
अहमदाबाद. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के खिलाफ सोशल मीडिया पर भद्दे कमेंट्स करने वाले शख्स को गुजरात के कच्छ जिले से गिरफ्तार किया है। कच्छ की पुलिस ने बताया कि यह शख्स कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स को मिली हार से काफी बौखलाया हुआ था। उसी कुंठा में उसने महेंद्र सिंह धोनी की पांच वर्षीय बेटी जीवा को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी। गुजरात पुलिस ने सोशल मीडिया एक्ट के तहत इस शख्स को गिरफ्तार किया है और जल्द ही उसे रांची पुलिस के हवाले किया जाएगा।
गिरफ्तार किया गया शख्स नाबालिग है और 12वीं कक्षा में पढ़ाई करता है। इसे मुंद्रा के नामना कपाया गांव से गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार को चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच IPL मैच खेला गया था। इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 167 रन बनाए थे। जिसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स 157 रन ही बना सकी और कोलकाता नाइट राइडर्स को 10 रनों की जीत मिली। इस बात से खफा होकर इस नाबालिग शख्स ने सोशल साइट पर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को धमकी दी और उन पर अभद्र टिप्पणी की थी।
बढ़ाई गई धोनी के घर की सुरक्षा
सोशल साइट्स पर मिली इस धमकी के बाद रांची पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के रांची स्थित फार्म हाउस की सुरक्षा बढ़ा दी थी। वहीं, इस अभद्र टिप्पणी के बाद खेल, सिनेमा जगत समेत पूरे देश में दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। एक्ट्रेस नगमा ने इस बात की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा कि यह देश में क्या हो रहा है? नगमा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि एक देश के तौर पर हम कहां खड़े हैं? यह बहुत ही शर्मनाक है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.