
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने शपथ ग्रहण के 9 दिन बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उनके साथ थे। सूत्रों के अनुसार नड्डा के साथ मुलाकात के दौरान महाराष्ट्र में कैबिनेट विस्तार पर बात हुई। यह मुलाकात करीब आधा घंटा चली। इसके बाद एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की।
महाराष्ट्र में जल्द हो सकता है कैबिनेट विस्तार
सूत्रों के अनुसार महाराष्ट्र में जल्द कैबिनेट विस्तार हो सकता है। एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस कैबिनेट विस्तार को लेकर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा के लिए दिल्ली आए हैं। एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने 30 जून को शपथ ग्रहण किया था। इसके बाद शिंदे की सरकार ने सदन में बहुमत साबित कर दिया, लेकिन अभी तक कैबिनेट का विस्तार नहीं हुआ है।
एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार रात गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। समझा जाता है कि इस दौरान भाजपा और शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना के गुट के बीच पावर शेयर करने के फार्मूले पर चर्चा हुई। इस मुलाकात के बारे में अमित शाह ने कहा था कि मुझे विश्वास है कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आप दोनों ईमानदारी से लोगों की सेवा करेंगे और महाराष्ट्र को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट ने एकनाथ शिंदे की CM पद पर नियुक्ति के खिलाफ याचिका किया स्वीकार, 11 जुलाई को होगी सुनवाई
शिवसेना में बगावत के चलते गिर गई थी सरकार
बता दें कि शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना के 39 विधायकों ने विद्रोह कर दिया था, जिसके चलते महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार गिर गई थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इसके बाद राज्यपाल ने बीजेपी को सरकार बनाने का न्योता दिया था। बीजेपी के समर्थन से शिवसेना के बागी विधायकों ने सरकार बनायी। एकनाथ शिंद ने मुख्यमंत्री और बीजेपी के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री के पद की शपथ ली थी।
यह भी पढ़ें- उद्धव ठाकरे की ललकार-मैं चुनौती देता हूं विधानसभा चुनाव में आएं, जो गलत होगा जनता घर भेज देगी
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.