मनोज तिवारी बोले- केजरीवाल से बड़ा भ्रष्टाचारी कोई नहीं, जेल में हैं उनके करीबी

दिल्ली भाजपा के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि केजरीवाल से बड़ा भ्रष्टाचारी कोई नहीं है।

Vivek Kumar | Published : May 21, 2023 9:44 AM IST / Updated: May 21 2023, 05:01 PM IST

नई दिल्ली। दिल्ली के अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर भाजपा और आम आदमी पार्टी (AAP) आमने सामने हैं। रविवार को दिल्ली भाजपा के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि केजरीवाल से बड़ा भ्रष्टाचारी कोई नहीं है। उनके करीबी जेल में बंद हैं।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली सरकार के अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग का अधिकार राज्य सरकार को दिया था। इसपर पहले अंतिम फैसला उपराज्यपाल के हाथ में था। केंद्र सरकार ने अध्यादेश लाकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पलट दिया है। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से अपने फैसले पर फिर से विचार करने की गुहार लगाई है।

खुद सबसे बड़े भ्रष्टाचारी निकले अरविंद केजरीवाल
रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। इसपर मनोज तिवारी ने कहा, "जिन लोगों को केजरीवाल कभी भ्रष्टाचार की प्रतिमूर्ति मानते थे आज उन्हीं के साथ खड़े हुए दिखाई देते हैं। लोगों को समझ आ गया है कि दूसरों को भ्रष्टाचारी बताने वाले अरविंद केजरीवाल खुद सबसे बड़े भ्रष्टाचारी निकले हैं।"

हर्षवर्धन बोले- अरविंद केजरीवाल ने गिरा दिया राजनीति का स्तर
डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, “सुप्रीम कोर्ट का फैसला आते ही अरविंद केजरीवाल ने ऐसे अधिकारियों को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया जो दिल्ली सरकार द्वारा किये गए भ्रष्टाचार की जांच कर रहे थे। अरविंद केजरीवाल ने राजनीति का स्तर गिरा दिया है। उनका व्यवहार बहुत ही निम्न स्तर का है। केजरीवाल केवल राजनीति करना चाहते हैं। वह केंद्र सरकार और भाजपा को गाली देना चाहते हैं। अरविंद केजरीवाल ने जिस तरह यू-टर्न लिए हैं जनता भी उनकी इस फितरत से चौंक गई है।”

भाजपा नेता परवेश साहिब सिंह ने कहा कि अपने घर पर अधिकारियों को बुलाकर उन्हें गाली देना और धमकाना अरविंद केजरीवाल की आदत बन चुकी है। सौरभ भारद्वाज का कहना कि दिल्ली के अधिकारी उन्हें डरा रहे हैं, धमका रहे हैं। यह बहुत ही हास्यास्पद है। ऐसे झूठे आरोप लगाना बहुत ही गंभीर मामला है।

Share this article
click me!