
नई दिल्ली। 16वें सिविल सेवा दिवस (Civil Services Day) के अवसर पर दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोक सेवकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने लोक सेवकों को देश सेवा का मंत्र दिया और भ्रष्टाचार के लिए कांग्रेस को घेरा।
पीएम ने कहा, "सिविल सर्विस डे बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण है। यह ऐसा समय है जब देश ने अपनी आजादी के 75 वर्ष पूरे किए हैं। ये ऐसा समय है जब देश ने अगले 25 वर्षों के विराट-विशाल लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए तेजी से कदम बढ़ाना शुरू किया है। मैं आज भारत के हर सिविल सेवा अधिकारी से यही कहूंगा कि आप बहुत भाग्यशाली हैं। आपको इस कालखंड में देश की सेवा का अवसर मिला है। हमारे पास समय कम, लेकिन सामर्थ्य भरपूर है। हमारे लक्ष्य कठिन हैं, लेकिन हौसला कम नहीं है। हमें पहाड़ जैसी ऊंचाई भले ही चढ़नी है, लेकिन इरादे आसमान से भी ज्यादा ऊंचे हैं।"
नरेंद्र मोदी ने कहा, "पिछले 9 साल में अगर देश के गरीब से गरीब को भी सुशासन का विश्वास मिला है तो इसमें आपकी मेहनत भी रही है। अगर भारत के विकास को नई गति मिली है तो ये भी आपकी भागीदारी के बिना संभव नहीं था। कोरोना संकट के बावजूद आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।"
सिस्टम के साथ नेगेटिविटी पॉजिटिविटी में बदले
उन्होंने कहा, “विकसित भारत सिर्फ आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर या आधुनिक निर्माण तक सीमित नहीं है। विकसित भारत के लिए आवश्यक है कि भारत का सरकारी सिस्टम हर देशवासी की आकांक्षा को सपोर्ट करे। विकसित भारत के लिए आवश्यक है कि भारत का हर सरकारी कर्मचारी देशवासियों की सपनों को सच करने में उनकी मदद करे। भारत में सिस्टम के साथ नेगेटिविटी जो पिछले दशकों में जुड़ी थी वो पॉजिटिविटी में बदले। हमारी योजनाएं कितनी भी बेहतर क्यों ना हों अगर लास्ट माइल डिलीवरी ठीक नहीं होंगी तो अपेक्षित परिणाम नहीं मिलेंगे।”
तीन लाख करोड़ रुपए गलत हाथों में जाने से बचे
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा, “पहले के सिस्टम की देन थी कि देश में 4 करोड़ से ज्यादा फर्जी गैस कनेक्शन थे। 4 करोड़ से ज्यादा फर्जी राशन कार्ड थे। एक करोड़ काल्पनिक महिलाओं और बच्चों को महिला और बाल विकास मंत्रालय की सहायता मिलती थी। अल्पसंख्यक मंत्रालय करीब 30 लाख फर्जी युवाओं को स्कॉलरशिप का लाभ देता रहा। मनरेगा के तहत देश में लाखों फर्जी अकाउंट बने और लाखों फर्जी श्रमिकों के पैसे ट्रांस्फर किए गए। जिनका कभी जन्म ही नहीं हुआ, वो सिर्फ कागजों में पैदा हुए, ऐसे लाखों-करोड़ों फर्जी नामों का इस्तेमाल कर एक बहुत बड़ा इकोसिस्टम भ्रष्टाचार में जुटा था। आज आप सभी के प्रयासों से यह सिस्टम बदला है। देश के करीब तीन लाख करोड़ रुपए गलत हाथों में जाने से बचे हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.