ठंड से उत्तर भारत की हालत खराब, दिल्ली, चंडीगढ़ में सबसे कम दर्ज हुआ मौसम का तापमान

Published : Dec 19, 2019, 02:22 PM IST
ठंड से उत्तर भारत की हालत खराब, दिल्ली, चंडीगढ़ में सबसे कम दर्ज हुआ मौसम का तापमान

सार

उत्तर भारत में शीत लहर के चलते बुधवार को ठंड और अधिक बढ़ गई दिल्ली और अन्य प्रमुख शहरों में इस मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया  

नई दिल्ली: उत्तर भारत में शीत लहर के चलते बुधवार को ठंड और अधिक बढ़ गई। दिल्ली और अन्य प्रमुख शहरों में इस मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा।

राष्ट्रीय राजधानी में मौसम का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया, यहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम और आर्द्रता का स्तर 97 से 61 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।

चंडीगढ़ में तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस

ठंड के कारण गुरुवार और शुक्रवार को पड़ोसी गाजियाबाद और गौतम बूद्ध नगर में स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार सुबह शहर में कई जगहों पर कोहरे छाये रहने के साथ ही ठंड बहुत अधिक रहेगी। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शिमला से कम था। यह केंद्र शासित प्रदेश का इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन था। पंजाब और हरियाणा में, नारनौल और फरीदकोट क्रमशः 2.5 डिग्री सेल्सियस और 3.6 डिग्री सेल्सियस पर सबसे ठंडा रहे, जबकि राजस्थान के माउंट आबू में रात का तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जम्मू में तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस

जम्मू में, रात का तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस सीजन अब तक का सबसे कम तापमान है। जम्मू कश्मीर और लद्दाख में पिछले एक सप्ताह से पारा काफी नीचे है और पिछले कुछ दिनों से ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है।

इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, सिक्किम समेत देश के कई अन्य हिस्सों में कड़ाके की सर्दी जारी है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

बाइक पर पत्नी ने 27 सेकेंड में पति को जड़े 14 थप्पड़, देखें Viral Video
Viral Road Rage Video: HR नंबर प्लेट Thar के कारनामें ने इंटरनेट पर मचाई खलबली