
नई दिल्ली. कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से जूझ रहे भारत में महामारी का रोज नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है। कोरोना ने युवाओं को सबसे अधिक अपनी चपेट में लिया है। सबसे अधिक मौतें महाराष्ट्र और कर्नाटक में हुई हैं।11 राज्यों के युवा इस महामारी की चपेट में अधिक आए हैं। इस बीच पिछले 24 घंटे में एक बार फिर से केस बढ़ गए। पिछले दिन 2.76 लाख नए केस मिले हैं, जबकि 18 मई को यही आंकड़ा 2.67 लाख था। वहीं, 17 मई को 2.63 लाख केस आए थे। पिछले 24 घंटे में 3.68 लाख लोग ठीक हुए हैं। 18 मई को यही आंकड़ा 3.89 लाख था। इससे पहले 17 मई को 4.22 लाख लोग रिकवर हुए थे। यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा था। लेकिन एक अच्छी बात यह भी है कि 7 दिन में 20.68 लाख नए मरीज मिले, जबकि 26.20 लाख ठीक हुए।
कोरोना संक्रमण से जुड़ा ताजा अपडेट
'फ्लाइंग सिख' के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। बीती रात से तेज बुखार के बाद वे होम आइसोलेशन में हैं।
कोलकाता: सिंगर अरिजीत सिंह की मां का कोरोना से निधन हो गया है।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया का कोरोना से निधन हो गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। मोदी ने ट्वीट किया-राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़ियाजी के निधन से दु:खी हूं। अपने लंबे राजनीतिक और प्रशासनिक करियर में उन्होंने सामाजिक सशक्तिकरण में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना। शांति। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी शोक जताते हुए ट्वीट किया- पहाड़िया ने राज्यपाल के रूप में, केंद्रीय मंत्री के रूप में लंबे समय तक देश की सेवा की। वे देश के वरिष्ठ नेताओ में से एक थे।
नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG)के पूर्व चीफ ज्योति कृष्ण दत्त उर्फ जेके दत्त का बुधवार को गुड़गांव में कोरोना से निधन हो गया। बंगाल कैडर से 1971 बैच के IPS अफसर दत्त ने 2008 में मुंबई में हुए आतंकी हमले निपटने 'ऑपरेशन ब्लैक टॉरनेडो' को लीड किया था। वे अगस्त 2006 से फरवरी 2009 तक NSG के DG रहे। NSG में आने से पहले वह CBI के स्पेशल डायरेक्टर भी रहे। उनकी कार्यशैली काफी चर्चित थी।
8 दिन बाद मौतें कम हुईं..
हालांकि 8 दिन बाद मौतें कम हुई हैं। पिछले 24 घंटे में 3877 लोगों की जान गई। 18 मई को सबसे अधिक 4530 लोगों की जान गई थी। इससे पहले 10 मई को 3876 लोगों की मौत हुई थी। अब तक 2,87,156 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अब तक 2,57,71,405 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 2,23,48,683 लोग रिकवर हो चुके हैं। इस समय 31,25,140 एक्टिव केस हैं। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार, COVID19भारत में कल तक कोरोना वायरस के लिए कुल 32,23,56,187 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 20,55,010 सैंपल कल टेस्ट किए गए। देश में कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 18,70,09,792 हो गया है।
युवाओं को चपेट में ले रहा कोरोना
संक्रमण की चपेट में अब युवा भी अधिक आ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में सामने आया कि 11 राज्यों में युवा संक्रमण की अधिक चपेट में आए हैं। जैसे-अकेले महाराष्ट्र में जनवरी से 9 मई के बीच 30 साल से कम उम्र के 651 लोगों की मौत हुई। जबकि पिछले साल मार्च से दिसंबर के बीच 10 राज्यों में यही संख्या 1117 थी। कर्नाटक में 17 मार्च से 17 मई के के बीच 2465 लोगों की मौत हुई, इसमें 20 से 49 साल के 56 प्रतिशत लोग शामिल हैं।
COVID19 pic.twitter.com/XGvUFGzqWH
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.