
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने इस सवाल का जवाब दिया है कि विपक्ष के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकल्प कौन है? उन्होंने कहा कि यह सवाल बेतूका है कि विपक्ष के पास नरेंद्र मोदी का विकल्प कौन है। भारत में संसदीय प्रणाली है। इसमें हम किसी एक व्यक्ति को नहीं चुनते। इसमें पार्टी या पार्टियों के गठबंधन को चुनते हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शशि शरूर ने पोस्ट किया, "एक बार फिर एक पत्रकार ने पूछा है कि विपक्ष के उस व्यक्ति का नाम बताएं जो नरेंद्र मोदी का विकल्प हो सकते हैं। संसदीय प्रणाली में इस सवाल का कोई तुक नहीं है। हम एक व्यक्ति को नहीं चुनते जैसा कि राष्ट्रपति सिस्टम में होता है। हम पार्टी या फिर पार्टियों के गठबंधन को चुनते हैं।"
थरूर ने पोस्ट किया, "मोदी का विकल्प अनुभवी, सक्षम और विविध भारतीय नेताओं का एक समूह है जो लोगों की समस्याओं के प्रति उत्तरदायी होगा। ये व्यक्तिगत अहंकार से प्रेरित नहीं होंगे। किस व्यक्ति को प्रधानमंत्री पद के लिए चुनना है यह बाद की बात है। हमारे लिए सबसे पहले लोकतंत्र और विविधता की रक्षा करना है।"
यह भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024: जानें क्यों वायनाड से चुनाव लड़ते हैं राहुल गांधी, क्यों नहीं रहता हार का खौफ
तिरुवनंतपुरम से मैदान में हैं थरूर
थरूर केरल के तिरुवनंतपुरम से तीन बार के सांसद हैं। वह इस बार भी यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर और वाम मोर्चा के उम्मीदवार पन्नियन रवींद्रन से है। तिरुवनंतपुरम में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.