BJP ने 5 साल में अरबपतियों के माफ किए 10 लाख करोड़ के कर्ज, 'ऑपरेशन लोटस' पर खर्च किए 6300 करोड़: केजरीवाल

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने पांच साल में अरबपतियों के 10 लाख करोड़ रुपए के कर्ज माफ किए। वे विधायकों को खरीदने के लिए पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाते हैं। भाजपा एमएलए खरीदना बंद कर दे और अरबपति दोस्तों के कर्ज माफ करना बंद कर दें तो महंगाई खत्म हो जाएगी। 
 

Asianet News Hindi | Published : Aug 29, 2022 6:42 AM IST / Updated: Aug 29 2022, 12:39 PM IST

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। विधानसभा में बोलते हुए केजरीवाल ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बीजेपी की सरकार पर आरोप लगाया कि उसने पांच साल में अरबपतियों के 10 लाख करोड़ रुपए के कर्ज माफ किए। इसके साथ ही उन्होंने विधायकों को खरीदने के लिए पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने का आरोप लगाया और कहा कि 'ऑपरेशन लोटस' पर 6300 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने संसद में खुद बयान दिया है कि 5 साल में अरबपतियों के 10 लाख करोड़ रुपए के कर्ज माफ किए गए। इन्होंने अपने अरबपति दोस्तों के कर्ज माफ करने के लिए टैक्स बढ़ाए। दूसरी ओर किसान दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। 

किसानों की जब्त कर लेते हैं जमीन
सीएम ने कहा कि अगर कोई किसान 50 हजार रुपए का कर्ज लेता है और किस्त नहीं चुका पाता तो उसकी जमीन की कुर्की कर लेते हैं। छात्र कर्ज नहीं चुका पाता है तो उसके पिता की जमीन जब्त कर लेते हैं। मिडिल क्लास के किसी आदमी ने कार या घर खरीदा और उसकी एक किस्त नहीं दे पाया तो उसकी कार और घर को जब्त कर लिया जाता है। दूसरी ओर अरबपतियों के हजारों करोड़ रुपए के कर्ज माफ किए जाते हैं। 

अगर ये अपने दोस्तों के माफ किए गए कर्ज रिकवर कर लें तो महंगाई खत्म हो जाएगी। देश पर पहले अंग्रेजों का राज था। वे हमारे देश के लोगों को कोड़े मारकर टैक्स लेते थे। वे टैक्स से मिले पैसे भारत में खर्च नहीं करते थे। उसे अपने देश ब्रिटेन ले जाते थे। उनके बाद ये अंग्रेज आए हैं। ये गरीबों का खून चूस रहे हैं और टैक्स से मिले पैसे आम लोगों पर खर्च नहीं कर रहे हैं। ये पैसे अरबपति दोस्तों के जेब में डाल रहे हैं। इसलिए महंगाई है। 

विधायक खरीदने के लिए बढ़ाते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश में पेट्रोल और डीजल महंगा होता जा रहा है। पूरी दुनिया में तेल के दाम गिरते हैं तो हमारे देश में बढ़ते हैं। पेट्रोल और डीजल पर अनाप-शनाप टैक्स लगाए गए हैं। इससे मिलने वाला पैसा ऑपरेशन लोटस को जा रहा है। ये अलग-अलग राज्यों में विधायकों को खरीदकर अपनी सरकार बनाते हैं। पिछले दिनों हमारे विधायकों को 20-20 करोड़ रुपए का ऑफर मिला। 12 विधायकों ने आकर मुझे इसके बारे में बताया। 

केजरीवाल ने कहा कि इनका टारगेट आप के 40 विधायकों को खरीदने का था। इसके लिए 800 करोड़ रुपए रखे हुए थे। दिल्ली के सारे विधायक ईमानदार हैं। कोई नहीं बिका। इसके चलते यहां उनका ऑपरेशन लोटस फेल हो गया। इन्होंने महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, कर्नाटक और अन्य राज्यों में दूसरी पार्टियों के 277 विधायक खरीदे हैं और अपनी सरकारें बनाई हैं। ऑपरेशन लोटस पर 6300 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।

झारखंड में हो रही सरकार गिराने की कोशिश
सीएम ने कहा कि अब झारखंड में सरकार गिराने की कोशिश हो रही है। अगली बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ें तो समझ लेना कि किसी राज्य में सरकार गिरने वाली है। झारखंड की सरकार गिरने वाली है, देख लेना 15-20 दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ जाएंगे। आजादी के 75 साल में सबसे ज्यादा भ्रष्ट सरकार मौजूदा केंद्र की सरकार है। इन्हें गरीबों की हाय लगेगी। ये गरीब के बच्चे का पेट काटकर एमएलए खरीदते हैं और अरबपति दोस्तों का खजाना भरते हैं। 

यह भी पढ़ें- 'ऑपरेशन लोटस' के जवाब में केजरीवाल ने पेश किया विश्वास प्रस्ताव, BJP पर लगाया सरकार गिराने की कोशिश का आरोप

केजरीवाल ने कहा कि आज भाजपा एमएलए खरीदना बंद कर दे और अरबपति दोस्तों के कर्ज माफ करना बंद कर दे तो महंगाई खत्म हो जाएगी। पहले शराब के लिए हल्ला मचा रहे थे। अब नए क्लास रूम और शौचालय क्यों ज्यादा बना दिए यह पूछ रहे हैं। हमने अपनी बच्चियों के लिए ज्यादा शौचालय बना दिया तो क्या गलत किया? हम विश्वास मत लेकर आए हैं। यह दिखाने के लिए कि आम आदनी पार्टी का एक-एक नेता और कार्यकर्ता ईमानदार है। हम दिल्ली की जनता के सामने साबित करेंगे कि एक भी विधायक नहीं बिका।

यह भी पढ़ें- हिजाब कंट्रोवर्सी: कर्नाटक HC के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई,सरकार को नोटिस,अगली तारीख 5 सितंबर

Read more Articles on
Share this article
click me!