
Jagadish Shettar quits BJP: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बीजेपी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने भाजपा छोड़ने का ऐलान कर दिया है। अपना टिकट काटे जाने से नाराज पूर्व सीएम कई बार बीजेपी शीर्ष नेतृत्व को चेतावनी दे चुके थे। पूर्व सीएम के कांग्रेस में जाने की संभावना है। हालांकि, उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होना अभी तय नहीं है।
कांग्रेस के शामिल होने पर क्या बोले शेट्टार
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद कहा कि उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने पर अभी तक फैसला नहीं किया है। उन्होंने कहा कि मैं हुबली-धारवाड़-मध्य के लिए केवल विधायक सीट चाहता था। मैंने राज्य में पार्टी के विकास में योगदान दिया था।
शेट्टार के बीजेपी में शामिल होने पर क्या बोले मुख्यमंत्री बोम्मई?
शेट्टार का इस्तीफा मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, केंद्रीय मंत्रियों प्रल्हाद जोशी और धर्मेंद्र प्रधान द्वारा उन्हें पार्टी में बने रहने के लिए मनाने का प्रयास करने के बाद आया। दरअसल, शेट्टार, विधानसभा चुनाव लड़ने के अपने फैसले पर अडिग हैं। बोम्मई ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें दिल्ली में एक बड़े पद का वादा किया था। मैंने शेट्टार से वादा किया था कि उनकी पसंद के उम्मीदवार को टिकट दिया जाएगा लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि शेट्टार का नाम जिला स्तरीय कोर कमेटी की सूची में था लेकिन टिकट से इनकार करना आलाकमान का फैसला था। यह बदलाव लाने का समय था।
छह बार से विधायक बन रहे हैं जगदीश शेट्टार
हुबली से विधायक जगदीश शेट्टार छह बार से विधायक बन रहे हैं। उन्होंने 2018 में पिछले विधानसभा चुनाव में अपने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी महेश नलवाड़ को हराकर 21,000 से अधिक वोटों से जीत हासिल की थी। शेट्टार हुबली और उत्तरी कर्नाटक क्षेत्र में भाजपा के लिए एक समस्या पैदा कर सकते हैं। वह इस क्षेत्र के प्रभावशाली नेताओं में शुमार हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कलसा बंडुरी पेयजल परियोजना, बेलगावी में विधानसभा भवन के निर्माण और दक्षिण पश्चिम रेलवे के मुख्यालय को हुबली-धारवाड़ क्षेत्र में लाने सहित कई सुधारों से जुड़े रहे हैं। वह शक्तिशाली लिंगायत समुदाय से आते हैं जिसका समर्थन हर पार्टी चाहती है। टिकट नहीं दिए जाने के संकेत के बाद शेट्टार ने कहा था कि पिछले छह चुनावों में मैं 21,000 से अधिक मतों के अंतर से निर्वाचित हुआ। मेरा माइनस पॉइंट क्या हैं?
यह भी पढ़ें:
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.