
Bihar Election Exit Poll 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण का मतदान हो चुका है। वोटिंग खत्म होने के बाद तमाम एजेंसियों ने 243 सीटों के एग्जिट पोल जारी कर दिए हैं। ज्यादातर अनुमानों में बिहार में NDA की सरकार बनती दिख रही है। अलग-अलग एजेंसियों के सर्वे में एनडीए को 133 से 167 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि महागठबंधन को 75 से 102 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी को 1-5 सीटें मिल सकती हैं। वहीं अन्य को 2 से 10 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। हालांकि, एग्जिट पोल के रिजल्ट सिर्फ एक अनुमान हैं। असल नतीजे 14 नवंबर को आएंगे, जिसके बाद ही साफ होगा कि बिहार की जनता ने आखिर किसे सत्ता सौंपी है।
बिहार देश का एक ऐसा राज्य है, जहां एग्जिट पोल के रुझान अक्सर असल परिणामों से बेहद अलग रहे हैं। इसका अंदाजा 2020 के विधानसभा चुनाव नतीजों से लगाया जा सकता है। तब ज्यादातर एग्जिट पोल में महागठबंधन को भारी बढ़त लेते हुए बताया गया था, लेकिन हकीकत में जब रिजल्ट आए तो नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने 125 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया।
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में बीजेपी और जेडीयू के गठबंधन वाले NDA को 125 सीटें मिलीं। इनमें BJP को 74, JDU को 43, HAM को 4 सीटें मिली थीं। वहीं, महागठबंधन को 110 सीटें मिलीं। इनमें RJD को 75, कांग्रेस को 19, सीपीआई एमएल को 12, सीपीआई को 2, सीपीएम की 2 सीटें शामिल थीं।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 11 नवंबर को 20 जिलों की 122 सीटों के लिए मतदान हुआ। सेकेंड फेज में 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं। बता दें कि 121 सीटों के लिए पहले चरण में 6 नवंबर को वोट डाले गए थे। फर्स्ट फेज में 64.66% मतदान हुआ था। वहीं, दूसरे चरण में 67.1% वोटिंग हुई है। सबसे ज्यादा मतदान किशनगंज जिले में 76.25% हुआ है।