
नई दिल्ली। दिल्ली से लंदन के लिए उड़ान भर रही एयर इंडिया की फ्लाइट (Air India flight) में एक यात्री ने केबिन क्रू मेंबर्स के साथ झगड़ा किया। उसने क्रू मेंबर्स की पिटाई कर दी, जिसके चलते विमान को वापस दिल्ली लौटना पड़ा। एयर इंडिया ने कहा कि विमान सोमवार दोपहर को लंदन के लिए फिर से उड़ान भरेगा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उड़ान के दौरान यात्री हिंसक हो गया था। उसने दो केबिन क्रू मेंबर्स को पीटा। विमान दिल्ली से सुबह 6:35 बजे उड़ा था। विमान के टेकऑफ करने के कुछ देर बाद यात्री ने झगड़ा शुरू कर दिया। इसके चलते विमान को लौटाना पड़ा। विमान ने सुबह करीब 9:40 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। एयर इंडिया ने दिल्ली पुलिस में यात्री के खिलाफ शिकायत की है और उसे पुलिस के हवाले कर दिया है।
एयर इंडिया ने जारी किया बयान
इस घटना के संबंध में एयर इंडिया ने बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 111 ने रविवार को दिल्ली से लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट के लिए टेकऑफ किया। उड़ान के दौरान एक यात्री ने अनियंत्रित व्यवहार किया। इसके चलते फ्लाइट को दिल्ली लौटना पड़ा। यात्री को कई बार मौखिक और लिखित चेतावनी दी गई। इसके बाद भी वह झगड़ता रहा। उसने केबिन क्रू के दो सदस्यों को शारीरिक नुकसान पहुंचाया। इसके चलते पायलट ने विमान को दिल्ली लौटाने का फैसला किया। लैंडिंग के बाद यात्री को सुरक्षाकर्मियों के हवाले कर दिया गया।
एयर इंडिया ने कहा, "यात्री के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। विमान में सवार सभी यात्रियों की सुरक्षा और सम्मान हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इस घटना से प्रभावित हुए क्रू मेंबर्स को हम हरसंभव मदद दे रहे हैं। हमें यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है। फ्लाइट आज दोपहर को लंदन के लिए टेकऑफ करेगी।"
यह भी पढ़ें- दलाई लामा ने नाबालिग लड़के को किया किस, जीभ निकाल किया इशारा, वीडियो सामने आने पर मचा बवाल
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.