले राहुल गांधी तो अपनों ने ही खोला मोर्चा! तुषार गांधी से लेकर लेफ्ट तक नाराज














