
नई दिल्ली। दिल्ली के नजफगढ़ हत्याकांड (Najafgarh murder case) की जांच कर रही पुलिस को अहम जानकारी मिली है। लीव इन पार्टनर निक्की यादव की हत्या करने के आरोपी साहिल गहलोत ने 2020 में उससे शादी की थी। निक्की और साहिल ने नोएडा के एक आर्य समाज मंदिर में विवाह किया था। पुलिस ने उनकी शादी का सर्टिफिकेट बरामद कर लिया है।
24 साल के साहिल गहलोत पर आरोप है कि उसने अपनी प्रेमिका निक्की की हत्या 10 फरवरी को कर दी थी। उसने शव को दक्षिण पश्चिम दिल्ली के एक ढावा के फ्रीज में छिपा दिया था। इसके बाद उसने दूसरी लड़की से उसी दिन विवाह कर लिया था।
परिवार को बहू के रूप में मंजूर नहीं थी निक्की
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार साहिल के परिवार को निक्की बहू के रूप में मंजूर नहीं थी। परिजनों ने दिसंबर 2022 में साहिल की शादी कहीं और तय कर दी थी। पुलिस ने साहिल के पिता को भी गिरफ्तार कर लिया है। उनपर हत्या की साजिश रचने में साहिल की मदद करने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने साहिल के पिता, भाइयों और दोस्तों को गिरफ्तार किया
सूत्रों के अनुसार साहिल के दोस्त और परिवार के लोग हत्याकांड में शामिल थे। पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने साहिल के पिता वीरेंद्र सिंह, उसके दो भाइयों और दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है। वीरेंद्र सिंह पर आईपीसी की धारा 120B (आपराधिक साजिश रचने) के तहत केस दर्ज किया गया है।
14 फरवरी को घटना आई थी सामने
गौरतलब है कि निक्की हत्याकांड की जानकारी 14 फरवरी को सामने आई थी। हत्या के चार दिन बाद उसका शव बरामद किया गया था। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में साहिल ने हत्या करना स्वीकार किया था और बताया था कि शव को उसने ढावे के फ्रीज में छिपाया है। उसने मोबाइल फोन के चार्जर की तार से गला घोंटकर निक्की की हत्या की थी।
यह भी पढ़ें- पिता के बाद अब 5 बेटियों ने इकलौते भाई को खो दिया, मौत इतनी भयानक की सड़क पर चिपक गई बॉडी
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए 5 आरोपियों को शुक्रवार रात कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने सभी आरोपियों को 3 दिन की रिमांड पर दिया है। पुलिस ने उस आर्य समाज मंदिर के पुजारी से भी पूछताछ की जहां निक्की की शादी हुई थी।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.