
DRDO officer attacked in Kannada row: कर्नाटक के बेंगलुरु में DRDO विंग कमांडर आदित्य बोस और उनकी पत्नी स्क्वाड्रन लीडर मधुमिता पर सड़क पर हमले का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में बोस ने कथित तौर पर खून से सने चेहरे के साथ वीडियो शेयर कर न्याय की मांग की है। इस घटना से संबंधित एफआईआर उनकी पत्नी स्क्वाड्रन लीडर मधुमिता ने दर्ज करायी है। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। हालांकि, एक दूसरे वीडियो में डीआरडीओ अफसर और एक डिलेवरी एजेंट लड़ते नजर आ रहे हैं जिसमें देखा जा सकता है कि अफसर भी एक व्यक्ति को मार रहे हैं।
DRDO के विंग कमांडर आदित्य बोस (Wing Commander Aditya Bose) और उनकी पत्नी स्क्वाड्रन लीडर मधुमिता (Squadron Leader Madhumita) सोमवार सुबह बेंगलुरु एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे। एफआईआर के अनुसार, तभी सीवी रमन नगर से निकलते हुए उनकी कार का पीछा एक बाइक सवार ने किया। बाइक का नंबर KA53 EA 528 बताया गया है। FIR के अनुसार, बाइक सवार ने अचानक उनकी कार को रोका। पत्थर से खिड़की तोड़ी और बोस पर चाबी और पत्थर से हमला किया जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई।
बोस ने वीडियो में बताया कि बाइक सवार ने जैसे ही कार पर लगा DRDO स्टिकर देखा, वो भड़क गया और चिल्लाने लगा कि तुम DRDO वाले हो? यह कन्नड़ भूमि है, देखता हूं तुम क्या करते हो। इसके बाद उसने अपशब्द कहे और पत्थर उठाकर उन्हें सिर पर मार दिया। मधुमिता ने आरोपी को रोकने की कोशिश की लेकिन वह नहीं रुका। आरोपी ने उन्हें भी अपशब्द कहे।
हमले के कुछ देर बाद ही विंग कमांडर बोस ने कार में बैठकर एक वीडियो रिकॉर्ड किया। उनके चेहरे और गर्दन से खून बह रहा था। उन्होंने कहा: मैं देश की रक्षा करता हूं लेकिन अपने ही देश में इस तरह मारा जा रहा हूं। अगर मेरी पत्नी नहीं होती तो मैं यहां न होता। भगवान मुझे शक्ति दे कि मैं बदला न लूं लेकिन अगर कानून साथ नहीं देगा तो मुझे खुद कुछ करना पड़ेगा।
हालांकि, बोस समय की कमी के कारण कोलकाता के लिए रवाना हो गए। कोलकाता में उनको अपने पिता को इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराना था। इसलिए उनकी पत्नी मधुमिता बैयप्पनाहल्ली पुलिस स्टेशन में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.