
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल 24 घंटे में दिल्ली के सीएम पद से इस्तीफा देने वाले हैं। अब राजनीतिक गलियारों में सबसे बड़ा सवाल घूम रहा है कि सीएम की कुर्सी किसे मिलेगी। अगले साल फरवरी में दिल्ली विधानसभा के चुनाव होने हैं। केजरीवाल ने मांग की है कि दिल्ली में चुनाव महाराष्ट्र के चुनावों के साथ ही नवंबर में कराए जाएं।
पूर्व उपमुख्यमंत्री सिसोदिया ने भी कहा है कि वे लोगों के बीच जाएंगे और दोबारा चुनाव जीतने के बाद ही सरकार में पद स्वीकार करेंगे। इससे साफ हो गया है कि सीएम पद की रेस में वह नहीं हैं। दिल्ली का नया सीएम कौन होगा इसको लेकर केजरीवाल के अपने पर में मनीष सिसोदिया और राघव चड्ढा के साथ करीब एक घंटे तक बैठक की है।
दिल्ली सीएम पद की रेस में हैं ये पांच नेता
आतिशी
आतिशी इस वक्त दिल्ली सरकार में सबसे ताकतवर मंत्री हैं। वह शिक्षा और पीडब्ल्यूडी जैसे महत्वपूर्ण विभागों को संभाल रही हैं। उन्हें सीएम पद की प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की पूर्व छात्रा और रोड्स स्कॉलर आतिशी ने दिल्ली के स्कूलों में शिक्षा के सुधार के लिए AAP के प्रमुख अभियान में बड़े पैमाने पर काम किया है। 15 अगस्त को केजरीवाल ने उन्हें दिल्ली सरकार के स्वतंत्रता दिवस समारोह में तिरंगा फहराने के लिए चुना था।
सौरभ भारद्वाज
सौरभ भारद्वाज तीन बार विधायक रह चुके हैं। वह सतर्कता और स्वास्थ्य विभाग के मंत्री हैं। वह पहले सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। भारद्वाज आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी हैं। जब पार्टी के शीर्ष नेता भ्रष्टाचार के मामलों में गिरफ्तार किए जाने के बाद जेल में थे तब वे पार्टी का पक्ष रख रहे थे।
राघव चड्ढा
राघव चड्ढा आप के राज्यसभा सांसद हैं। वह पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य भी हैं। चड्ढा पहले चार्टर्ड अकाउंटेंट थे। वह आप की स्थापना के समय से ही पार्टी में हैं।
कैलाश गहलोत
पेशे से वकील कैलाश गहलोत दिल्ली सरकार के सीनियर मंत्री हैं। उनके पास परिवहन, वित्त और गृह मंत्रालय जैसे प्रमुख विभाग हैं। 50 साल के गहलोत 2015 से दिल्ली के नजफगढ़ निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं।
संजय सिंह
संजय सिंह की गिनती आप के शीर्ष नेताओं में होती है। वह 2018 से राज्यसभा सांसद हैं। 52 साल के संजय के पास माइनिंग इंजीनियरिंग में डिप्लोमा है। वह पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से हैं। इसके साथ ही पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य हैं।
यह भी पढ़ें- आरक्षण पर राहुल गांधी ने खड़ा किया विवाद, सकारात्मक कार्रवाई के सामने है ये खतरा
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.