
कोयंबटूर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर खतरनाक हथियार लहराते हुए वीडियो पोस्ट करने 23 साल की एक महिला को महंगा पड़ा। पुलिस ने गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस को एक सप्ताह से उसकी तलाश थी। महिला की पहचान विनोथिनी उर्फ थमाना के रूप में हुई है।
विनोथिनी विरुधुनगर जिले की रहने वाली है। वह प्रागा ब्रदर इंस्टाग्राम पेज की सक्रिय सदस्य थी। इस पेज पर हथियार लिए युवाओं के समूह के वीडियो पोस्ट किए गए थे। वीडियो में वे अपने प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों को उकसा रहे थे। विनोथिनी ने अपने इंस्टाग्राम पेज फैंस कॉल मी थमाना पर वीडियो पोस्ट किए थे। इसमें वह घातक हथियारों के साथ दिखाई दे रही थी।
आर्म्स एक्ट के तहत पुलिस ने दर्ज किया था केस
वीडियो सामने आने के बाद पिलामेडु पुलिस ने विनोथिनी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस की एक विशेष टीम ने तिरुपुर और विरुधुनगर में कई जगह विनोथिनी की तलाश की थी। इस बीच विनोथिनी ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें कहा गया कि उसने हाल में हथियार चलाने का कोई वीडियो अपलोड नहीं किया है। जिन वीडियो की बात हो रही है वह दो साल पहले पोस्ट किए गए थे।
यह भी पढ़ें- भारत में तेजी से फैल रहा H3N2 वायरस का संक्रमण, इस केंद्र शासित प्रदेश में स्कूलों पर लगे ताले
विनोथिनी ने बताया था कि वह किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं रही है। वह शादीशुदा है और शांति से रह रही है। उसने बताया कि वह छह माह की गर्भवती है। विनोथिनी द्वारा वीडियो जारी किए जाने के बाद पुलिस ने तलाशी तेज कर दी थी। उसे सलेम जिले के संगगिरी से गिरफ्तार कर कोयम्बटूर लाया गया। कोयम्बटूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। कोर्ट ने विनोथिनी को ज्यूडिशियल कस्टडी में जेल भेज दिया।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.