
मंडी। एक्ट्रेस और भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल किया। कंगना रोड शो करते हुए नामांकन दाखिल करने पहुंचीं। उनके रोड शो में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
इस मौके पर कंगना ने कहा, "मंडी की जनता का मेरे प्रति प्यार और विश्वास है। लोगों की भावनाएं और उम्मीदें मुझे यहां खींच लाई हैं। आज मैंने मंडी सीट से नामांकन दाखिल किया है। सारे मंडी में सब बहुत उत्साहित हैं। हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि भाजपा से टिकट मिला है। लोग बहुत उत्साहित हैं। यहां पर एक त्योहार के रूप में माहौल बना है।"
कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह से है कंगना का मुकाबला
मंडी में कंगना रनौत का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह से है। यहां सातवें चरण में चुनाव हो रहा है। 1 जून को मतदान होगा। विक्रमादित्य की मां प्रतिभा सिंह मंडी से मौजूदा सांसद और कांग्रेस की राज्य इकाई की अध्यक्ष हैं। प्रतिभा ने मंडी संसदीय सीट से तीन बार जीत हासिल की थी। वह 2019 में हार गईं थी, लेकिन 2021 के मंडी लोकसभा उपचुनाव में बड़े अंतर से जीत हासिल की। कई लोगों का मानना है कि यह उनके पति वीरभद्र सिंह की मृत्यु के बाद उनके पक्ष में सहानुभूति लहर के कारण था। वीरभद्र छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे थे।
यह भी पढ़ें- Narendra Modi Nomination: पीएम मोदी ने वाराणसी से दाखिल किया नामांकन, साथ मौजूद रहे योगी आदित्यनाथ
2019 में भाजपा के राम स्वरूप शर्मा को मिली थी जीत
मंडी में 2019 में हुए आम चुनाव में भाजपा के राम स्वरूप शर्मा को जीत मिली थी। उन्हें 647189 वोट मिले थे। कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा को 241730 वोट मिले थे। इस तरह राम स्वरूप को 405459 वोटों के अंतर से जीत मिली थी। मंडी के कुल वोटर की संख्या 913148 थी। 73.6 फीसदी मतदाताओं ने वोटिंग की थी।
यह भी पढ़ें- 'ऐसा लगता है मां गंगा ने मुझे गोद लिया है' काशी में नॉमिनेशन से पहले पीएम का एक वीडियो वायरल
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.