
अमरावती. आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलगु देशम पार्टी (TDP) के चीफ चंद्रबाबू नायडू (Chandrababu Naidu) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उनके खिलाफ अमरावती में इनर रिंग रोड में अनियमितताओं की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया है। आंध्र प्रदेश सीआईडी ने शिकायत के आधार पर सोमवार (9 मई, 2022) को नायडू के खिलाफ मामला दर्ज किया।
किसने की थी शिकायत
चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ मामला मंगलागिरी के विधायक अल्ला रामकृष्णरेड्डी की शिकायत के बाद दर्ज किया गया है। उन्होंने सीआईडी में अमरावती मास्टर प्लान और इनर रिंग रोड डिजाइन में कथित तौर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में चंद्रबाबू नायडू, पूर्व मंत्री पी नारायण, लिंगमनेनी रमेश, लिंगमनेनी वेंकट सूर्यराजशेखर, ईपीएल प्रोजेक्ट्स, रामकृष्ण हाउसिंग प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अंजनी कुमार के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
पूर्व मंत्री पेपर लीत मामले में गिरफ्तार
वहीं, दूसरी तरफ तेलगु देशम पार्टी की सरकार में मंत्री रहे पी नारायण को आंध्र प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तेदेपा के वरिष्ठ नेता को एसएससी पेपर लीक के मामले में गिरफ्तार किया गया है। आंध्र प्रदेश पुलिस ने पिछले सप्ताह पेपर लीक मामले में नारायण समूह द्वारा संचालित एक स्कूल सहित कुछ स्कूलों के हेडमास्टर और टीचर्स को गिरफ्तार किया था। बता दें कि पी नारायण, नारायण ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष हैं।
क्या है पेपर लीक मामला
बता दें कि आंध्रप्रदेश में 10वीं क्लास के पेपर लीक होने का मामला सामने आया था। जिसके बाद आंध्र प्रदेश के श्री सत्य साईं जिले में पुलिस ने सरकारी स्कूल के एक हेडमास्टर को गिरफ्तार किया था। अब इसी मामले में पूर्व मंत्री को भी अरेस्ट किया गया है। पी नारायण पूर्व कैबिनेट मंत्री हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव के समय दिए गए हलफनामे के अनुसार, उनके पास 274.2 करोड़ रुपये की संपत्ति था। जबकि उनकी पत्नी के पास 397 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.