Asianet News Hindi | Published : Nov 9, 2020 12:45 PM IST / Updated: Nov 11 2020, 08:03 PM IST

बिहार में जीत पर बोले पीएम मोदी- BJP का साइलेंट वोटर देश की नारी शक्ति, अब उसकी गूंज सुनाई देने लगी है

सार

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई । काउंटिंग शुरू होने के बाद रुझानों में NDA की सरकार बनती दिख रही थी। वही हुआ भी, शुरू से आ रहे रुझान हकीकत में बदलते चले गए और NDA ने एक बार फिर बिहार का चुनावी रण अपने नाम कर लिया। NDA को 125 सीटें मिलीं। महागठबंधन 110 पर ही सिमट गया। चिराग पासवान की पार्टी को सिर्फ 1 वोट मिला।

08:25 PM (IST) Nov 11

'मौत के खेल से मत नहीं मिलेंगे'

पीएम मोदी ने बंगाल और केरल की तरफ इशारा करते हुए कहा, जो लोग लोकतांत्रिक तरीकों से हमारा मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं, हमें चुनौती नहीं दे पा रहे हैं, ऐसे कुछ लोगों ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की हत्या करने का रास्ता अपनाया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के कुछ हिस्सों में उनको लगता है कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतार कर वे अपने इरादे पूरे कर लेंगे। मैं उन सभी से आग्रह पूर्वक समझाने का प्रयास भी करता हूं। मुझे चेतावनी देने की जरूरत नहीं है, वो काम जनता-जर्नादन करेगी। पीएम ने कहा कि चुनाव आते हैं, जाते हैं। जय-पराजय का खेल होता रहा है, कभी ये बैठैगा, कभी वो बैठेगा...लेकिन ये मौत का खेल लोकतंत्र में कभी नहीं चल सकता है। 

पीएम ने कहा कि हम लोकतंत्र को समर्पित हैं। देश ने हम पर जो भरोसा रखा है, उस भरोसे को पूर्ण करने के लिए हम प्रतिबद्ध है। हमारे इरादों पर कोई शक नहीं कर सकता। हमारे प्रयासों के प्रति कभी कोई निराश नहीं होता है। 

08:13 PM (IST) Nov 11

पीएम मोदी ने युवाओं से की खास अपील

पीएम मोदी ने कहा, ऐसे में भारतीय जनता पार्टी का दायित्व और बढ़ जाता है। हमें अपनी पार्टी में भीतर के लोकतंत्र को मजबूत बनाएं रखना है। हमें अपनी पार्टी को जीवंत लोकतंत्र का जीता-जागता उदाहरण बनाना है। पार्टी हर कार्यकर्ता और हर नागरिक के लिए अवसरों का एक बेहतरीन मंच बने। देश के युवाओं से मेरा आह्वान है, वो आगे आएं और बीजेपी के माध्यम से देश की सेवा में जुट जाएं। अपने सपनों को साकार करने के लिए, अपने संकल्पों को सिद्ध करने के लिए, कमल को हाथ में लेकर चल पड़ें।

08:11 PM (IST) Nov 11

'परिवारवादी पार्टियां लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा'

पीएम मोदी ने कहा, दुर्भाग्य से कश्मीर से कन्याकुमारी तक परिवारवादी पार्टियों का जाल लोकतंत्र के लिए खतरा बनता जा रहा है। ये देश का युवा भली-भांति जानता है। परिवारों की पार्टियां या परिवारवादी पार्टियां, लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं।

08:09 PM (IST) Nov 11

21वीं सदी का भारत नए मिजाज का भारत-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, 21वीं सदी का भारत, एक नए मिजाज का भारत है। न हमें आपदाएं रोक सकती हैं और न ही बड़ी-बड़ी चुनौतियां। मैं एक नए भारत के उदय को देख रहा हूं। एक ऐसा भारत, जो आत्मविश्वास से भरा हुआ है, जो अपने सामर्थ्य को पहचानता है, जो अपने लक्ष्यों के प्रति सचेत है। दुर्भाग्य से कश्मीर से कन्याकुमारी तक परिवारवादी पार्टियों का जाल लोकतंत्र के लिए खतरा बनता जा रहा है। ये देश का युवा भली-भांति जानता है। परिवारों की पार्टियां या परिवारवादी पार्टियां, लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं।

08:08 PM (IST) Nov 11

'भाजपा का साइलेंट वोट देश की नारी शक्ति'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, कल से टीवी पर देख रहा हूं, अखबारों पर चर्चा है, साइलेंट वोटर। अब उनकी गूंज सुनाई देने लगी है। भाजपा के पास साइलेंट वोटर का एक ऐसा वर्ग है, जो उसे बार-बार वोट दे रहा है। निरंतर वोट दे रहा है। ये साइलेंट वोटर हैं, देश की माताएं, बहनें, देश की नारी शक्ति। 

पीएम मोदी ने कहा, ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी इलाकों तक महिला वोटर ही भाजपा की सबसे बड़ी साइलेंट वोटर का समूह बन गया है। आखिर ऐसा क्यों है? क्योंकि ये भाजपाई हैं, जिनके शासन में महिलाओं को सम्मान भी मिलता है और सुरक्षा भी मिलती है। बैंक अकाउंट से लेकर बैंक लोन तक। गर्भावस्था के दौरान मुफ्त जांच से लेकर 6 महीने के अवकाश तक, रसोई को धुएं को मुक्त करना हो, या एक रुपए में सेनिटरी पैड देना। ये भाजपा ही जो महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार के लिए हर प्रयास कर रहे हैं। इसलिए भाजपा का ये साइलेंट वोटर हर बार अपना आशीर्वाद देती है।

08:05 PM (IST) Nov 11

बिहार तो सबसे खास है- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, बिहार तो सबसे खास है। अगर आज आप मुझे बिहार के चुनाव नतीजों के बारे में पूछेंगे तो मेरा जवाब भी जनता के जनादेश की तरह साफ है। बिहार में सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र की जीत हुई है। बिहार में विकास के कार्यों की जीत हुई है। बिहार में सच जीता है, विश्वास जीता है ! बिहार का युवा जीता है, माताएं-बहनें-बेटियां जीती हैं! बिहार का गरीब जीता है, किसान जीता है। ये बिहार की आकांक्षाओं की जीत है, बिहार के गौरव की जीत है।

08:00 PM (IST) Nov 11

हम हर वो काम करेंगे जो देश को आगे ले जाए- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा, आज देश, भारतीय जनता पार्टी पर जो स्नेह दिखा रहा है, एनडीए पर जो स्नेह दिखा रहा है उसकी सबसे बड़ी वजह यही है कि भाजपा ने, एनडीए ने देश के विकास को, लोगों के विकास को अपना सर्वोपरि लक्ष्य बनाया हुआ है। हम हर वो काम करेंगे जो देश को आगे ले जाए।

पीएम मोदी ने कहा, आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जिसमें गरीब, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित, अपना प्रतिनिधित्व देखते हैं। आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जो समाज के हर वर्ग की आवश्यकताओं को समझती है, उनके लिए काम कर रही है।

Image

07:53 PM (IST) Nov 11

विकास सबसे बड़ी कसौटी- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा, देश का विकास, राज्य का विकास, आज सबसे बड़ी कसौटी है और आने वाले समय में भी यही चुनाव का आधार रहने वाला है। जो लोग ये नहीं समझ रहे, इस बार भी उनकी जगह-जगह जमानत जब्त हो गई है।

07:49 PM (IST) Nov 11

एनडीए को अपार जनसमर्थन मिला- पीएम मोदी

उन्होंने कहा, भाजपा पूर्व में जीती, मणिपुर में कमल का झंडा फहरा दिया। भारतीय जनता पार्टी पश्चिम में जीती, गुजरात में जीती। भाजपा को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में विजय प्राप्त हुई। और भाजपा को दक्षिण में कर्नाटक-तेलंगाना में सफलता मिली। पीएम मोदी ने कहा, इन चुनाव परिणामों में भाजपा को एनडीए को अपार जनसमर्थन मिला है। इसके लिए भाजपा, एनडीए के लाखों कार्यकर्ता भाइयों-बहनों को जितनी बधाई दूं उतनी कम है। मैं हर कार्यकर्ता और उनके परिवार जनों को हृदय से बधाई देता हूं।

07:44 PM (IST) Nov 11

एनडीए की जीत का जश्न: पीएम मोदी बोले- कभी भाजपा के पास 2 सीटें थीं, दो कमरों से चलती थी, आज देश के हर कोने में है

पीएम मोदी ने कहा, कभी भाजपा की दो सीटें थीं, दो कमरों से पार्टी चलती थी, आज देश के हर कोने में है, हर किसी के दिल में है। आखिर ये कैसे हुआ, क्यों हुआ, इसका उत्तर कल जो नतीजे आए हैं, उसी में मिल जाता है। साथियों भारत के लोग 21वीं सदी के नागरिक बार बार अपना संदेश स्पष्ट कर रहे हैं। अब सेवा का मौका उसी को मिलेगा, जो देश के विकास के लक्ष्य के साथ इमानदारी से काम करेगा। हर राजनीतिक दल से देश के लोगों की यही अपेक्षा है कि देश के लिए काम करो और देश के काम से मतलब रखो। कल के नतीजों ने यह साबित कर दिया, कि अगर आप काम करेंगे, तो लोगों से आशीर्वाद भी मिलेगा।

07:35 PM (IST) Nov 11

एनडीए की जीत का जश्न: पीएम मोदी बोले- कल सुबह से देर रात कर पूरे देश की नजरें टीवी-मोबाइल पर थीं

पीएम मोदी ने कगा, मैं आज आभार व्यक्त करता हूं महान देश की महान जनता का। मैं आज धन्यवाद अर्पित करता हूं देश के कोटि-कोटि नागरिकों का। धन्यवाद इसलिए नहीं कि उन्होंने चुनावों में भाजपा को इतनी बड़ी सफलता दी है, इसके तो वो हकदार हैं ही। धन्यवाद इसलिए क्योंकि लोकतंत्र के इस महान पर्व को हम सभी ने मिलकर बहुत उत्साह से मनाया है। पीएम मोदी ने कहा, कल सुबह से देर रात कर पूरे देश की नजरें टीवी-मोबाइल पर थीं। 

07:23 PM (IST) Nov 11

एनडीए की जीत का जश्न : जेपी नड्डा बोले- जनता ने गुंडा राज के बजाय विकास के राज पर मुहर लगाई

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, बिहार से कर्नाटक, गुजरात, मध्यप्रदेश तक जनता ने मोदी जी के काम पर मुहर लगाई। नड्डा ने कहा, कोरोना महामारी की चपेट में आने के बाद भारत का यह पहला बड़ा चुनाव था। चुनाव में योगदान देने के दृष्टिकोण से, लोगों को हमारे लिए मतदान करने के लिए लाने तक, यह एक बड़ा और परिभाषित करने वाला दौर रहा है।

Image

07:14 PM (IST) Nov 11

बिहार में एनडीए की जीत का जश्न, पार्टी दफ्तर पहुंचे पीएम मोदी, थोड़ी देर में कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित

पीएम मोदी पार्टी दफ्तर पहुंच चुके हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनका स्वागत किया। वे थोड़ी देर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। 

 

06:45 PM (IST) Nov 11

एनडीए की जीत का जश्न: भाजपा दफ्तर में उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब, नड्डा- शाह और राजनाथ पहुंचे

06:39 PM (IST) Nov 11

NDA की जीत का BJP दफ्तर में मन रहा जश्न, नड्डा-शाह पहुंचे; पीएम मोदी कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित

पार्टी दफ्तर पहुंचे अमित शाह

 

06:23 PM (IST) Nov 11

जश्न की तैयारी : भाजपा के दिल्ली दफ्तर में उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब, जेपी नड्डा भी पहुंचे; थोड़ी देर में पीएम पहुंचेंगे

बिहार चुनाव में मिली एनडीए को जीत का जश्न भाजपा के दिल्ली दफ्तर में शुरू हो गया है। यहां ढोल बाजों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। इसके अलावा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पार्टी दफ्तर पहुंच चुके हैं। कार्यकर्ताओं ने फूल बरसा कर उनका स्वागत किया। वहीं, थोड़ी देर में पीएम मोदी के पहुंचने की भी उम्मीद है।  

 

 

पार्टी दफ्तर पहुंचे नड्डा

 

 

 

05:20 PM (IST) Nov 11

तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा ने नीतीश को दी बधाई, बोले- लोगों की आशाओं को पूरा करने में आप सफल होंगे

तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत पर नीतीश कुमार को बधाई दी है। उन्होंने कहा, 'मैं आपके के लिए प्रार्थना करता हूं कि बिहार के लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने में जो भी चुनौतियां हैं, उन्हें पूरा करने में आप सफल होंगे।

04:34 PM (IST) Nov 11

भाजपा के दिल्ली दफ्तर में एनडीए की जीत के जश्न की तैयारियां शुरू, पीएम मोदी भी कार्यक्रम में होंगे शामिल

 बिहार में एनडीए को जीत मिली है। इस जीत के जश्न को लेकर दिल्ली के भाजपा दफ्तर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। पीएम मोदी भी दफ्तर पहुंचेंगे। यहां वे कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे। 

04:00 PM (IST) Nov 11

गिरिराज सिंह ने कहा, RJD ने जो भी बोला झूठ था, तेजस्वी ने झूठा वादा किया

बिहार चुनाव: गिरिराज सिंह ने कहा, तेजस्वी ने 10 लाख नौकरियों का वादा किया। RJD ने जो भी बोला सब झूठ था। राजद अपने कार्यकाल में 1 लाख नौकरी भी नहीं दे पाई थी। झूठे वादे किए थे। 
 

02:36 PM (IST) Nov 11

सुशील मोदी बोले- चिराग की पार्टी एलजेपी की वजह से एनडीए को 25-30 सीटों का नुकसान हुआ

बिहार में भाजपा नेता सुशील मोदी ने यह माना है कि विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी के अलग चुनाव लड़ने की वजह से एनडीए को नुकसान पहुंचा है। सुशील मोदी ने कहा, एलजेपी की वजह से एनडीए को 25-30 सीटों का नुकसान हुआ है। 

01:59 PM (IST) Nov 11

LIVE : पटना में भाजपा का जश्न, शाम को कार्यकर्ताओं को सबोधित करेंगे पीएम मोदी

बिहार में एनडीए को जीत मिली है। वहीं, नीतीश कुमार एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उधर, दिल्ली में भाजपा दफ्तर में जश्न की तैयारी है। पीएम मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा जश्न में शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि वे यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित भी कर सकते हैं। 

01:33 PM (IST) Nov 11

गिरिराज सिंह बोले- न तो कांग्रेस अपनी सीटें बचा पाई ना RJD, जनता ने नीतीश नहीं, तेजस्वी को थका दिया

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, कहावत है, खिसियाने बिल्ली खंबा नोचे... न तो कांग्रेस अपनी सीटें बचा पाई ना राजद। जनता ने इन्हें नकार दिया, ये इन्हें स्वीकारना चाहिए। जनता ने नीतीश कुमार को नहीं उन्हें (तेजस्वी) थका दिया।
 

12:32 PM (IST) Nov 11

नीतीश कुमार को जीत दिलाने में 'W' फैक्टर ने काम किया

बिहार चुनाव में NDA बहुमत के पार 125 सीट पर जीत चुका है। लेकिन इस जीत में सबसे बड़ा योगदान महिलाओं का माना जा रहा है। बिहार के महिला मतदाताओं ने फिर से सुशासन बाबू को चुना है। चुनाव में दूसरे और तीसरे चरण में NDA ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। यह वही दूसरा और तीसरा चरण है जिसमें पुरुषों से ज्यादा महिलाओं ने वोट किया। दूसरे और तीसरे चरण की अधिकांश सीटें उत्तर बिहार में थीं। तीन चरण के बिहार चुनाव 2020 में तीसरे चरण में 65.5 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मतदान किया, जबकि दूसरे चरण में 58.8 प्रतिशत महिलाओं ने वोट किया। इन दोनों चरणों में महिलाओं ने पुरुषों को पछाड़ दिया। तीसरे चरण में पुरुष-महिला वोटर्स के अनुपात में लगभग 11 प्रतिशत का अंतर है, जबकि दूसरे चरण में यह छह प्रतिशत के करीब है। हालांकि, पहले चरण में महिलाओं (54.4%) की तुलना में पुरुषों (56.8%) ने अधिक मतदान किया।

11:43 AM (IST) Nov 11

12 पार्टियों में BJP का स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा, LJP का सबसे कम

बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में भारतीय जनता पार्टी का स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा 67.27 रहा। इसके बाद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (एमएल) (एल) का 63.16, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (एस) का 57.14, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का 52,015, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (एम) का 50, जनता दल (यूनाइटेड) (JDU) का 35.54, कम्युनिस्ट पार्टी का 33.33, विकसील इन्सान पार्टी (VIP) का 30.77, कांग्रेस का 26.03, AIMIM का 12.2, बहुजन समाज पार्टी का 0.93 और लोक जन शक्ति पार्टी (LJP) का 0.74 स्ट्राइक रेट रहा है।

11:31 AM (IST) Nov 11

चिराग पासवान बोले- लोगों ने पीएम मोदी के नाम पर वोट दिया

बिहार चुनाव में एक सीट पर जीत दर्ज कराने वाले LJP नेता चिराग पासवान ने कहा कि लोगों ने पीएम मोदी के नाम पर वोट दिया।
 

09:42 AM (IST) Nov 11

तरक्की दिखती है...JDU ऑफिस के बाहर पोस्टर लगाकर NDA को बधाई दी गई

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के फाइनल नतीजों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली NDA ने 125 सीटों पर जीत हासिल की। जनता दल (यूनाइटेड) के ऑफिस के बाहर पोस्टर लगाकर NDA को जीत की बधाई दी गई।

08:28 AM (IST) Nov 11

JDU ने चार सीट 12,113, 462 और 951 वोटों के अंतर से जीता

बिहार चुनाव में JDU ने चार सीट बहुत कम वोटों के अंतर से जीता। यह सीट हिलसा,बरबीघा, भोरे और परबत्ता हैं। यहां पर क्रमश: JDU ने 12,113, 462 और 951 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।

05:16 AM (IST) Nov 11

सभी 243 सीटों के नतीजे घोषित, नीतीश 7वीं बार बनेंगे CM

एनडीए - 125 सीटें 
महागठबंधन - 110 सीटें 
अन्य - 8 सीटें 


 

04:37 AM (IST) Nov 11

7 वीं बार बिहार के सीएम बनेंगे नीतीश कुमार

बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में NDA ने बाजी मारी है। NDA ने 125 सीटें जीतकर बिहार के रण पर कब्जा कर लिया। नीतीश कुमार 7वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। 
 

04:31 AM (IST) Nov 11

अश्विनी चौबे ने जताया जनता का आभार

केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता अश्विनी कुमार चौबे ने कहा - मैं बिहार की जनता का आभार जताना चाहता हूं। ये जीत पीएम नरेंद्र मोदी की कड़ी मेहनत और मार्गदर्शन का नतीजा है। जनता ने डबल इंजन सरकार को चुना है न कि डबल युवराज को।  

 

03:04 AM (IST) Nov 11

सातवीं बार CM बनेंगे नीतीश

बिहार चुनाव में एनडीए को बहुमत मिला है। एक बार फिर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस बार वह सातवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
 

03:02 AM (IST) Nov 11

243 में से 229 सीटों के लिए परिणाम घोषित

बिहार चुनाव के लिए कुल 243 में से 229 सीटों के लिए परिणाम घोषित हो गए हैं। एनडीए ने 116 सीटें जीतीं (भाजपा 68, जेडीयू 40, वीआईपी 4, हम 4), महागठबंधन ने 105 सीटें (राजद ने 71, कांग्रेस ने 18, वाम ने 16) और एआईएमआईएम ने पांच, बसपा ने एक लोजपा ने एक और निर्दलीय ने एक सीटें जीती हैं।

03:01 AM (IST) Nov 11

चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस

चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रही है। चुनाव आयोग की तरफ से बताया गया कि अभी 17 सीटों पर मतगणना जारी है। 66 राउंड की मतगणना अभी जारी है। अभी फाइनल आंकड़े के लिए एक घंटे का और इंतजार करना पड़ेगा।
 

11:11 PM (IST) Nov 10

काउंटिंग के 14 घंटे बाद LJP की एकमात्र सीट पर जीत, मटिहानी में JDU को 333 वोटों से हराया

वोट की गिनती शुरू होने के 14 घंटे बाद  LJP ने आखिरकार पहली और एकमात्र सीट जीती। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी ने आखिरकार उसी सीट पर जीत हासिल की, जिस पर वह आगे चल रही थी। LJP प्रत्याशी राज कुमार सिंह ने मटिहानी से JDU के बोगो सिंह को 333 वोटों से हराकर जीत हासिल किया।

10:56 PM (IST) Nov 10

हिलसा विधानसभा सीट से JDU उम्मीदवार प्रेम मुखिया 12 वोटों से RJD से आगे

बिहार की हिलसा विधानसभा सीट पर सिर्फ 12 वोटों की वजह से हार और जीत का अंतर है। यहां JDU के प्रेम मुखिया, RJD के शक्ति सिंह यादव से 12 वोट से आगे हैं। यहां RJD ने आरोप लगाया कि हिलसा विधानसभा से RJD उम्मीदवार शक्ति सिंह को निर्वाचन अधिकारी ने 547 वोट से विजयी घोषित कर दिया था और सर्टिफिकेट लेने के लिए इंतजार करने को कहा। फिर सीएम आवास से RO को फोन आता है। फिर अचानक अधिकारी कहते है पोस्टल बैलेट रद्द होने के कारण आप 13 वोट से हार गए।

10:47 PM (IST) Nov 10

नेशनल शॉर्प शूटर और BJP उम्मीदवार श्रेयसी सिंह की जीत, जमुई से RJD को हराया

राष्ट्रीय स्तर की शॉर्प शूटर और भाजपा उम्मीदवार श्रेयसी सिंह ने जमुई विधानसभा सीट से RJD उम्मीदवार विजय प्रकाश को हरा दिया। जीत का अंतर 41 हजार से ज्यादा है।

10:38 PM (IST) Nov 10

बरबीघा सीट पर JDU को महज 113 वोटों से जीत, कांग्रेस के गजानंद शाही को हराया

बरबीघा में JDU 113 वोटों से जीती है। यहां से JDU उम्मीदवार सुदर्शन कुमार ने कांग्रेस के गजानंद शाही को हराया।

10:27 PM (IST) Nov 10

भाकपा (माले) के महबूब आलम, RJD के शंभू नाथ और AIMIM के अख्तरूल बने टॉप 3 कैंडिडेट

बिहार चुनाव में सबसे ज्यादा मार्जिन से जीत दर्ज कराने वाले टॉप थ्री कैंडिडेट: बलरामपुर विधानसभा सीट से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) से महबूब आलम ने 53597 वोटों से वीआईपी उम्मीदवार बरुण कुमार झा को हराया। वीआईपी NDA के साथ है। दूसरे नंबर पर ब्रह्मपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीतने वाले आरजेडी उम्मीदवार शंभू नाथ यादव हैं। उन्होंने 51141 वोटों से एलजेपी के हुलास पांडे को हराया। तीसरे नंबर पर अमौर सीट से एआईएमआईएम उम्मीदवार अख्तरूल इमान हैं। उन्होंने जेडीयू उम्मीदवार सबा जफर को 50 हजार वोटों से हराया। 
 

09:38 PM (IST) Nov 10

91% वोटों की गिनती में NDA को बहुमत, कांग्रेस-RJD चुनाव आयोग जा रहे

9 बजे तक 91% वोट गिने गए। चुनाव आयोग ने कहा है कि अब तक लगभग 3.77 करोड़ मतों में से 91 प्रतिशत मतों की गिनती की जा चुकी है। चुनाव आयोग ने 103 सीटों पर नतीजे घोषित किए हैं जबकि अन्य 140 सीटों के लिए मतगणना जारी है। वहीं दूसरी ओर धांधली का आरोप लगाकर RJD और कांग्रेस चुनाव आयोग जा रहे हैं।

यहां पढ़ें : बिहार की 20 HOT सीट्स पर कौन हारा-कौन जीता: लालू के समधी और शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे की हार, जीते तेज प्रताप 

09:01 PM (IST) Nov 10

असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ने 4 सीटों पर NDA को सीधी टक्कर दी, एक पर RJD को हराया

असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने 4 सीटों पर सीधे तौर पर NDA का खेल बिगाड़ा है वहीं एक सीट पर RJD का। जोकीहाट विधानसभा सीट पर एआईएमआईएम में RJD के सरफराज आलम को हराया। बैसी विधानसभा सीट पर एआईएमआईएम ने  BJP उम्मीदवार को पीछे छोड़ा। बहादुरगढ़ में NDA उम्मीदवार को पीछे छोड़ा। वहीं कोचाधामन में एआईएमआईएम ने JDU उम्मीदवार को पीछे छोड़ा। अमौर में एआईएमआईएम ने JDU उम्मीदवार को पीछे छोड़ा।