
Ramon Magsaysay Award 2025 Winner: एशिया का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित सम्मान, रोमन मैग्सेसे अवार्ड 2025, भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि लेकर आया है। स्वयं सहायता समूह एजूकेट गर्ल्स (Educate Girls NGO) इस पुरस्कार को हासिल करने वाला पहला भारतीय संगठन बन गया है। लड़कियों की शिक्षा को मिशन बनाकर 30,000 से ज्यादा गांवों तक पहुंचने वाला यह संगठन अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गर्व बढ़ा रहा है। 67वां रेमन मैग्सेसे पुरस्कार समारोह 7 नवंबर 2025 को मनीला के मेट्रोपॉलिटन थिएटर में आयोजित होगा, जहां विजेताओं को राष्ट्रपति रेमन मैग्सेसे की तस्वीर वाला पदक, प्रशस्ति पत्र और नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा।
एजूकेट गर्ल्स फाउंडेशन (Educate Girls Foundation), जिसे सफीना हुसैन ने 2007 में शुरू किया, आज शिक्षा के क्षेत्र में विश्व स्तर पर क्रांति का प्रतीक बन चुका है। लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से स्नातक सफीना हुसैन ने महिला निरक्षरता की जड़ों को खत्म करने का सपना देखा और सैन फ्रांसिस्को से भारत लौटकर राजस्थान से इस मिशन की नींव रखी।
संगठन ने शुरुआत में राजस्थान के 50 गांवों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में स्कूल न जाने वाली लड़कियों को कक्षाओं तक लाने का काम किया। धीरे-धीरे यह पहल बढ़ती गई और आज 30,000 गांवों में 20 लाख से अधिक लड़कियों को शिक्षा का अवसर मिल चुका है। इतना ही नहीं, 90% से ज्यादा लड़कियों ने अपनी पढ़ाई जारी रखी।
2015 में एजूकेट गर्ल्स ने दुनिया का पहला Development Impact Bond (DIB) लॉन्च किया, जिसने फंडिंग को सीधे शिक्षा के मापनीय परिणामों से जोड़ा। यह मॉडल आज कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।
संगठन ने प्रगति ओपेन स्कूलिंग प्रोग्राम (Pragati Open Schooling Program) भी शुरू किया, जो 15-29 वर्ष की युवतियों को शिक्षा पूरी करने और आर्थिक अवसरों तक पहुंचने का मौका देता है। इस कार्यक्रम ने 300 से बढ़कर 31,500+ प्रतिभागियों तक का सफर तय किया है।
‘एशिया का नोबेल’ कहे जाने वाला यह पुरस्कार उन व्यक्तियों और संगठनों को दिया जाता है जिन्होंने असाधारण साहस और निस्वार्थ सेवा से समाज को बदलने का कार्य किया हो। Educate Girls का यह सम्मान भारत में लड़कियों की शिक्षा के महत्व को वैश्विक मंच पर उजागर करता है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.