
नई दिल्ली. ख्यात सितारवादक पंडित देवव्रत चौधरी उर्फ देबू चौधरी का शनिवार सुबह निधन हो गया। 85 वर्षीय चौधरी कोरोना संक्रमण से ग्रसित थे। पद्मभूषण पंडित देबू चौधरी को बुधवार रात तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लॉकडाउन के चलते उन्हें पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके बेटे प्रतीक चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिये अपने पिता के निधन की खबर दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात उन्हें हार्ट अटैक आया था। भारत सरकार ने 1992 में कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया था। इन्होंने ‘सेनिआ संगीत घराना’ के पंचू गोपाल दत्ता और संगीत आचार्य उस्ताद मुश्ताक अली खान से संगीत की शिक्षा ग्रहण की थी।
पुलिस ने की थी अस्पताल पहुंचाने में मदद
पंडित देबू चौधरी की बुधवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। दिल्ली में लगे लॉकडाउन की वजह से उनके परिजनों ने मदद के लिए साउथ दिल्ली पुलिस को कॉल किया था। इसके बाद साउथ पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने तुरंत स्थानीय सीआर पार्क थाने की पुलिस को निर्देशित किया। एसएचओ वेद प्रकाश मौके पर पहुंचे और पंडित देबू चौधरी को अस्पताल पहुंचाया। उस समय उनका ऑक्सीजन लेवल तेजी से गिर रहा था। पुलिस टीम ने ही ऑक्सीजन सिलेंडर मंगाया था।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.