
बेंगलुरु: बेंगलुरु की युवा डॉक्टर कृतिका रेड्डी की हत्या के मामले में जांच से जुड़ी और भी जानकारी सामने आई है। जांच में सबसे अहम मोड़ तब आया, जब पुलिस ने आरोपी पति का वो व्हाट्सएप मैसेज रिकवर कर लिया, जो उसने अपनी प्रेमिका को भेजा था। इस मैसेज में उसने कृतिका की हत्या की बात कही थी। डॉक्टर महेंद्र रेड्डी ने यह मैसेज भेजने के बाद डिलीट कर दिया था। लेकिन पुलिस ने जब इसे व्हाट्सएप से ढूंढ निकाला, तो आरोपी के पास कोई रास्ता नहीं बचा और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने प्रेम संबंध को जारी रखने के लिए यह हत्या की। डॉक्टर महेंद्र रेड्डी ने यह भी बताया कि उसे डर था कि तलाक देने पर उसे संपत्ति गंवानी पड़ सकती है, इसलिए उसने हत्या का रास्ता चुना।
बेंगलुरु में एनेस्थीसिया देकर एक युवा डॉक्टर की उसके पति द्वारा हत्या किए जाने के मामले में यह अहम जानकारी सामने आई है। FSL रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार तो कर लिया था, लेकिन हत्या क्यों की, इस सवाल का जवाब नहीं मिल रहा था। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। महेंद्र ने पुलिस को बताया कि जब उसे लगा कि कृतिका उसके प्रेम संबंध में रुकावट बन रही है, तो उसने उसे रास्ते से हटाने का फैसला किया। उसे यह भी चिंता थी कि तलाक देने पर पत्नी के नाम की करोड़ों की संपत्ति हाथ से निकल जाएगी। डॉक्टर महेंद्र ने पुलिस को यह भी बताया कि रिश्तेदार ने यह बात छिपाकर शादी कराई थी कि कृतिका को कैंसर है, जिससे वह परेशान रहता था।
महेंद्र ने साफ किया कि उसने एनेस्थीसिया का इस्तेमाल इसलिए किया ताकि किसी को शक न हो। आरोपी ने पुलिस से यह भी कहा कि अगर उसे पता होता कि वह पकड़ा जाएगा, तो वह कृतिका को नहीं मारता। पुलिस ने बताया कि जैसे ही उन्होंने कृतिका की हत्या के बारे में उसकी प्रेमिका को भेजे गए व्हाट्सएप चैट को रिकवर किया, डॉक्टर महेंद्र रेड्डी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.