
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 सितंबर को बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। वे पंजाब के गुरदासपुर और हिमाचल प्रदेश के चंबा, मंडी और कुल्लू जिलों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद कांगड़ा में अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे। पंजाब बीजेपी महासचिव अनिल सरीन ने बताया कि पीएम बाढ़ प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात करेंगे।
बिहार के राजगीर में रविवार को खेले गए एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारतीय हॉकी टीम ने इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने पांच बार की विजेता दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। खास बात यह रही कि भारत पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा और आठ साल बाद एशिया कप का ताज अपने सिर सजाया। यह भारत की एशिया कप में चौथी खिताबी जीत है।
रविवार रात देशभर के लोगों ने एक अद्भुत खगोलीय नजारा दिखा। साल का आखिरी पूर्ण चंद्रग्रहण रात 9:58 बजे शुरू हुआ और करीब 3 घंटे 28 मिनट तक चला। इस दौरान चांद का रंग लाल हो गया, जिसे लोग ब्लड मून के नाम से जानते हैं। ग्रहण का यह अद्भुत दृश्य भारत के साथ-साथ दुनिया के कई हिस्सों में देखा गया। तमिलनाडु से इसकी शुरुआत हुई और देश के अलग-अलग राज्यों में लोग खुले आसमान के नीचे इस दृश्य के गवाह बने।
ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पर एक चीनी नाविक हादसे का शिकार हो गया। जानकारी के मुताबिक, नाविक जहाज से गिरकर समुद्र में लापता हो गया था। कई घंटे की तलाश के बाद रविवार को उसका शव समुद्र से बरामद किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान झांग ताई के रूप में हुई है।
यह भी पढ़े: 7 साल बाद देशभर में दिखा ब्लड मून, 82 मिनट तक चला साल का आखिरी पूर्ण चंद्रग्रहण, दिखा अद्भुत नजारा
जमशेदपुर के ओलिडीह थाना क्षेत्र के डिमना चौक के पास अपराधियों ने बंटी कुमार नाम के युवक को गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि गोलीबारी की वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.