
गुवाहाटी। असम के बारेगांव के निजारापार इलाके में एक महिला के साथ 8 लोगों द्वारा गैंगरेप किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। दरिंदों ने गैंगरेप के समय का वीडियो बना लिया और उसे WhatsApp पर शेयर कर दिया। घटना 17 नवंबर की है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों को इसके बारे में पता चला।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बेहद परेशान करने वाले वीडियो के वायरल होने के बाद मामला 12 दिसंबर को प्रकाश में आया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने 9 आरोपियों में से सात को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान 23 साल के कुलदीप नाथ, 22 साल के बिजॉय राभा, 18 साल के पिंकू दास, 21 साल के गगन दास, 20 साल के सौरव बोरो, 19 साल के मृणाल राभा और 21 साल के दिपंकर मुखिया के रूप में हुई है। बाकी बचे दो आरोपियों को पुलिस तलाश रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिलाओं और बच्चों के साथ यौन अपराध के एक अन्य मामले में पीड़िता के पिता ने आरोपी की हत्या कर दी। घटना आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले की है। यहां 59 साल के एक व्यक्ति पर अपनी रिश्तेदार 12 साल की बच्ची का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा। बच्ची का पिता कुवैत में काम करता है। उसे घटना के बारे में जानकारी मिली तो वह अपने पैतृक गांव लौटा। उसने आरोपी की हत्या की और वापस कुवैत भाग गया।
मृतक की पहचान अंजनेयुलु के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पहले संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया था। हालांकि बच्ची के पिता ने हाल ही में एक वीडियो जारी कर अपनी हरकतों के बारे में बताया। इसके बाद पता चला कि अंजनेयुलु की हत्या की गई है।
वीडियो में उसने खुलासा किया कि वह और उसकी पत्नी कुवैत में काम करते हैं। उनकी बेटी गांव में अपनी मां के रिश्तेदारों के पास रहती है। आरोपी लड़की का नाना था। उसने बच्ची के साथ गलत हरकत की। लड़की ने अपने माता-पिता को बताया तो उसकी मां गांव लौट आई और स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के पिता के अनुसार, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बजाय दोनों पक्षों से मामले को सुलझाने के लिए कहा।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.