Dheerendra Gopal | Published : Sep 8, 2022 12:34 PM IST / Updated: Sep 08 2022, 09:12 PM IST

पीएम मोदी ने किया सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का उद्घाटन, नेताजी की प्रतिमा का भी हुआ अनावरण

सार

नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन से लेकर इंडिया गेट के सामने तक दोनों तरफ के एरिया को सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत री-डेवलप किया गया है। करीब 20 हजार करोड़ रुपये की लागत से री-डेवलप किए गए इस प्रोजेक्ट का उद्घाटन गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी किया है। राष्ट्रपति भवन से इंडिया गेट तक राजपथ के नाम से जाना जाने वाले इस मार्ग का नाम भी बदलकर 'कर्तव्य पथ' कर दिया गया है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राजपथ गुलामी का प्रतीक था। कर्तव्यपथ, अब सांसदों, नौकरशाहों को उनके कर्तव्यों की याद दिलाएगा। उन्होंने कहा कि जब पथ ही राजपथ था तो सरकार कैसे लोकमुखी होती। पीएम ने इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का भी लोकार्पण किया है। इंडिया गेट पर लगी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की होलोग्राफिक प्रतिमा की जगह वहां असली प्रतिमा लगाई गई है। नेताजी की यह विशाल मूर्ति भारत में सबसे ऊंची रियलिस्टिक मोनोलिथिक ग्रेनाइट (नेचुरल ग्रेनाइट पत्थर), हैंडमेड स्कल्पचर में से एक है। अब यह क्षेत्र पर्यटन का एक प्रमुख केंद्र बनेगा।
 

08:36 PM (IST) Sep 08

अगले तीन दिनों तक नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन पर ड्रोन शो

पीएम मोदी ने बताया कि कर्तव्यपथ पर अगले तीन दिनों तक नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन पर शो आयोजित किया गया है। उन्होंने आह्वान किया कि लोग यहां आए और सेल्फी लें, फोटोज लें और कर्तव्यपथ हैशटैग के साथ उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करें। उन्होंने कहा किआइये, इस नवनिर्मित कर्तव्यपथ को आकर देखिए। इस निर्माण में आपको भविष्य का भारत नज़र आएगा। यहाँ की ऊर्जा आपको हमारे विराट राष्ट्र के लिए एक नया विज़न देगी, एक नया विश्वास देगी।

08:27 PM (IST) Sep 08

कर्तव्य पथ केवल ईंट-पत्थरों का रास्ता भर नहीं बल्कि लोकतंत्र का जीवंत मार्ग

पीएम मोदी ने कहा कि कर्तव्य पथ केवल ईंट-पत्थरों का रास्ता भर नहीं है। ये भारत के लोकतान्त्रिक अतीत और सर्वकालिक आदर्शों का जीवंत मार्ग है। यहां जब देश के लोग आएंगे, तो नेताजी की प्रतिमा, नेशनल वार मेमोरियल, ये सब उन्हें कितनी बड़ी प्रेरणा देंगे, उन्हें कर्तव्यबोध से ओत-प्रोत करेंगे। उन्होंने कहा कि राजपथ ब्रिटिश राज के लिए था, जिनके लिए भारत के लोग गुलाम थे। राजपथ की भावना भी गुलामी का प्रतीक थी, उसकी संरचना भी गुलामी का प्रतीक थी। जब देश का पथ राजपथ होगा तो उस पर चलने वाली सरकारें, लोकमुखी कैसे हो सकती हैं। कर्तव्य पथ अब सांसदों, नौकरशाहों को कर्तव्य का बोध कराएगा। उन्होंने कहा कि आज राजपथ का आर्किटैक्चर भी बदला है, और इसकी आत्मा भी बदली हैञ 

08:23 PM (IST) Sep 08

हमने अंग्रेजों के जमाने का सैकड़ों कानून बदला: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज देश अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे सैकड़ों क़ानूनों को बदल चुका है। भारतीय बजट, जो इतने दशकों से ब्रिटिश संसद के समय का अनुसरण कर रहा था, उसका समय और तारीख भी बदली गई है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के जरिए अब विदेशी भाषा की मजबूरी से भी देश के युवाओं को आजाद किया जा रहा है।

08:21 PM (IST) Sep 08

आज हमारे पथ अपने हैं, प्रतीक अपने हैं: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत के आदर्श अपने हैं, आयाम अपने हैं। आज भारत के संकल्प अपने हैं, लक्ष्य अपने हैं। आज हमारे पथ अपने हैं, प्रतीक अपने हैं। उन्होंने कहा कि आज अगर राजपथ का अस्तित्व समाप्त होकर कर्तव्यपथ बना है, आज अगर जॉर्ज पंचम की मूर्ति के निशान को हटाकर नेताजी की मूर्ति लगी है, तो ये गुलामी की मानसिकता के परित्याग का पहला उदाहरण नहीं है। ये न शुरुआत है, न अंत है। ये मन और मानस की आजादी का लक्ष्य हासिल करने तक, निरंतर चलने वाली संकल्प यात्रा है।

08:17 PM (IST) Sep 08

हमारे निर्णयों पर सुभाष बाबू की छाप: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में हमने एक के बाद एक ऐसे कितने ही निर्णय लिए हैं, जिन पर नेता जी के आदर्शों और सपनों की छाप है। नेताजी सुभाष, अखंड भारत के पहले प्रधान थे जिन्होंने 1947 से भी पहले अंडमान को आजाद कराकर तिरंगा फहराया था। उन्होंने कहा कि उस वक्त उन्होंने कल्पना की थी कि लाल किले पर तिरंगा फहराने की क्या अनुभूति होगी। इस अनुभूति का साक्षात्कार मैंने स्वयं किया, जब मुझे आजाद हिंद सरकार के 75 वर्ष होने पर लाल किले पर तिरंगा फहराने का सौभाग्य मिला।

08:16 PM (IST) Sep 08

हमने ही नेताजी की स्मृतियों का म्यूजियम बनवाया

पीएम मोदी ने कहा कि हमारी ही सरकार के प्रयास से नेताजी सुभाष चंद्र बोस और आजाद हिंद फौज से जुड़े स्मृतियों का म्यूजियम बनाया था।

08:14 PM (IST) Sep 08

दुर्भाग्य रहा हमारा जो आजादी के नायक सुभाष बाबू को भूला दिया गया

पीएम मोदी ने कहा कि अगर आजादी के बाद हमारा भारत सुभाष बाबू की राह पर चला होता तो आज देश कितनी ऊंचाइयों पर होता। लेकिन दुर्भाग्य से, आजादी के बाद हमारे इस महानायक को भुला दिया गया। उनके विचारों को, उनसे जुड़े प्रतीकों तक को नजरअंदाज कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सुभाषचंद्र बोस ऐसे महामानव थे जो पद और संसाधनों की चुनौती से परे थे। उनकी स्वीकार्यता ऐसी थी कि, पूरा विश्व उन्हें नेता मानता था। उनमें साहस था, स्वाभिमान था। उनके पास विचार थे, विज़न था। उनमें नेतृत्व की क्षमता थी, नीतियाँ थीं।

08:12 PM (IST) Sep 08

नेताजी की प्रतिमा की स्थापना से हुई सशक्त भारत की प्राण प्रतिष्ठा: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज इंडिया गेट के समीप हमारे राष्ट्रनायक नेताजी सुभाषचंद्र बोस की विशाल मूर्ति भी स्थापित हुई है। गुलामी के समय यहाँ ब्रिटिश राजसत्ता के प्रतिनिधि की प्रतिमा लगी हुई थी। आज देश ने उसी स्थान पर नेताजी की मूर्ति की स्थापना करके आधुनिक, सशक्त भारत की प्राण प्रतिष्ठा भी कर दी है।

08:09 PM (IST) Sep 08

देश को आज एक नई प्रेरणा मिली है: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज हम गुजरे हुए कल को छोड़ कर नई आने वाली तस्वीर में नए रंग भर रहे हैं। यह नए भारत के आत्मविश्वास की आभा है। देश को आज एक नई प्रेरणा मिली है। गुलामी का प्रतीक किंग्सवे आज से कर्तव्य पथ बन गया। आज कर्तव्यपथ के रूप में नए इतिहास का सृजन हुआ। आज सभी देशवासियों को गुलामी की एक और पहचान से मुक्ति के लिए बहुत बहुत बधाई देता हूं।

08:07 PM (IST) Sep 08

इस ऐतिहासिक कार्यक्रम पर पूरे देश की दृष्टि है: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज के इस ऐतिहासिक कार्यक्रम पर पूरे देश की दृष्टि है। इस कार्यक्रम में पूरा देश जुड़ा हुआ है। इस ऐतिहासिक पल का साथ देने वाले मंत्रिमंडल के साथियों को बहुत बधाई और धन्यवाद देता हूं।

07:57 PM (IST) Sep 08

कर्तव्य पथ के उद्घाटन के बाद नेताजी की जीवनी पर आधारित ऑडियो विजुअल

कर्तव्य पथ का उद्घाटन गुरुवार की शाम को पीएम नरेंद्र मोदी ने किया। पीएम के उद्घाटन के बाद कर्तव्य पथ के मंच पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जीवनी पर आधारित एक ऑडियो विजुअल डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन हुआ।

07:55 PM (IST) Sep 08

पीएम मोदी ने किया कर्तव्य पथ का उद्घाटन

इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण के बाद पीएम मोदी ने कर्तव्य पथ का उद्घाटन किया है। 

07:49 PM (IST) Sep 08

श्रमजीवियों को गणतंत्र दिवस पर किया गया आमंत्रित

पीएम मोदी ने सेंट्रल विस्टा एवेन्यू में काम करने वाले श्रमजीवियों को गणतंत्र दिवस पर आमंत्रित किया है। गुरुवार को वह सेंट्रल विस्टा एवेन्यू व इंडिया गेट पर सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे थे।

07:46 PM (IST) Sep 08

राजपथ को कर्तव्य पथ किया जाना लोकतंत्र को मजबूत करना

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि राजपथ का नामकरण कर्तव्यपथ करने से यह अहसास होगा कि जनता पर हम राज करके नहीं बल्कि अपने कर्तव्यों का पालन कर देश को आगे ले जा रहे हैं।

07:45 PM (IST) Sep 08

हरदीप पुरी ने किया सेंट्रल विस्टा एवेन्यू के उद्घाटन में आए पीएम मोदी का स्वागत

हरदीप पुरी ने पीएम मोदी का स्वागत किया है। सेंट्रल विस्टा एवेन्यू के उद्घाटन में आए पीएम का स्वागत करते हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि 70 सालों में गुलामी की जिन तस्वीरों से हम निजात नहीं पा सके वह मोदी सरकार ने कर दिखाया है। कर्तव्यपथ का निर्माण नव भारत का उदाहरण है। यह विकसित भारत की तस्वीर है जो गुलामी की कोई भी निशानी को रहने नहीं देना चाहता है।

07:41 PM (IST) Sep 08

कुछ ही पलों में सेंट्रल विस्टा का उद्घाटन

पीएम मोदी नरेंद्र मोदी सेंट्रल विस्टा का उद्घाटन कुछ ही देर में उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इसके पहले उन्होंने इंडिया गेट पर लगे नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया है।

07:36 PM (IST) Sep 08

पीएम मोदी सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट की ले रहे हैं जानकारी

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण करने और श्रमिकों से संवाद के बाद, पीएम मोदी सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के बारे में विस्तृत जानकारी ले रहे हैं। वह फोटोज के माध्यम से पूर्व और वर्तमान की तस्वीरों को देख रहे हैं।

07:29 PM (IST) Sep 08

श्रमिकों से की पीएम मोदी ने बात

Central Vista Avenue को री-डेवलप करने में लगे श्रमिकों से पीएम मोदी बातचीत कर रहे हैं। कर्तव्यपथ निर्माण में लगे श्रमिकों से उनके अनुभव साझा किए। सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का निरीक्षण करने के लिए पीएम मोदी ने ई-व्हिकल का प्रयोग कर रहे हैं।

07:13 PM (IST) Sep 08

राजपथ अब इतिहास हुआ, कर्तव्यपथ का उद्घाटन

पीएम मोदी ने सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का उद्घाटन किया। पीएम ने सबसे पहले इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 28 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। सरकार ने गुलामी की प्रतीक राजपथ को अब कर्तव्य पथ नाम दिया है। इंडिया गेट से राष्ट्रपति भवन तक कर्तव्यपथ के नाम से जाना जाएगा।

07:11 PM (IST) Sep 08

पीएम ने नेताजी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित किया

इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद पीएम मोदी ने पुष्पांजलि अर्पित किया।

07:08 PM (IST) Sep 08

पीएम ने किया नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण

आजादी के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस (Netaji Subhas Chandra Bose) की ग्रेनाइट से बनी 28 फीट ऊंची और 6 फीट चौड़ी ग्रेनाइट की भव्य प्रतिमा का PM मोदी ने गुरुवार को अनावरण किया है। इससे पहले नेताजी की 125वीं जयंती के अवसर पर पराक्रम दिवस (23 जनवरी) को नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण किया गया था। यह प्रतिमा अमर जवान ज्योति की जगह पर लगाई गई है। बीते महीनों अमर जवान ज्योति को नेशनल वॉर मेमोरियल की लौ में विलीन कर दिया गया था। राष्ट्रीय युद्ध स्मारक इंडिया गेट से 400 मीटर की दूरी पर स्थित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 फरवरी, 2019 को राष्ट्रीय युद्ध स्मारक देश को सौंपा था।
 

07:08 PM (IST) Sep 08

पीएम मोदी पहुंचे सेंट्रल विस्टा

पीएम मोदी सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का उद्घाटन करने पहुंच चुके हैं। इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण करने के पहले वह श्रमजीवियों से संवाद करेंगे।

07:06 PM (IST) Sep 08

पीएम नरेंद्र मोदी का काफिला पहुंचने लगा

सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का उद्घाटन करने के लिए कुछ ही देर में पीएम मोदी पहुंचने वाले हैं। पीएम का काफिला पहुंचने वाला है।

07:04 PM (IST) Sep 08

समारोह में पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व अन्य वीवीआईपी

कर्तव्यपथ का उद्घाटन करने कुछ ही देर में पहुंचेंगे पीएम नरेंद्र मोदी। उद्घाटन समारोह में गृह मंत्री अमित शाह, हरदीप पुरी सहित तमाम मंत्री, कई देशों के राजदूत आदि पहुंचे हुए हैं। 

06:49 PM (IST) Sep 08

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण कुछ देर में करेंगे पीएम

आजादी के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस (Netaji Subhas Chandra Bose) की ग्रेनाइट से बनी 28 फीट ऊंची और 6 फीट चौड़ी ग्रेनाइट की भव्य प्रतिमा का PM  मोदी गुरुवार को अनावरण करेंगे। इससे पहले नेताजी की 125वीं जयंती के अवसर पर पराक्रम दिवस (23 जनवरी) को नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण किया गया था।

06:48 PM (IST) Sep 08

20 महीने बाद आम लोगों के लिए खुलेगा सेंट्रल विस्टा एवेन्यू

सेंट्रल विस्टा एवेन्यू को करीब 20 महीने के बाद आमजन के लिए खोला जाएगा। यह नया प्रोजेक्ट दिल्ली के बदलते रूप का साक्षी बनने जा रहा है। कुछ ही देर में पीएम मोदी करेंगे राष्ट्र को समर्पित। मेहमान इस पल का साक्षी बनने के लिए तैयार हैं। 

06:25 PM (IST) Sep 08

इंडिया गेट पर पहुंचने लगे वीवीआईपी मेहमान

कर्तव्य पथ का उद्घाटन गुरुवार को शाम को पीएम मोदी करेंगे। इंडिया गेट पर सबसे पहले पीएम मोदी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मेहमान पहुंचने लगे हैं।