
Manohar Singh Gill news: पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त मनोहर सिंह गिल का निधन हो गया है। मनोहर सिंह गिल ने रविवार को अपने दिल्ली आवास पर अंतिम सांस ली है। सोमवार को गिल का अंतिम संस्कार होगा। वह दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती थे। वह 87 साल के थे। रिटायर होने के बाद मनोहर सिंह गिल ने कांग्रेस ज्वाइन कर ली थी और दो बार राज्यसभा सांसद रहे हैं। गिल 1996 से 2001 तक देश के मुख्य चुनाव आयुक्त रहे हैं।
परिजन ने दी जानकारी
पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त मनोहर सिंह गिल के निधन की सूचना उनके परिवारीजन ने दी है। पूर्व सीईसी का अंतिम संस्कार सोमवार को लोधी रोड के पास दोपहर तीन बजे किया जाएगा।
कांग्रेस शासन में रह चुके हैं मंत्री
पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त मनोहर सिंह गिल रिटायर होने के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए थे। कांग्रेस शासनकाल में वह केंद्रीय मंत्रीमंडल का हिस्सा भी रह चुके हैं। वह देश के युवा मामले और खेल मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा वह केंद्रीय सांख्यिकी और कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्री भी रह चुके हैं। कांग्रेस ने पंजाब के प्रतिनिधि के रूप में उनको राज्यसभा भेजा था। वह 2004 से 2016 तक राज्यसभा में बतौर सांसद रह चुके हं। उच्च सदन में वह दो बार पहुंचे हैं।
खड़गे ने शोक जताया
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त मनोहर सिंह गिल के निधन पर शोक जताया है। खड़गे ने ट्वीट किया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री, पद्म विभूषण मनोहर सिंह गिल जी के निधन पर अत्यंत दुख हुआ। यूपीए सरकार में एक मूल्यवान सहयोगी के रूप में और पहले एक सिविल सेवक के रूप में, खेल, चुनावी प्रक्रियाओं और कृषि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्र के विकास में उनका योगदान लंबे समय तक रहा। उनके परिवार, दोस्तों और अनुयायियों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। खड़गे के अलावा, शिरोमणि अकाली नेता सुखबीर सिंह बादल, कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग आदि देश के विभिन्न दलों के नेताओं ने श्रद्धांजलि दी है।
यह भी पढ़ें:
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.