
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Election 2024) से पहले शुक्रवार सत्ताधारी गठबंधन NDA और विपक्षी पार्टियों के अलायंस INDIA के लिए बड़ा महत्वपूर्ण दिन रहा। छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उप चुनाव के रिजल्ट आ चुके हैं। सात विधानसभा सीटों में तीन पर बीजेपी प्रत्याशी को जीत मिली है। जबकि कांग्रेस, सपा, झारखंड मुक्ति मोर्चा और टीएमसी को एक-एक सीटों पर जीत मिली है। यूपी की घोषी सीट पर सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने बीजेपी प्रत्याशी दारा सिंह चौहान को बड़े अंतर से शिकस्त दी है।
पांच सितंबर को इन विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ था। इन सात सीटों में उत्तराखंड की बागेश्वर, उत्तर प्रदेश की घोसी, केरल की पुथुपल्ली, पश्चिम बंगाल की धूपगुड़ी, झारखंड की डुमरी और त्रिपुरा की बॉक्सानगर और धनपुर शामिल हैं। बागेश्वर, धूपगुड़ी और धनपुर सीटें भाजपा के पास थीं। घोसी सीट समाजवादी पार्टी के पास थी। बॉक्सानगर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के पास थी। डुमरी झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और पुथुप्पल्ली कांग्रेस के पास थी।
कहां किसके बीच हुआ मुकाबला, किसे मिली जीत
घोसी (उत्तर प्रदेश)- 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीतने वाले दारा सिंह चौहान के समाजवादी पार्टी से इस्तीफा दिया और भाजपा में शामिल हो गए। इसके चलते उपचुनाव हुआ। भाजपा के दारा सिंह चौहान और समाजवादी पार्टी के सुधाकर सिंह के बीच मुकाबला हुआ है। सुधाकर सिंह ने बीजेपी के दारा सिंह चौहान को 42672 वोटों से हराया।
धनपुर (त्रिपुरा)- भाजपा की प्रतिमा भौमिक ने अपनी लोकसभा सीट बरकरार रखने के लिए धनपुर विधायक पद से इस्तीफा दिया था। इसके चलते उपचुनाव हुआ। भाजपा ने भौमिक के भाई बिंदू देबनाथ को टिकट दिया। उनका मुकाबला भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-मार्क्सवादी (सीपीआई-एम) के कौशिक चंदा से हुआ है। बिंदू देबनाथ को जीत मिली है।
बॉक्सनगर (त्रिपुरा)- सीपीआई (एमके) विधायक समसुल हक की मौत के बाद सीट खाली हुई थी। यहां भाजपा के तफज्जल हुसैन और सीपीआई (एम) के मिजान हुसैन के बीच मुकाबला हुआ। जीत तफज्जल हुसैन को मिली है।
बागेश्वर (उत्तराखंड)- भाजपा विधायक चंदन राम दास के निधन के बाद उपचुनाव कराया गया। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बीजेपी के बीच मुकाबला हुआ है। बीजेपी ने चंदन राम दास की पत्नी पार्वती दास को चुनाव मैदान में उतारा था। पार्वती दास ने कांग्रेस के बसंत कुमार को हराया है।
पुथुपल्ली सीट (केरल)- कांग्रेस के दिग्गज नेता ओमान चांडी के निधन के कारण सीट खाली हुई थी। कांग्रेस ने ओमन चांडी के बेटे एडीवी. चांडी ओमन को मैदान में उतारा। उनका मुकाबला सत्तारूढ़ पार्टी सीपीआई (एम) के जैक सी. थॉमस के साथ हुआ है। एडीवी. चांडी ओमन को जीत मिली है।
डुमरी (झारखंड)- झामुमो विधायक जगरनाथ महतो के निधन के बाद उपचुनाव हुआ। झामुमो ने महतो की पत्नी बेबी देवी को मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला एनडीए के यशोदा देवू और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अब्दुल रिजवी से हुआ है। जेएमएम की बेबी देवी ने 13 हजार वोटों से एनडीए की आजसू प्रत्याशी यशोदा देवी को हराया।
धूपगुड़ी (पश्चिम बंगाल)- बीजेपी विधायक बिष्णु पदा रे के निधन के बाद उपचुनाव हुआ। उपचुनाव टीएमसी ने जीत लिया है। टीएमसी उम्मीदवार निर्मल चंद्र रॉय ने बीजेपी कैंडिडेट तापस रॉय को हराया है। सीपीएम ने ईश्वर चंद्र राय को चुनाव मैदान में उतारा था उनको कांग्रेस ने समर्थन दिया था।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.